UPPSC PCS में बड़ा बदलाव: अब ऑनलाइन होगी मेंस कॉपियों की जांच
Last Updated:
UPPSC PCS Mains 2026: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने लाखों अभ्यर्थियों के लिए दो बड़ी घोषणाएं की हैं. अब PCS मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच पूरी तरह ऑनलाइन होगी और हर प्रश्न का मूल्यांकन अलग-अलग विशेषज्ञ करेंगे. वहीं लंबे समय से इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए RO-ARO भर्ती 2026 का विज्ञापन भी इसी महीने जारी होने की संभावना है. इसके अलावा आयोग ने सीधी भर्ती की चयन प्रक्रिया में भी बड़ा बदलाव किया है.
,UPPSC Recruitment 2026, UPPSC PCS Mains 2026: यूपीपीएससी पीसीएस परीक्षा में बदलाव.
UPPSC PCS Mains 2026: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है. अब पीसीएस मुख्य परीक्षा (PCS Mains) की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा. आयोग का कहना है कि इस नई व्यवस्था से मूल्यांकन अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण होगा. इसके साथ ही लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर यह भी है कि RO-ARO भर्ती 2026 का विज्ञापन अगस्त के अंतिम सप्ताह में जारी किया जा सकता है. इसके अलावा आयोग ने सीधी भर्तियों की चयन प्रक्रिया में भी बदलाव कर दिए हैं.
PCS मेंस की कॉपियों का होगा ऑनलाइन मूल्यांकन
अब तक पीसीएस मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पारंपरिक तरीके से किया जाता था, लेकिन अब आयोग इसे पूरी तरह डिजिटल बनाने जा रहा है. नई व्यवस्था के तहत किसी भी परीक्षक को पूरी उत्तरपुस्तिका नहीं दी जाएगी. इसके बजाय हर विशेषज्ञ केवल एक निश्चित प्रश्न का मूल्यांकन करेगा.उदाहरण के तौर पर यदि कोई विशेषज्ञ किसी विषय के पहले प्रश्न का मूल्यांकन करेगा तो वह उसी विषय के सभी अभ्यर्थियों के पहले प्रश्न की जांच करेगा. इससे सभी अभ्यर्थियों का मूल्यांकन एक समान मानकों पर होगा और अलग-अलग परीक्षकों की वजह से अंक देने में होने वाला अंतर कम होगा.
विशेषज्ञों को मिलेगा मॉडल उत्तर
ऑनलाइन मूल्यांकन प्रणाली में उत्तरपुस्तिकाओं की डिजिटल कॉपी विशेषज्ञों को पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी. इसके साथ ही संबंधित प्रश्न का संभावित उत्तर (मॉडल आंसर) भी दिया जाएगा, ताकि सभी परीक्षक एक ही मानक के आधार पर मूल्यांकन करें.आयोग का मानना है कि इससे उत्तरपुस्तिकाओं की जांच अधिक सटीक होगी और अभ्यर्थियों को निष्पक्ष मूल्यांकन का लाभ मिलेगा.
RO-ARO भर्ती का विज्ञापन जल्द
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की बहुप्रतीक्षित समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) भर्ती 2026 का इंतजार भी जल्द खत्म हो सकता है. आयोग अगस्त के अंतिम सप्ताह में इसका विज्ञापन जारी करने की तैयारी कर रहा है.इस बार एआरओ के पदों की संख्या पहले की तुलना में अधिक रहने की संभावना है. हाल ही में करीब 350 सहायक समीक्षा अधिकारियों को पदोन्नति देकर समीक्षा अधिकारी बनाया गया है जिससे बड़ी संख्या में एआरओ के पद खाली हुए हैं. इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों से नए रिक्त पदों का प्रस्ताव भी आयोग को मिलने की उम्मीद है. ऐसे में लगभग 500 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना जताई जा रही है.
सीधी भर्ती की चयन प्रक्रिया भी बदल गई
यूपीपीएससी ने अपनी सभी सीधी भर्तियों के लिए’लोक सेवा आयोग सीधी भर्ती (स्क्रीनिंग) 2025 नियमावली’लागू कर दी है. नई व्यवस्था के तहत अब चयन प्रक्रिया कुल 500 अंकों की होगी.इसमें लिखित परीक्षा 450 अंकों की होगी, जिसमें प्रत्येक प्रश्न तीन अंक का रहेगा. इसके बाद 50 अंकों का इंटरव्यू होगा.अंतिम मेरिट तैयार करते समय लिखित परीक्षा के अंकों को 75 प्रतिशत और इंटरव्यू के अंकों को 25 प्रतिशत वेटेज देकर अंतिम चयन सूची बनाई जाएगी.आयोग का कहना है कि इससे केवल लिखित परीक्षा ही नहीं बल्कि अभ्यर्थियों के व्यक्तित्व और संवाद क्षमता का भी संतुलित मूल्यांकन हो सकेगा.
आयोग में कर्मचारियों की कमी बनी चुनौती
भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार बढ़ते काम के बीच यूपीपीएससी को कर्मचारियों की कमी का भी सामना करना पड़ रहा है. फिलहाल आयोग में लगभग 250 कर्मचारी कार्यरत हैं जबकि समय पर सभी परीक्षाओं और भर्तियों का संचालन करने के लिए लगभग दोगुने कर्मचारियों की जरूरत महसूस की जा रही है.तुलना करें तो संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में करीब 2500 कर्मचारी कार्यरत हैं.अधिक स्टाफ होने की वजह से वहां परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं का संचालन अपेक्षाकृत अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जाता है.
अभ्यर्थियों के लिए क्यों है यह बदलाव अहम?
पीसीएस मेंस की ऑनलाइन कॉपी जांच व्यवस्था लागू होने से मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और एकरूप होने की उम्मीद है. वहीं RO-ARO भर्ती का नोटिफिकेशन आने से हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार भी खत्म होगा. नई चयन प्रणाली और डिजिटल मूल्यांकन के जरिए आयोग भर्ती प्रक्रिया को अधिक भरोसेमंद और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहा है.
About the Author

वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी (Network18 Digital)में असिस्टेंट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. पिछले 16 वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इस दौरान प्रिंट, डिजिटल और टेलीविजन मीडिया में काम कर…
और पढ़ें