बीवी ने लड़की के प्रेमी संग मिलकर पति को दूध में जहर देकर पत्थर से कुचला

0
बीवी ने लड़की के प्रेमी संग मिलकर पति को दूध में जहर देकर पत्थर से कुचला


Last Updated:

उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपनी ही बेटी और उसके प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपियों ने पहले मनोज सोनी नाम के शख्स को दूध में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया और फिर पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. हत्या की वजह बेटी का प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है, जिसका पिता विरोध कर रहा था. पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी शव बरामद नहीं हो सका है.

Top Deals Inside

बीवी ने लड़की के प्रेमी संग मिलकर पति को दूध में जहर देकर पत्थर से कुचलाZoom

पत्नी ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी संग मिलकर पति को जहर देकर मार डाला.

मथुरा: मथुरा में मां ने अपनी बेटी और बेटी के ब्यॉफ्रेंड के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी. जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. आरोपियों ने पहले शख्स को नशीला पदार्थ पिलाया और फिर जब वह बेहोश हो गया तो पत्थर से कुचलकर उसे मौत की नींद सुला दिया. पुलिस के मुताबिक, यह मामला गोविंद नगर थाना क्षेत्र के राधा-कृष्ण वाटिका, जयसिंहपुरा इलाके का है. यहां रहने वाले रामबाबू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके 42 वर्षीय छोटे भाई मनोज सोनी की उसकी ही पत्नी नैना, छोटी बेटी भक्ति और उसके प्रेमी विमल चौधरी ने मिलकर हत्या कर दी है. शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले मनोज को दूध में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया. जब मनोज बेहोश हो गया, तो तीनों ने मिलकर भारी पत्थर से कुचलकर उसकी जान ले ली.

इस हत्याकांड के पीछे की वजह बेटी का अवैध प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है. मृतक के भाई रामबाबू ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मनोज ने अपनी छोटी बेटी को उसके प्रेमी विमल के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था. मनोज को अपनी बेटी और विमल की यह नजदीकी बिल्कुल पसंद नहीं थी और वह इसका कड़ा विरोध करता था. बेटी और पत्नी को यह नागवार गुजरा और उन्होंने प्रेमी विमल के साथ मिलकर मनोज को रास्ते से हटाने की यह खौफनाक साजिश रच डाली.

तीन दिन से शव की तलाश, यमुना किनारे तक खुदाई
हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने मनोज के शव को ठिकाने लगा दिया. शिकायत में आरोप है कि शव को यमुना किनारे अक्रूर गांव के जंगल में ले जाकर जलाया गया और उसके अवशेष वहीं दफना दिए गए. मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि 11 जुलाई को मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया था. आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस पिछले तीन दिनों से अक्रूर गांव के जंगल और यमुना नदी के किनारे लगातार तलाशी अभियान चला रही है.

बारिश बनी पुलिस की राह में रोड़ा
पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती शव को बरामद करना है. एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने जो जगह बताई है, वहां नदी का पानी पहुंच गया है. इसके अलावा लगातार हो रही बारिश की वजह से पहचान के सारे निशान मिट गए हैं, जिससे सही जगह का पता लगाने और शव को ढूंढने में भारी परेशानी हो रही है. फिलहाल पुलिस मनोज के घर से लेकर यमुना किनारे तक करीब छह किलोमीटर के दायरे में जगह-जगह खुदाई कर तलाश कर रही है. पुलिस का कहना है कि शव बरामद होने के बाद ही इस हत्याकांड की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी.

About the Author

authorimg

Deep Raj DeepakSub-Editor

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर

और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *