क्या आप मांस-मछली से रहते हैं दूर? ये 5 फल वेजिटेरियन वालों को देंगे प्रोटीन!
Last Updated:
प्रोटीन का नाम आते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में अंडा, मांस, मछली और दालें आती हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ फल भी शरीर को अच्छी-खासी प्रोटीन दे सकते हैं. खास बात यह है कि इन फलों में सिर्फ प्रोटीन ही नहीं, बल्कि कई जरूरी विटामिन, मिनरल्स और फाइबर भी मौजूद होते हैं.
ज्यादातर लोग मानते हैं कि प्रोटीन सिर्फ मांस, मछली, अंडे या दालों से मिलता है, लेकिन कुछ फल भी इस मामले में पीछे नहीं हैं. अगर आप अपनी डाइट को हेल्दी बनाना चाहते हैं तो ऐसे फलों को जरूर शामिल करें. इनमें प्रोटीन के साथ फाइबर, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट भी भरपूर मात्रा में मिलते हैं. खास बात यह है कि ये फल शरीर को ऊर्जा देने के साथ पाचन और इम्यूनिटी को भी मजबूत बनाने में मदद करते हैं. आइए जानते हैं ऐसे 5 फलों के बारे में जो प्रोटीन के अच्छे स्रोत माने जाते हैं.

आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मोहम्मद इकबाल के मुताबिक, एवोकाडो को दुनिया के सबसे पौष्टिक फलों में गिना जाता है. एक मध्यम आकार के एवोकाडो में करीब 4 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है. इसके अलावा इसमें हेल्दी फैट, फाइबर और कई जरूरी विटामिन मौजूद होते हैं. यह दिल की सेहत के लिए भी काफी अच्छा माना जाता है. जो लोग वजन कंट्रोल करना चाहते हैं, उनके लिए भी यह फल फायदेमंद साबित हो सकता है. एवोकाडो खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है और बार-बार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है.

अंगूर स्वाद में जितना मजेदार होता है, सेहत के लिए भी उतना ही फायदेमंद माना जाता है. एक बड़े अंगूर में करीब 2 ग्राम प्रोटीन मिल सकता है. इसके साथ ही इसमें विटामिन सी, फाइबर और पोटेशियम भी भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं. गर्मियों में यह शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है, इसलिए अंगूर का नियमित सेवन इम्यूनिटी मजबूत करने और पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में भी सहायक माना जाता है. इसलिए इसे अपनी रोजाना की डाइट में शामिल किया जा सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कटहल का नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है, लेकिन स्वाद के साथ यह पोषण का भी खजाना है. करीब 165 ग्राम कटहल में लगभग 2.6 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है. इसमें फाइबर, विटामिन बी6, पोटेशियम और विटामिन सी भी मौजूद होते हैं. यही वजह है कि कई लोग इसे शाकाहारी मांस भी कहते हैं. कटहल शरीर को ऊर्जा देने के साथ पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है. इसकी सब्जी और फल दोनों रूपों में खूब पसंद किया जाता है.

कीवी देखने में छोटा जरूर होता है, लेकिन इसके फायदे काफी बड़े हैं. दो कीवी में करीब 2 ग्राम प्रोटीन और अच्छी मात्रा में फाइबर मिलता है. यह फल विटामिन सी का बेहतरीन स्रोत माना जाता है. कीवी खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है. इसके अलावा यह पाचन को दुरुस्त रखने और हड्डियों को मजबूत बनाने में भी मदद करता है. जो लोग हेल्दी स्नैक की तलाश में हैं, उनके लिए कीवी एक शानदार विकल्प साबित हो सकता है.

पैशन फ्रूट का नाम भले ही कम लोगों ने सुना हो, लेकिन पोषण के मामले में यह काफी दमदार फल है. करीब 230 ग्राम पैशन फ्रूट में 5 ग्राम से ज्यादा प्रोटीन पाया जाता है. इसके अलावा इसमें आयरन, मैग्नीशियम, पोटेशियम और विटामिन ए-सी भी भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं. यह शरीर की कई जरूरी जरूरतों को पूरा करने में मदद करता है. जो लोग नई और हेल्दी चीजें खाने के शौकीन हैं, वे अपनी डाइट में पैशन फ्रूट को शामिल कर सकते हैं.

इन सभी फलों की खास बात सिर्फ प्रोटीन नहीं है. इनमें भरपूर मात्रा में फाइबर, विटामिन और मिनरल्स भी पाए जाते हैं. यही वजह है कि ये फल शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं. फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है, जबकि विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट शरीर को बीमारियों से लड़ने की ताकत देते हैं. अगर रोजाना के खाने में इन फलों को शामिल किया जाए, तो शरीर को संतुलित पोषण मिल सकता है, इसलिए इन्हें सुपरफूड कहना गलत नहीं होगा.

आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मोहम्मद इकबाल ने बताया कि हालांकि ये फल प्रोटीन देते है. शरीर की जरूरत के हिसाब से पर्याप्त प्रोटीन पाने के लिए संतुलित आहार जरूरी है. फलों को सपोर्टिंग प्रोटीन स्रोत के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है. इनके जरिए शरीर को अतिरिक्त पोषण, फाइबर और जरूरी विटामिन मिलते हैं, इसलिए बेहतर होगा कि आप इन फलों को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं, लेकिन मुख्य प्रोटीन स्रोतों को नजरअंदाज न करें.