35 साल से अंधेरे में जी रहा 10 परिवार, जंगल के बीच ऐसे गुजर रही जिंदगी
Last Updated:
Lakhimpur News: लखीमपुर जिले के गांव रुद्रपुर में कई परिवार अब तक बिजली से वंचित हैं. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कनेक्शन और विद्युत व्यवस्था के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से लेकर जनपद स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है.
लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रुद्रपुर गांव के समीप पिछले करीब 35 वर्षों से रह रहे 10 परिवारों के करीब 60 लोग आज भी बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं. आजादी के दशकों बाद भी इन परिवारों के घरों में रोशनी नहीं पहुंच सकी है. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कनेक्शन और विद्युत व्यवस्था के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से लेकर जनपद स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है.
बिजली नहीं होने के कारण इन परिवारों को रोजमर्रा के कामों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. शाम होते ही इलाके में अंधेरा छा जाता है. बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है, वहीं महिलाओं और बुजुर्गों को भी रात के समय घर से बाहर निकलने में परेशानी होती है. ग्रामीणों के मुताबिक, मोबाइल चार्ज करने से लेकर अन्य जरूरी कामों के लिए भी उन्हें दूसरे स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है.
जंगली जानवरों की लगातार आवाजाही
रुद्रपुर गांव के समीप रहने वाले इन परिवारों की परेशानी सिर्फ बिजली तक सीमित नहीं है. बस्ती के आसपास जंगल होने के कारण यहां अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है. ग्राउंड जीरो पर पहुंची लोकल 18 की टीम ने ग्रामीणों से खास बातचीत की. बातचीत करते हुए आकाश कुमार बताते हैं कि करीब 30 वर्षों से अधिक समय बीत गया है, तब से अब तक लाइट की सुविधा नहीं मिल पाई है. लाइट की सुविधा न होने के कारण लाइट से चलने वाले उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं. वहीं बच्चों की पढ़ाई भी बाधित होती है. कई बार क्षेत्रीय विधायक से लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से भी कहा गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है.
कई दिक्कतों का करना पड़ता है सामना
दयाशंकर बताते हैं कि इसमें भीषण गर्मी हो रही है. ऐसे में जब हम लोग अपने खेतों से काम करके आते हैं, उसके बाद मात्र एक सहारा है, तो हाथ से चलने वाला पंखा जिससे हम लोग गर्मी से राहत पाए हैं. वही रात्रि के समय में अंधेरा रहता है. सोलर से हम लोग उजाला करते हैं, वहीं कई बार धूप ना निकल पाने के कारण लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो जाते हैं. पड़ोस में जंगल होने के कारण जंगली जानवर गांव के समीप आ जाते हैं, जिस कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
वंचित परिवारों को जल्द मिलेगी बिजली
ई अपर अभियंता रवि शंकर ने बताया कि ऐसे गांव और घर, जहां अभी तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंच सकी है, उन्हें जल्द ही विद्युत व्यवस्था से जोड़ा जाएगा. इसके लिए लेफ्ट आउट हाउस होल्ड (LOH) योजना के तहत चिन्हित परिवारों तक बिजली पहुंचाने की प्रक्रिया की जा रही है. उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य बिजली से वंचित परिवारों को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है. संबंधित क्षेत्रों में सर्वे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द काम शुरू कराया जाएगा. बिजली पहुंचने से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी और उन्हें रोशनी के साथ-साथ घरेलू उपकरणों के इस्तेमाल की सुविधा भी मिल सकेगी.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें