जेब में रखा फोन अचानक धुआं छोड़ने लगा, फिर हुआ धमाका, एक महीने पहले खरीदा था
Last Updated:
New Mobile Phone Blast: ग्रेटर नोएडा के दनकौर में मोबाइल फोन फटने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. युवक का कहना है कि गाजियाबाद से लौटते वक्त उसकी पैंट की जेब में रखा फोन अचानक गर्म होने लगा और उसमें से धुआं निकलने लगा. वह कुछ समझ पाता, उससे पहले ही फोन तेज धमाके के साथ फट गया.
अस्पताल में भर्ती घायल युवक.
ग्रेटर नोएडा: यूपी के ग्रेटर नोएडा में एक युवक के लिए जेब में रखा मोबाइल अचानक मुसीबत बन गया. दनकौर इलाके में गाजियाबाद से लौट रहे माजिद की पैंट की जेब में रखा स्मार्टफोन पहले गर्म हुआ और फिर उसमें से धुआं निकलने लगा. माजिद कुछ समझ पाता, उससे पहले ही फोन तेज धमाके के साथ फट गया. हादसे में उसके दोनों हाथ झुलस गए और शरीर के निचले हिस्से में भी चोट आई है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना 8 अगस्त की बताई जा रही है. माजिद के मुताबिक, वह सफर कर रहा था और मोबाइल उसकी पैंट की जेब में रखा हुआ था. अचानक उसे जेब में फोन काफी गर्म महसूस हुआ. थोड़ी देर बाद मोबाइल से धुआं निकलने लगा. उसने जब तक कुछ करने की कोशिश की, तभी जोरदार धमाका हो गया.
धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. मोबाइल के टुकड़े आसपास जा गिरे और कपड़ों में भी आग लग गई. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह युवक की मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
इस हादसे में माजिद के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए. चूंकि फोन पैंट की जेब में था, इसलिए धमाके का असर शरीर के निचले हिस्से पर भी पड़ा. परिवार के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो वे भी अस्पताल पहुंचे और युवक की हालत को लेकर चिंता जताई.
एक महीने पहले ही खरीदा था फोन
माजिद का कहना है कि उसने यह फोन करीब एक महीने पहले ही खरीदा था. फोन ग्रेटर नोएडा के ग्रैंड वेनिस मॉल में मौजूद एक दुकान से लिया गया था. युवक के मुताबिक, फोन को खरीदने के बाद वह सामान्य तरीके से इस्तेमाल कर रहा था और इससे पहले किसी तरह की परेशानी सामने नहीं आई थी.
जांच के बाद सामने आएगी असली वजह
मोबाइल के फटने की वजह जानने के लिए फोन और उसकी बैटरी की जांच जरूरी होगी. तकनीकी जांच के बाद ही पता चलेगा कि मामला बैटरी में खराबी का था, फोन ज्यादा गर्म होने की वजह से ऐसा हुआ या फिर इसके पीछे कोई दूसरी तकनीकी समस्या थी.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें