Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में गड्ढे ने ली एक और जान, 6 साल के मासूम की डूबकर मौत
Last Updated:
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एक औक लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं. नॉलेज पार्क स्थित कलाधाम सोसाइटी के पास प्राधिकरण द्वारा खोदे गए 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य के 6 वर्षीय बेटे अव्यान की दर्दनाक मौत हो गई. गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ था और वहां कोई सुरक्षा घेरा नहीं था.
कुलधाम सोसाइटी में एक 6 साल की बच्चे की मौत
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में विकास के नाम पर खोदे जा रहे मौत के गड्ढे लगातार मासूमों की जान ले रहे हैं. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एक बड़ी लापरवाही के चलते शनिवार को एक 6 साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई. नॉलेज पार्क क्षेत्र की कलाधाम सोसाइटी के पास बोरिंग के लिए खोदे गए 15 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में डूबने से यह हादसा हुआ. इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
नॉलेज पार्क-2 थाना क्षेत्र स्थित कलाधाम सोसाइटी में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की घोर लापरवाही के चलते एक 6 वर्षीय मासूम की मौत हो गई. 25 जुलाई की शाम को सोसाइटी के पास खेल रहा 6 साल का अव्यान सूर्या अचानक एक खुले गड्ढे में गिर गया. यह 10 से 15 फीट गहरा गड्ढा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा खोदा गया था, जो बारिश के पानी से लबालब भरा हुआ था. बता दें कि बच्चे के पिता सीवन यादव पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में वाइस प्रिसिंपल हैं.
परिजनों ने बच्चे को गड्ढे से बाहर निकालकर आनन-फानन में अस्पताल ले गए. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, नॉलेज पार्क थाना पुलिस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिजनों (वादी) की तहरीर के आधार पर मुकदमा (अभियोग) दर्ज कर लिया गया है और इस घोर लापरवाही के मामले में आगे की सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.
चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग
अव्यान को पानी में गिरता देख उसके साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े. स्थानीय लोगों ने भारी मशक्कत के बाद बच्चे को गहरे गड्ढे से बाहर निकाला और आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले गए. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी; डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया. नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की लिखित तहरीर पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
न बैरिकेडिंग, न चेतावनी बोर्ड: प्राधिकरण की लापरवाही
इस दर्दनाक मौत के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि प्राधिकरण ने कई दिन पहले बोरिंग के लिए यह गड्ढा खोदा था. सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि 15 फीट गहरे इस गड्ढे के चारों ओर न तो कोई बैरिकेडिंग की गई थी और न ही खतरे का कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था. लोगों का साफ कहना है कि अगर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, तो आज इस मासूम की जान नहीं जाती.
युवराज मेहता हादसे से भी नहीं लिया कोई सबक
इस हृदयविदारक घटना ने कुछ समय पहले ग्रेटर नोएडा में ही हुए ‘युवराज मेहता हादसे’ के जख्म हरे कर दिए हैं. युवराज की भी बेसमेंट के लिए खोदे गए पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी. उस हादसे के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने लंबे-चौड़े दावे किए थे कि शहर भर में खुले गड्ढों की पहचान कर उनकी बैरिकेडिंग कराई जाएगी. लेकिन कलाधाम सोसाइटी के पास हुए इस नए हादसे ने साबित कर दिया है कि प्राधिकरण ने पिछली मौतों से कोई सबक नहीं लिया और उसके सुरक्षा के दावे पूरी तरह खोखले हैं.
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …
और पढ़ें