स्टेशन पर अकेला घूम रहा था 10 साल का बच्चा, TTA ने पूछा- ‘कहां जाना है?’
Last Updated:
Meerut News: साहिबाबाद स्टेशन के पास कर्मियों को एक अनजान बच्चा घुमता हुआ नजर आया. जब उन्होंने बच्चे से पूछताछ की, तब जाकर असल सच का पता चला. स्टेशन कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) को दी. आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या था.
साहिबाबाद स्टेशन की घटना
मेरठ: सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर एक छोटे बच्चे को उसके परिजनों से मिलाने के कुछ ही दिनों बाद एक बार फिर तत्परता दिखाते हुए एनसीआरटीसी टीम ने आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर 10 वर्षीय बच्चे को सकुशल उसके परिवार से मिलाने में मदद की. यह घटना तब हुई जब साहिबाबाद स्टेशन पर तैनात कर्मियों ने दिल्ली की ओर जाने वाले प्लेटफॉर्म पर एक बच्चे को अकेले देखा. स्टेशन कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) को दी.
ओसीसी ने साहिबाबाद स्टेशन की टीम को बताया कि बच्चे के माता-पिता पहले से ही आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर उसकी तलाश कर रहे हैं. बच्चा अपने परिवार के साथ मुरादनगर से आनंद विहार जा रहा था, लेकिन सफर के दौरान वह परिवार से अलग हो गया. साहिबाबाद और आनंद विहार नमो भारत स्टेशनों पर तैनात टीमों ने इसके बाद आपस में बातचीत करते हुए बच्चे को उसके माता-पिता से सुरक्षित मिलाने की व्यवस्था की. स्टेशन स्टाफ ने बच्चे को अपनी देखरेख में रखा.
जांच-पड़ताल के बाद बच्चे को सौंपा
दोनों स्टेशनों की टीमें लगातार एक-दूसरे के संपर्क में बनी रहीं और बच्चे के परिवार से सुरक्षित मिलाने तक पूरी प्रक्रिया पर नजर रखती रहीं. इसके बाद बच्चे को आनंद विहार नमो भारत स्टेशन लाया गया, जहां दिल्ली पुलिस की ओर से जरूरी जांच और पहचान की पुष्टि के बाद बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया.
बच्चे ने उस महिला को पहचानने से किया इनकार
इससे पहले सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर भी इसी तरह की घटना हुई थी, जहां स्टेशन कर्मियों ने एक छोटे बच्चे को एक महिला के साथ यात्रा करते हुए देखा था, जो बहुत परेशान नजर आ रहा था. वह महिला खुद को उस बच्चे की मां बता रही थी, लेकिन बच्चे ने उस महिला को पहचानने से इनकार कर दिया था. इसके बाद स्टेशन कंट्रोलर ने तुरंत सीआईएसएफ कर्मियों और दिल्ली पुलिस को सतर्क किया था. बच्चे के माता-पिता से संपर्क किया गया था और आगे की जांच के लिए मामला दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया था, जिससे बच्चे को उसके परिवार से सुरक्षित मिलाया जा सका था.
ट्रेन अटेंडेंट्स भी सतर्क
नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एनसीआरटीसी ने एक सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था लागू की है. स्टेशनों और ट्रेनों में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जाती है. इन कैमरों की लाइव फुटेज स्टेशन कंट्रोल रूम और दुहाई स्थित डिपो के सुरक्षा नियंत्रण केंद्र में उपलब्ध रहती है. ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर, स्टेशन टीमों और सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर पूरे कॉरिडोर पर किसी भी घटना से जुड़ी जानकारी तेजी से साझा करने में मदद करता है. जरूरत पड़ने पर सभी संबंधित टीमें आपस में तालमेल कर तुरंत कार्रवाई करती हैं. स्टेशन कर्मचारियों और ट्रेन अटेंडेंट्स को भी सतर्क रहने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में यात्रियों की मदद करने के लिए प्रशिक्षित किया गया है.
एनसीआरटीसी सतर्क, कर्मचारियों की सजगता
एनसीआरटीसी यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे नमो भारत कॉरिडोर पर सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. इस दिशा में स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों की सतर्कता और तत्परता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. ऐसे मामलों में कर्मचारियों की सजगता, सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई यह सुनिश्चित करती है कि यात्रियों को जरूरत के समय तत्काल सहायता उपलब्ध हो सके.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…
और पढ़ें