फिरोजाबाद के चूड़ी बाजार में बोरोशिल कंगनों की धूम, गिर जाएं तो भी नहीं टूटते, जानें कीमत
Last Updated:
Latest Bangle Designs for Sawan: सावन के पवित्र महीने की शुरुआत से पहले सुहाग नगरी फिरोजाबाद के चूड़ी बाजार में रौनक बढ़ गई है. इस बार महिलाओं के बीच बोरोशिल कांच के कंगन बेहद ट्रेंड में हैं, जो अपनी मजबूती, हल्के वजन और खूबसूरत डिजाइनों की वजह से पहली पसंद बने हुए हैं. खास बात यह है कि हाथ से छूटकर गिरने पर भी ये कंगन जल्दी टूटते नहीं हैं. फिरोजाबाद की मशहूर गली बोहरान में मात्र 60 रुपये की शुरुआती कीमत पर मिलने वाले इन कंगनों की भारी डिमांड देखी जा रही है.
फिरोजाबाद: कांच की नगरी के नाम से मशहूर फिरोजाबाद का चूड़ी बाजार इन दिनों पूरी तरह सावन के रंग में रंगने लगा है. सावन के महीने को ध्यान में रखते हुए बाजार में चूड़ियों और कंगनों की ढेरों नई डिजाइन आ चुकी हैं. इस बार ट्रेडिशनल कांच की चूड़ियों के साथ-साथ ‘बोरोशिल कांच के कंगन’ महिलाओं के बीच जबरदस्त धूम मचा रहे हैं. इन कंगनों की नई और फैंसी डिजाइन महिलाओं को अपनी तरफ काफी आकर्षित कर रही हैं. बेहद हल्के होने की वजह से इन्हें पहनना काफी आसान है और आजकल की महिलाएं अपनी साड़ियों और सूट की मैचिंग के हिसाब से इन्हें खूब पसंद कर रही हैं.
फिरोजाबाद के मशहूर चूड़ी मार्केट गली बोहरान में भोले शंकर बैंगल स्टोर के संचालक और चूड़ी व्यापारी शिवांग गुप्ता ने बताया कि पिछले कुछ समय से कंगनों का सीजन थोड़ा धीमा चल रहा था, लेकिन अब सावन का महीना नजदीक आते ही बाजार में अचानक तेजी आ गई है. वैसे तो सावन के महीने में पारंपरिक रूप से कांच की हरी चूड़ियों की सबसे ज्यादा बिक्री होती है, लेकिन इस बार हरी चूड़ियों के साथ बोरोशिल कांच के कंगन भी खूब खरीदे जा रहे हैं.
इन कंगनों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये आम कांच की तरह हाथ से गिरकर जल्दी चटकते या टूटते नहीं हैं. मजबूत और आरामदायक होने के कारण महिलाएं इन्हें रोजमर्रा में घर पर पहनने के साथ-साथ शादी-पार्टी जैसे खास मौकों पर भी हाथ के सेट में मिलाकर पहन रही हैं.
चूड़ी व्यापारियों का कहना है कि महिलाओं में चूड़ियों और कंगनों का फैशन कभी पुराना नहीं होता, बस हर सीजन में कुछ नया ट्रेंड आ जाता है. इस बार का ट्रेंड बोरोशिल के नए कंगन हैं, जो दिखने में जितने खूबसूरत हैं, कीमत में उतने ही बजट फ्रेंडली भी हैं.
फिरोजाबाद के थोक और रिटेल बाजार में इन बोरोशिल कंगनों की शुरुआती कीमत महज 60 रुपये प्रति जोड़ा है. इसके बाद फैंसी और हेवी वर्क वाली डिजाइनों के आधार पर ये कंगन 300 रुपये से लेकर 400 रुपये तक के रेंज में उपलब्ध हैं. सावन और आगे आने वाले त्योहारों को देखते हुए दुकानदारों के पास अभी से इन कंगनों के एडवांस ऑर्डर भी मिलने शुरू हो गए हैं.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें