UP में 60 घंटों के बाद मूसलाधार बारिश, आसमान से गायब हुए बादल, टेंशन में IMD
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मानसून ने मायूस कर दिया है. आसमान में बादलों की लुकाछिपी जारी है. मौसम विभाग ने बताया कि 31 जुलाई को किसी प्रकार की अलर्ट नहीं हैं. हालांकि, खुशखबरी की बात ये है कि 2 से 5 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. हालांकि, मौसम विभाग ने ये भी बताया कि अगले कुछ घंटों में मौसम खराब हो सकता है.
आईएमडी ने जारी चेतावनी में बताया है कि यूपी के 43 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है. इनमें राजधानी लखनऊ, कानपुर नगर, आगरा, गोरखपुर, अयोध्या, देवरिया, जौनपुर, बलिया, रायबरेली, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच और बिजनौर जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं. इन इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
वाराणसी में डरा रही गंगा, घाटों के 60 मंदिर डूबे
शहरों के हाल की बात करें तो, वाराणसी में सुबह से ही रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है. यहां 24 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं. सबसे बड़ी चिंता गंगा नदी का बढ़ता जलस्तर है. गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़कर 61.84 मीटर तक पहुंच गया है, जिसके कारण घाटों के किनारे स्थित लगभग 60 छोटे मंदिर पूरी तरह से पानी में डूब गए हैं. उधर, गोरखपुर में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं. गाजियाबाद में सुबह से बादल छाए हुए हैं, जबकि कानपुर में भी घने बादलों के बीच गरज-चमक के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं.
2 अगस्त से मूसलाधार बारिश
वर्तमान में बारिश का दौर भले ही हल्का हो, लेकिन असली खतरा 60 घंटों के बाद आने वाला है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 से 5 अगस्त के बीच और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 से 5 अगस्त के बीच भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का भीषण दौर शुरू होगा. हवाओं की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इस मूसलाधार बारिश के अलर्ट ने खुद IMD और प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया है.
यूपी के अलावा देश कई राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है.
31 जुलाई को पूरे देश का मौसम कैसा रहेगा?
अगर पूरे देश की बात करें तो 31 जुलाई का दिन कई राज्यों के लिए भारी बारिश होने वाला है. मौसम विभाग की ताजा बुलेटिन के अनुसार कई राज्यों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है.
रेड/ऑरेंज अलर्ट: गुजरात राज्य और मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी है.
भारी से बहुत भारी बारिश: अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, कर्नाटक, केरल, कोंकण-गोवा, पंजाब और पश्चिमी मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश होगी.
भारी बारिश: असम, मेघालय, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, और पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश की प्रबल संभावना है.
तेज हवाएं: इसके अलावा अंडमान-निकोबार, आंध्र प्रदेश, झारखंड और तेलंगाना में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ तूफान आने की आशंका जताई गई है.