Greno West Metro: नोएडा से जेवर एयरपोर्ट का सफर होगा आसान! ग्रेनो वेस्ट मेट्रो पर अपडेट
Last Updated:
Greater Noida West Metro Update: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लाखों लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. सालों से मेट्रो का इंतजार कर रहे इस इलाके के लोगों का सपना अब जल्द ही पूरा हो सकता है. पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड (PIB) की अहम बैठक में इस मेट्रो प्रोजेक्ट को जल्द ही हरी झंडी मिल सकती है. नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 तक बनने वाले इस रूट से न सिर्फ रोज के जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि इसके जरिए जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाना भी बेहद आसान हो जाएगा.
ग्रेटर नोएडा: ग्रेनो वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है. इस क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित मेट्रो प्रोजेक्ट को जल्द ही केंद्र सरकार के पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड (PIB) से अंतिम मंजूरी मिल सकती है. वित्त मंत्रालय के स्तर पर होने जा रही इस बेहद महत्वपूर्ण बैठक में नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) के मैनेजिंग डायरेक्टर खुद शामिल होने जा रहे हैं. वे वहां एक खास प्रजेंटेशन के जरिए इस पूरे रूट की जरूरत और इसके फायदों के बारे में अपनी बात रखेंगे. पीआईबी से ग्रीन सिग्नल मिलते ही इस फाइल को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद जमीनी स्तर पर काम में तेजी आ जाएगी.
सवा लाख लोगों को मिलेगी जाम से मुक्ति
ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गौर चौक और नोएडा के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों को फिलहाल हर दिन भारी ट्रैफिक और जाम से जूझना पड़ता है. इस एक्सटेंशन लाइन के शुरू होने से करीब 1.25 लाख मुसाफिरों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट का एक शानदार और सीधा विकल्प मिल जाएगा. चूंकि यह मौजूदा लाइन का ही विस्तार होगा, इसलिए इसे बनाने का बजट भी बाकी नए प्रोजेक्ट्स के मुकाबले काफी कम होगा.
नोएडा मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (किसान चौक) तक इस कॉरिडोर का निर्माण किया जाना है. लगभग 7.5 किलोमीटर लंबे इस नए रूट को तैयार करने में करीब 900 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी. एनएमआरसी ने इस रूट पर कुल 5 नए मेट्रो स्टेशन बनाने का फैसला किया है. ये स्टेशन सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 में बनाए जाएंगे.
जेवर एयरपोर्ट के लिए बनेगा नया लिंक
इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह रूट आगे चलकर गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट के बीच प्रस्तावित रैपिड रेल के रूट से भी जुड़ जाएगा. इसके जुड़ने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोग मेट्रो और रैपिड रेल का इस्तेमाल करके बेहद आसानी से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक का सफर तय कर सकेंगे. अधिकारियों का कहना है कि अगर रैपिड रेल के रूट को मंजूरी मिलती भी है, तो भी इस मेट्रो रूट पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि यह पूरी तरह अलग कॉरिडोर है.
हालांकि, इस पूरे प्रोजेक्ट को जमीन पर उतरने और काम पूरा होने में करीब दो साल का समय लग सकता है. लेकिन एक बार जब यह लाइन चालू हो जाएगी, तो गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के बीच आवाजाही के लिए एक बेहतरीन कनेक्टिविटी तैयार हो जाएगी, जिससे लाखों लोगों का कीमती समय बचेगा.
About the Author

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें