किसानों के लिए कुबेर का खजाना है ये हरी सब्जी, जानिए खेती का सही तरीका
Last Updated:
Fenugreek Cultivation: किसान सितंबर से मेथी की खेती शुरू कर सकते हैं, जो कम समय में तैयार होकर अच्छा मुनाफा देती है. कृषि वैज्ञानिक डॉ. दीपक मेहंदीरत्ता के अनुसार, सही मिट्टी और देखभाल से इसकी अच्छी कटाई की जा सकती है. आइए किसान से इसके बारे में जानते हैं.
मुरादाबाद: किसान अब सितंबर महीने से मेथी की खेती की तैयारी शुरू कर सकते हैं. मेथी की फसल कम समय में तैयार होने वाली फसलों में शामिल है और इसे हरी पत्ती के साथ-साथ बीज के लिए भी उगाया जा सकता है. खेती के लिए ऐसी जमीन चुनें, जहां पानी का निकास अच्छा हो. भुरभुरी दोमट मिट्टी मेथी के लिए बेहतर मानी जाती है. खेत की दो-तीन बार जुताई करके मिट्टी को अच्छी तरह तैयार करें और सड़ी हुई गोबर की खाद मिलाएं. खेत में पानी रुकने न दें, क्योंकि अधिक नमी से जड़ों में रोग लगने का खतरा बढ़ सकता है.
रबी की सीजन में करें मेथी की खेती
कृषि वैज्ञानिक डॉ. दीपक मेहंदीरत्ता ने बताया कि मेथी की बुवाई का उपयुक्त समय सितंबर से अक्टूबर का महीना अच्छा होता है. मेथी एक पत्तेदार फसल है, इसके लिए ऐसी मिट्टी का चुनाव करना चाहिए जिसमें पानी न ठहरे और जल निकासी अच्छी हो. उन्होंने बताया कि खेत की तैयारी के लिए अच्छी तरह से सड़ी हुई गोबर की खाद डालकर मिट्टी को भुरभुरी बना लें.
वहीं उन्होंने बताया कि बीज की मात्रा प्रति एकड़ खेत के लिए 8 से 12 किलोग्राम बीज की आवश्यकता होती है. बुवाई करते समय लाइन से लाइन की दूरी 20 से 25 सेंटीमीटर रखें. हरी पत्तेदार सब्जी होने के कारण इसकी पहली कटाई-बुवाई के 25 से 45 दिन बाद ही ली जा सकती है.
कम समय मे देगी ज्यादा मुनाफा
यदि हम इसकी सही देखभाल करें, तो एक ही फसल से हमें कई बार कटाई मिल जाती है. ये कम समय में तैयार होने वाली फसल है, इसलिए सब्जी मंडी में इसकी मांग हमेशा अच्छी रहती है. जो किसान भाई समय पर बुवाई करके अच्छी गुणवत्ता की मेथी बाजार में लाते हैं, वे इससे अच्छा लाभ कमा सकते हैं. सभी किसान भाइयों से अनुरोध है कि वे मेथी की बुवाई समय पर करें और इस तरीके से खेती करके अच्छी आमदनी प्राप्त करें.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…
और पढ़ें