ऑपरेशन लंगड़ा : STF के साथ मुठभेड़ में एक लाख का इनामी संदीप गिरफ्तार, हाइवे पर करता था कांड
Last Updated:
Baghpat News in Hindi : अभियुक्त हाइवे पर ट्रक ड्राइवरों की हत्या कर सामान समेत ट्रक लूटने वाले गिरोह का सरगना था. उसके खिलाफ यूपी, महाराष्ट्र और हरियाणा में 16 से ज्यादा मुकदमें दर्ज हैं.
सांकेतिक फोटो.
लखनऊ. यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में एक लाख रुपए का इनामी संदीप कुमार पकड़ लिया गया है. रोहतक (हरियाणा) के रहने वाले संदीप के साथ बागपत के थाना कोतवाली इलाके में मुठभेड़ हुई. संदीप हाइवे पर ट्रक ड्राइवरों की हत्या कर सामान समेत ट्रक लूटने वाले गिरोह का सरगना है. कानपुर के थाना पनकी इलाके में चार करोड़ की निकिल प्लेट समेत ट्रक लूटने के मामले में संदीप फरार चल रहा था. कानपुर पुलिस ने उस पर एक लाख रुपए का इनाम रखा था.
एसटीएफ प्रमुख अमिताभ यश ने बताया कि संदीप कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र से 4 करोड़ रुपए की निकिल प्लेट सहित ट्रक लूट के मामले में वांछित था. उसके खिलाफ यूपी, हरियाणा और महाराष्ट्र में ट्रक लूट और ड्राइवरों की हत्या के 16 से अधिक केस दर्ज हैं. उसका गैंग सुनसान हाइवे पर ट्रक चालकों को निशाना बनाता और हत्या के बाद कीमती माल सहित ट्रक लेकर फरार हो जाता.
उधर, कानपुर पुलिस ने एक शातिर अपराधी को उसकी औकात दिखा दी. पुलिस ने यहां शाहिद पिच्चा को सड़कों पर घुमाया. उस पर 25 हजार का इनाम था. तीन दिन पहले उसकी पुलिस से मुठभेड़ हुई थी. जिसमें पिच्चा पैर में गोली लगने से घायल हो गया था. शाहिद चमनगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है. उस पर डकैती और हत्या जैसे संगीन मामलों में मुकदमें दर्ज हैं. दहशत फैलाकर रंगदारी मांगने का भी आरोप है.