Farrukhabad Ground Report: भारी बारिश ने तोड़ी किसानों की कमर… धान, लहसुन और आलू की फसलें तबाह!
Last Updated:
Farrukhabad News : फर्रुखाबाद में हुई लगातार भारी बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. खेतों में पानी भर जाने से धान की तैयार फसल भीग गई, वहीं लहसुन और आलू की फसलें भी बर्बादी के कगार पर पहुंच गई हैं. अब फसल खराब होने और बाजार में सही दाम न मिलने का खतरा मंडरा रहा है.
फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की मेहनत को तहस-नहस कर दिया है. खेतों में खड़ी बाजरे की फसल तेज हवाओं के कारण टूटकर गिर गई, जबकि पूरी तरह से तैयार धान की फसल भी पानी और हवा से बिछ गई है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है. वहीं लहसुन औरआलू के जो खेत हाल ही में बोए गए थे, बारिश के पानी के कारण पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं. जिन खेतों में किसान उम्मीदों से फसल बोकर खुश थे, वहीं अब वे किस्मत को कोसते हुए दुखी और लाचार नजर आ रहे हैं
क्या फसलों का मिलेगा सही दाम?
वहीं धान की कटाई पूरी कर चुके किसान फसल को बाजार ले जाने से पहले सुखाने में लगे थे, मगर बारिश से फसल भीग गई. अब किसानों को इसे दोबारा सुखाना पड़ेगा, वरना फसल के सड़ने और खराब होने का खतरा है. साथ ही बारिश के कारण खेतों में जलभराव से धान में किल्ला फूटने की आशंका भी बढ़ गई है. वहीं भीगी हुई फसल को बाजार में सही दाम मिलने की संभावना भी कम हो गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है.
लागत निकालना भी हुआ मुश्किल
किसानों का कहना है कि उन्होंने अपनी धान की फसल को सींचने में काफी मेहनत और पूंजी लगाई है. अब जब फसल तैयार होने वाली है, तो लगातार बारिश से उसे भारी नुकसान हो रहा है। उन्हें डर है कि यदि बारिश दो दिनों तक जारी रहती है, तो खेतों से पानी नहीं निकल पाएगा और डूबी हुई फसल सड़ जाएगी. इससे उनकी महीनों की मेहनत और पूंजी बर्बाद हो जाएगी, जिससे इस साल घर का खर्च चलाना मुश्किल हो जाएगा. वहीं कुछ किसानों ने कहा कि हमने फसल बड़ी मेहनत से तैयार की थी. दो दिन पहले ही धान काटकर खेत में रखा था. अब बारिश ने सब चौपट कर दिया. अब लागत निकलना भी मुश्किल है. फिलहाल खेतों में पानी भर गया है. अगर धूप नहीं निकली तो फसल सड़ जाएगी. ऐसे में सरकार को हमारी मदद करनी चाहिए, नहीं तो कर्ज चुकाना भी भारी पड़ जाएगा.
मीडिया फील्ड में 5 साल से अधिक समय से सक्रिय. वर्तमान में News-18 हिंदी में कार्यरत. 2020 के बिहार चुनाव से पत्रकारिता की शुरुआत की. फिर यूपी, उत्तराखंड, बिहार में रिपोर्टिंग के बाद अब डेस्क में काम करने का अनु…और पढ़ें
मीडिया फील्ड में 5 साल से अधिक समय से सक्रिय. वर्तमान में News-18 हिंदी में कार्यरत. 2020 के बिहार चुनाव से पत्रकारिता की शुरुआत की. फिर यूपी, उत्तराखंड, बिहार में रिपोर्टिंग के बाद अब डेस्क में काम करने का अनु… और पढ़ें