मुझे भाजपा मुक्त राम और हिंदुत्व चाहिए, मंदिर चढ़ावा मामले पर गुस्से में उद्धव ठाकरे

0
मुझे भाजपा मुक्त राम और हिंदुत्व चाहिए, मंदिर चढ़ावा मामले पर गुस्से में उद्धव ठाकरे


Last Updated:

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा उठाकर उद्धव ठाकरे ने भाजपा को सीधे कठघरे में खड़ा किया और सवाल किया कि अगर रामलला का मंदिर भी सुरक्षित नहीं है तो काशी और मथुरा जैसे धार्मिक स्थलों का भविष्य क्या होगा? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने भगवान राम और हिंदुत्व को आस्था नहीं, बल्कि राजनीतिक हथियार बना दिया है.

Zoom

राम मंदिर में दान चोरी को लेकर उद्धव ठाकरे ने बीजेपी पर निशाना साधा.

मुंबई. शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हिंदुत्व और भगवान राम के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें “भाजपा मुक्त हिंदुत्व” और “भाजपा मुक्त राम” चाहिए. उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी की घटना का जिक्र करते हुए कहा, “अयोध्या में यह सिर्फ झांकी है तो आगे काशी और मथुरा का क्या होगा? अगर राम मंदिर में चोरी हो सकती है तो यह बेहद गंभीर मामला है.”

उद्धव ठाकरे ने कहा, “आज मुझे भाजपा मुक्त हिंदुत्व चाहिए. मुझे भाजपा मुक्त राम चाहिए. भाजपा हिंदुओं और राम भक्तों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक फायदे के लिए कर रही है. अब हिंदू जाग जाएं और उन्हें बता दें कि असली राम भक्त कौन हैं.” उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में मंदिरों में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे हिंदुओं और संत समाज का अपमान हो रहा है.

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय में देश के कई प्रमुख मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं. उन्होंने कहा, “दो साल पहले केदारनाथ मंदिर में चोरी हुई. अब बद्रीनाथ से भी ऐसी खबरें आ रही हैं. मध्य प्रदेश के उज्जैन से भी चोरी की घटनाओं की जानकारी मिली है. आखिर हर मंदिर में चोरी क्यों हो रही है?”

उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से हिंदू समाज और संतों का अपमान हो रहा है. “संत-महात्मा कह रहे हैं कि राम मंदिर में दर्शन के लिए जाने पर उनकी धोती तक की जांच की जाती है. यह बेहद शर्मनाक है. ऐसा माहौल बना दिया गया है कि जैसे मंदिरों में बैठे सभी लोग चोर हों.” उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर उनकी पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा, “आज उन्होंने हमारा चुनाव चिह्न छीन लिया, हमारी पार्टी छीन ली और हमारे नेताओं को भी तोड़ दिया, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि सभी हिंदू और राम भक्त हमारे साथ हैं.”

उन्होंने कहा कि उन पर हिंदुत्व छोड़ने का आरोप लगाया जाता रहा है, लेकिन अब सवाल यह है कि “जो लोग हमें हिंदुत्व छोड़ने का आरोप लगाते थे, वे आज कहां हैं? भाजपा और महायुति सरकार हिंदुत्व की रक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है.” उद्धव ठाकरे ने हिंदुओं से अपील करते हुए कहा कि वे जागरूक हों और राजनीतिक स्वार्थ के लिए उनका इस्तेमाल करने वालों को जवाब दें. उन्होंने कहा, “अब हिंदू माफ नहीं करेगा. बहुत हो गया. अब समय आ गया है कि ऐसे लोगों को उनकी जगह दिखाई जाए.”

About the Author

authorimg

Rakesh Ranjan Kumar

राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *