सुबह अयोध्या पहुंचने वाली है नई SIT, आखिर रात में SBI क्यों पहुंचे कृष्ण मोहन?
Last Updated:
Ram Mandir Daan Chori: अयोध्या के प्रसिद्ध राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के बीच एक नया और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. राम मंदिर ट्रस्ट के कार्यकारी महासचिव कृष्ण मोहन देर रात अयोध्या स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा पहुंचे. वहां उन्होंने बैंक लॉकर में जमा सोने-चांदी सहित अन्य कीमती धातुओं और लेजर का गहन अवलोकन किया. ट्रस्ट के फोटोग्राफर के साथ पहुंचे कृष्ण मोहन ने बैंक में रखी कीमती धातुओं की लिस्ट तैयार कराई और फोटोग्राफी करवाई.
नई एसआईटी की टीम पहुंचने से पहले देर रात एसबीआई बैंक पहुंचे नए अंतरिम महासचिव.
Ram Mandir Daan Chori Latest Update: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. इस बीच, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गठित नई एसआईटी टीम के मंगलवार सुबह अयोध्या पहुंचने वाली है. इससे ठीक पहले प्रशासनिक व धार्मिक हलचल तेज हो गई है. इसी बीच राम मंदिर ट्रस्ट के कार्यकारी महासचिव कृष्ण मोहन देर रात स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की अयोध्या शाखा पहुंचे, जहां वे घंटों मौजूद रहे और कई अहम दस्तावेजों व संपत्तियों की जांच की.
पिछले तीन दिनों से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अयोध्या शाखा में इस प्रक्रिया को लेकर गहमागहमी का माहौल है. जानकारी के अनुसार, कार्यकारी महासचिव कृष्ण मोहन राम मंदिर ट्रस्ट के आधिकारिक फोटोग्राफर को अपने साथ लेकर बैंक पहुंचे थे. वहां उन्होंने बैंक के सुरक्षित लॉकरों में रखे गए लाखों-करोड़ों रुपये मूल्य के सोने, चांदी और अन्य कीमती धातुओं के साथ-साथ लेजर (खाता-बही) का बारीकी से निरीक्षण किया. इसके बाद लॉकर में जमा तमाम कीमती धातुओं की विस्तृत सूची (इन्वेंट्री) तैयार कराई गई और उनकी फोटोग्राफी भी कराई गई.
नई SIT की एंट्री से पहले अलर्ट मोड पर ट्रस्ट
गौरतलब है कि राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद सुप्रीम कोर्ट के कड़े निर्देशों के आधार पर एक नई एसआईटी (SIT) टीम का गठन किया गया है, जिसके कल तक अयोध्या पहुंचने की पूरी संभावना जताई जा रही है. माना जा रहा है कि एसआईटी की टीम अयोध्या पहुंचते ही चढ़ावे और बैंक रिकॉर्ड्स का मिलान कर सकती है. ऐसे में जांच एजेंसी के आने से ठीक पहले ट्रस्ट द्वारा बैंक में जमा सभी कीमती धातुओं की फोटोग्राफी और लिस्टिंग कराना बेहद अहम माना जा रहा है.
मीडिया के सवाल पर साधी चुप्पी
हालांकि, जब देर रात बैंक में मौजूद राम मंदिर ट्रस्ट के कार्यकारी महासचिव कृष्ण मोहन से मीडियाकर्मियों ने बैंक आने के पीछे का कारण पूछा, तो उन्होंने इसका कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया. राम मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा, ‘आइए आप लोग दर्शन कीजिए और खुद अवलोकन करिए, अगर कोई कमी हो तो हमें बताइए.’
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें