न चंदा लिया, न हिम्मत हारी! 2012 के हादसे के बाद आजमगढ़ की जर्जर सड़कों का ‘मसीहा’ बन गया
Last Updated:
Azamgarh News: आम जनता को खराब सड़कों और जर्जर हालत से होने वाले एक्सीडेंट से बचाने और ग्रामीण इलाकों में आवागमन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आजमगढ़ का यह शख्स इन दिनों जनपद भर में पदयात्रा निकलते हुए जिम्मेदार अधिकारियों तक ज्ञापन और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए समस्याओं से अवगत कराते हुए लोगों में जागरूकता का अभियान भी चला रहे हैं
आजमगढ़. हर व्यक्ति के जीवन में कभी कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं, जिससे इंसान हमेशा के लिए बदल जाता है. आजमगढ़ में एक शख्स के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जिसके बाद से उन्होंने जर्जर सड़कों की मरम्मत का बेड़ा उठा लिया. पवई क्षेत्र के रहने वाले समाजसेवी राम अवतार गुप्ता पिछले एक दशक से आजमगढ़ जिले की खराब सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए पैदल यात्रा करते हुए सड़क मरम्मत की मुहिम छेड़ रखी है.
राम अवतार गुप्ता ने अपनी इस अनोखी मुहिम के पीछे की भावुक कहानी साझा की. उन्होंने बताया कि इस संघर्ष की शुरुआत साल 2012 में हुई थी. उस वक्त उनके सामने एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने उन्हें अंदर से झकझोर कर रख दिया. उन्होंने अपनी आंखों के सामने एक बुजुर्ग महिला को खराब सड़क के कारण घोड़ागाड़ी से गिरकर बुरी तरह घायल होते देखा. इस घटना में महिला लहूलुहान हो गई थी. आए दिन सड़कों की खस्ता हालत के कारण होने वाली मौतों और तबाह होते परिवारों को देखकर राम अवतार ने ठान लिया कि वह इन सड़कों को सुधारने के लिए सिस्टम के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे.
तस्वीरें खींचकर राष्ट्रपति और CM-PM तक भेजते हैं पत्र
राम अवतार गुप्ता का काम करने का तरीका भी बिल्कुल अलग है. वह अपनी इस मुहिम के लिए किसी से एक रुपये का भी चंदा या आर्थिक मदद नहीं लेते. सारा काम वह अपने निजी खर्च पर करते हैं. वह जर्जर सड़कों और हादसों वाली जगहों की तस्वीरें खींचकर देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, यूपी के मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री और जिलाधिकारी तक बकायदे भेजते हैं. पत्राचार के साथ-साथ वह सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों का भी भरपूर उपयोग कर रहे हैं.
50 करोड़ की सड़कों का हुआ कायाकल्प
उनकी इस निस्वार्थ मेहनत का बड़ा असर साल 2016 में देखने को मिला था. उनके लगातार भेजे गए पत्रों और शिकायतों का संज्ञान लेते हुए शासन ने लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से कई सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी थी. इसके तहत फैजाबाद-शाहगंज मार्ग पर बीलवाई से जौनपुर तक की सड़क का कायाकल्प हुआ, जिसका लाभ आज लाखों राहगीरों को मिल रहा है. जनसेवा के इसी जज्बे के साथ उन्होंने 2022 का विधानसभा चुनाव भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ा था. आज उनकी यह पदयात्रा और जागरूकता मुहिम पूरे जिले के लिए एक मिसाल बन चुकी है.
किसी प्रकार का चंदा-सहयोग नहीं
आजमगढ़ जनपद मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर की दूर पवई क्षेत्र में रहने वाले राम अवतार गुप्ता के द्वारा चलाई जाने वाले इस अभियान में वह किसी से भी किसी प्रकार का कोई आर्थिक चंदा या सहयोग नहीं लेते हैं उन्होंने बताया कि इस काम को पूरी तरह से अपने निजी खर्चों पर करते हैं और पत्राचार के अलावा सोशल मीडिया के माध्यमों से भी अपनी आवाज जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने का काम करते हैं.
About the Author
Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …
और पढ़ें