पति विदेश में, बेटियों संग अकेली रहती है महिला, देवर पर लगाए छेड़खानी के आरोप
Last Updated:
UP Viral Video: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज दो महिलाओं की लड़ाई की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस लड़ाई के तह तक जाने के बाद सच्चाई रूह कंपाने वाली है. 44 सेकंड के इस वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं मिलकर एक अकेली महिला को बुरी तरह पीटती और गालियां देती नजर आ रही हैं. यह पूरा विवाद छेड़छाड़ की एक शिकायत और जमीनी रंजिश से जुड़ा है. पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
देवर की छेड़खानी और जमीन विवाद पर आपस में भिड़ीं महिलाएं.
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से महिलाओं के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है. मऊआइमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले किराव गांव में महिलाओं के दो गुट आपस में इस कदर भिड़ गए कि बीच सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले. 44 सेकंड के इस वीडियो में एक महिला को कुछ अन्य महिलाएं मिलकर बुरी तरह पीट रही हैं और अंत में उसके चरित्र पर सवाल उठाते हुए भद्दी गालियां भी दे रही हैं.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह मारपीट जमीनी विवाद और छेड़छाड़ की एक शिकायत से जुड़ी बताई जा रही है. इस घटना को लेकर दोनों पक्षों ने मऊआइमा थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर (शिकायत) दी है.
देवर छेड़खानी करते हैं
किराव गांव की रहने वाली 35 वर्षीय पीड़िता अफसाना बानो ने अपनी शिकायत में गांव के ही आदिल और जीशान अली के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. अफसाना का कहना है कि उसका पति काम के सिलसिले में विदेश में रहता है और वह अपनी दो नाबालिग बच्चियों के साथ गांव में अकेली रहती है.
दीवार फांदकर घर में घुसे
अफसाना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि गांव के जाहिद अली, मोहम्मद आदिल और जीशान अली अक्सर उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करते हैं. पीड़िता का आरोप है कि 20 जून की रात करीब 10 बजे ये तीनों आरोपी दीवार फांदकर उसके घर में घुस आए. जब उन्होंने अश्लील हरकत करने की कोशिश की, तो पीड़िता ने शोर मचा दिया. इस पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले.
छेड़छाड़ की शिकायत के बाद हुई मारपीट
पीड़िता का यह भी आरोप है कि इसके बाद 1 जुलाई को आदिल और जीशान दोबारा दीवार फांदकर उसके घर में घुसे और फिर से वैसी ही हरकत करने की कोशिश की. शोर मचाने पर वे फिर से धमकी देते हुए फरार हो गए. अफसाना ने इन सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
स्थानीय लोगों और सूत्रों की मानें तो अफसाना द्वारा थाने में यह तहरीर (शिकायत) दिए जाने के बाद ही आरोपियों के परिवार की महिलाएं भड़क गईं. इसी के चलते आरोपियों के परिवार की महिलाओं ने अफसाना को घेर लिया और उसके साथ यह मारपीट की गई. वीडियो में भी साफ सुना जा सकता है कि मारपीट के दौरान महिला के चरित्र को लेकर भद्दी गालियां दी जा रही हैं.
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें