लखनऊ में बड़ा हादसा: मोहर्रम जुलूस देख रहे थे लोग, अचानक ढहा छज्जा, 2 बच्चों की गई जान
Last Updated:
Lucknow Chhajja Collapse: लखनऊ में मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया. मकान का छज्जा गिरने से 12 वर्षीय दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
लखनऊ में बड़ा हादसा.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक बहुत बड़ा हादसा हो गया. यहां के इटौंजा थाना क्षेत्र के महोना कस्बे में शुक्रवार को मोहर्रम के जुलूस के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. जुलूस देखने के लिए मकान के छज्जे और छत पर खड़े लोगों के नीचे अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया. इस हादसे में 12 वर्षीय अरमान और 12 वर्षीय अली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया.
शरबत बांट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, महोना निवासी मुश्ताक अपने घर के बाहर मोहर्रम के जुलूस में शामिल लोगों को शरबत बांट रहे थे. वहीं, उनके परिवार के कई सदस्य और आसपास के लोग छत और छज्जे पर खड़े होकर जुलूस देख रहे थे. इसी दौरान अचानक मकान का छज्जा टूटकर नीचे गिर पड़ा. मलबे के नीचे कई लोग दब गए.
8 लोगों का इलाज
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. पुलिस और प्रशासन की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया. डॉक्टरों ने दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया, जबकि आठ घायलों का इलाज जारी है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. कुछ ही सेकंड में खुशियों और श्रद्धा का माहौल चीख-पुकार में बदल गया. बच्चों की मौत की खबर से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि छज्जा किस वजह से गिरा. शुरुआती आशंका है कि छज्जे पर जरूरत से ज्यादा लोग खड़े होने के कारण यह हादसा हुआ.
About the Author

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें