Ballia News: बिंदी के बाद अब बलिया के सत्तू की हुई ODOP में एंट्री!
Last Updated:
ODOP Scheme: बलिया का पारंपरिक ‘भट्ठी वाला सत्तू’ ODOP योजना में शामिल हुआ. इससे किसानों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा. डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार की पहल से यह संभव हुआ.
ODOP योजना में शामिल हुआ बलिया का भट्ठी वाला देसी सत्तू
हाइलाइट्स
- बलिया का भट्ठी वाला सत्तू ODOP योजना में शामिल हुआ.
- इससे किसानों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा.
- डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार की पहल से यह संभव हुआ.
बलिया: कभी बलिया जिला उद्योग के मामले में बिंदी के लिए मशहूर था. शायद यही वजह थी कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना में बिंदी को शामिल किया गया था. लेकिन समय के साथ यह कारोबार धीरे-धीरे खत्म होने की कगार पर पहुंच गया. इसी बीच, सरकार ने जनहित में बलिया के एक ऐसे पारंपरिक उत्पाद को ODOP में शामिल किया है, जिससे पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है. यह उत्पाद है- शुद्ध देसी चने से बना ‘भट्ठी वाला सत्तू’. यह प्राचीन और पारंपरिक सत्तू बलिया की पहचान रहा है, और अब इसे एक नई पहचान मिलने जा रही है.
किसानों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ
भट्ठी में भूने गए चनों से बना यह सत्तू पोषण से भरपूर होता है. गर्मी के मौसम में इसका सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है. अब इस सत्तू को ODOP में शामिल किए जाने से इसकी मांग देश और विदेश में बढ़ेगी, जिससे न सिर्फ किसानों को फायदा होगा, बल्कि व्यापारियों और अन्य स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे.
स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल
बलिया निवासी रजनीकांत सिंह, अनिल कुमार और अंकित कुमार ने कहा, “यह बलिया की एक खास पहचान है. सरकार द्वारा इसे ODOP में शामिल करना एक बड़ा कदम है. इससे न सिर्फ जिले का विकास होगा, बल्कि पारंपरिक उत्पाद को भी नई पहचान मिलेगी.”
डीएम की पहल लाई रंग
बलिया के जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि पहले ODOP में बिंदी को शामिल किया गया था. लेकिन जब उन्होंने बलिया में पदभार संभाला, तो उन्हें पता चला कि यहां का भुना हुआ चने का सत्तू देशभर में फेमस है. इससे कई प्रकार के उत्पाद बनाए जाते हैं, और गर्मियों में यह बेहद फायदेमंद होता है.
जिसके बाद उन्होंने इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए शासन को सत्तू को ODOP में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा, जिसे मंजूरी भी मिल गई. डीएम ने बताया कि अब किसानों को बैंक से लोन मिलने में भी आसानी होगी और इस दिशा में तमाम तैयारियां की जा रही हैं.