बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा, कार और ट्रक की टक्कर में पांच की मौत, सात घायल
Last Updated:
Balrampur Road Accident: बलरामपुर में NH 730 पर कार-ट्रक टक्कर में पांच लोगों की मौत, सात घायल. हादसा सुबह 7:26 से 7:48 के बीच हुआ. सभी शादी समारोह से लौट रहे थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया औ…और पढ़ें
Balrampur Road Accident: बलरामपुर सड़क हादसे में पांच बारातियों की मौत (AI Generated Image)
हाइलाइट्स
- बलरामपुर में कार-ट्रक टक्कर में पांच की मौत, सात घायल.
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख व्यक्त किया.
- घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी.
बलरामपुर. उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के चकवा गांव के पास NH 730 पर सुबह 7:26 से 7:48 के बीच हुआ, जब एक कार और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई.
हादसे का शिकार हुए लोग गोंडा जिले के धानेपुर क्षेत्र से श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र में एक बारात में शामिल होने गए थे और वहां से लौट रहे थे. कार में सवार सभी लोग धानेपुर क्षेत्र के निवासी थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार पांच बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और राहत कार्य शुरू किए.
मुख्यमंत्री ने हादसे का लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की और जिला प्रशासन को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए. साथ ही, उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के लिए अधिकारियों को सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा.
घटना की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि NH 730 पर अक्सर इस तरह की दुर्घटनाएं होती हैं, और सड़क सुरक्षा के लिए बेहतर उपायों की जरूरत है.

Principal Correspondent, Lucknow