Etah News: कहासुनी से बढ़ा विवाद, मेडिकल कॉलेज में भिड़े छात्र, चीख-पुकार से गूंजा कैंपस, जानें पूरा मामला
Last Updated:
Etah Medical College News: एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय गुरुवार दोपहर अचानक अफरातफरी के माहौल में बदल गया, जब सीनियर और जूनियर एमबीबीएस छात्रों के बीच कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई. दोनों ओर से चले लात-घूंसे में सीनियर विंग के छात्र ऋषभ मोहन समेत दो छात्र घायल हो गए.
घायल छात्र को तुरंत अस्पताल लाया गया
मारपीट के दौरान सीनियर विंग के छात्र ऋषभ मोहन को गंभीर चोटें आईं. खून से लथपथ हालत में उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। एक अन्य छात्र भी घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया. मौके पर मौजूद अन्य छात्रों ने बताया कि विवाद बढ़ने पर दोनों गुट एक-दूसरे पर टूट पड़े और स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया. कैंपस में गूंजती चीख-पुकार सुनते ही वहां तैनात सुरक्षाकर्मी दौड़ पड़े. गार्डों ने बीच-बचाव कर दोनों गुटों को अलग किया और हालात को बिगड़ने से बचाया. अगर समय पर गार्ड हस्तक्षेप न करते, तो मामला और गंभीर हो सकता था.
मौके पर पहुंचे प्राचार्य, पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्होंने दोनों गुटों के छात्रों को समझाया और उन्हें अपने-अपने हॉस्टल में जाने का निर्देश दिया. प्राचार्य ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है. दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. घटना की खबर मिलते ही पुलिस भी मेडिकल कॉलेज पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से पूछताछ शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दो छात्रों के बीच कहासुनी से ही यह विवाद शुरू हुआ था, जो बढ़ते-बढ़ते हिंसा में बदल गया. फिलहाल पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है.