‘एक साल से नहीं निकला नाली का पानी’, फिरोजाबाद के वार्ड 27 में हालात इतने खराब
Last Updated:
Firozabad Ground Report : फिरोजाबाद में एक तरफ नगर निगम विकास के लिए करोड़ों रुपये फूंक कर रहा है, दूसरी ओर वार्ड 27 में लोग अपनी समस्याओं को लेकर निगम के चक्कर काट रहे हैं. . यहां कई महीनों से गलियों में जलभराव हो रहा है. गंदगी की वजह से लोग बाहर निकल नहीं पा रहे हैं. बीमारियां फैल रही हैं. बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत है. लोकल 18 से गली नंबर 1 में रहने वाली सत्यवती कहती हैं कि उनके यहां गंदगी का अंबार है. नगर निगम के सफाईकर्मी भी इस गली में नहीं आ रहे हैं. नालियां गंदगी से चोक हो गई हैं. वार्ड के पार्षद भी किसी की नहीं सुनते हैं. लोग समस्या को लेकर कहां जाएं.
फिरोजाबाद. यूपी के फिरोजाबाद में नगर निगम बनने के बाद से शहर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं. जहां एक तरफ निगम विकास के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है, दूसरी तरफ वार्ड में लोग अपनी समस्याओं को लेकर निगम के चक्कर काट रहे हैं. निगम के वार्डों में गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है. ऐसा ही एक मामला वार्ड नंबर 27 में देखने को मिला. यहां कई महीनों से गलियों में जलभराव हो रहा है. गंदगी की वजह से लोग बाहर निकल नहीं पा रहे हैं. वार्ड में गंदगी की वजह से बीमारियां भी फैल रही हैं. लोगों ने इसे लेकर कई बार निगम से शिकायत भी की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई.
अंदर की गलियों ये समस्या
वार्ड नंबर 27 के मोहल्ला मालवीय नगर में कई महीनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है. लोकल 18 से गली नंबर 1 में रहने वाली सत्यवती कहती हैं कि उनके यहां गंदगी का अंबार है. जुलाई में इस मोहल्ले की गली का निर्माण लाखों खर्च करके किया गया, लेकिन अंदर की गलियों को नीचा कर दिया गया, जिससे जलभराव हो रहा है. बारिश के दौरान गलियों में गंदा पानी भर जाता है, जो घरों तक पहुंच जाता है. बाहर निकलने में दिक्कत होती है. दूसरी महिला ने कहा कि उनकी गली में पिछले एक साल से पानी का निकास नहीं हो रहा है. नगर निगम के सफाईकर्मी भी इस गली में नहीं आ रहे हैं, जिससे नालियां गंदगी से चोक हो गई हैं. बारिश में पानी भर जाने से रास्ता भी बंद हो जाता है. दूसरे व्यक्ति ने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होने कई बार मेयर कामिनी राठौर से शिकायत की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है. वार्ड के पार्षद भी किसी की नहीं सुनते हैं. मोहल्लेवासी अपनी समस्या को लेकर कहां जाएं.
कैसे बनेंगे स्वच्छता में नंबर वन?
मालवीय नगर में रहने वाली सीमा ने कहा कि नगर निगम की ओर से इस गली का निर्माण कार्य कराया गया है. गली को पक्का बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए गए हैं, लेकिन यहां के हालात वैसे ही हैं. अंदर बने मकानों की गलियों को नीचे कर दिया गया है, जिससे बारिश होने पर पानी भर जाता है. सीमा के मुताबिक, निगम की मेयर कहती हैं कि हम शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाएंगे, लेकिन कभी इस वार्ड में झांकने नहीं आईं. यहां गलियों में पानी भरने से डेंगू-मलेरिया फैल रहे हैं. छोटे-छोटे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं. कई बार लोग गिरकर घायल हो चुके हैं, लेकिन हमारी सुनने वाला कोई नहीं है.
About the Author
प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…
और पढ़ें