LIVE: कासगंज, बांदा, बाराबंकी, आगरा में एनकाउंटर, पकड़े गए कई बदमाश
उत्तर प्रदेश में मौसम का यूटर्न
उत्तर प्रदेश में मौसम यूटर्न लेने वाला है. आज प्रदेश के दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं. मानसूनी प्रसार मध्य भारत की ओर खिसका. प्रदेश में बारिश की तीव्रता घटेगी. अगले 4-5 दिन उमस भरी गर्मी सताएगी.
अयोध्या के राम जन्मभूमि स्थाई सुरक्षा समिति की बैठक आज. राम जन्मभूमि परिसर में होगी स्थाई सुरक्षा समिति की बैठक. बैठक में एडीजी जोन एडीजी सुरक्षा पीएससी,सीआरपीएफ, एसएसएफ सहित खुफिया एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे मौजूद. बैठक में शामिल होंगे राम मंदिर ट्रस्ट के भी पदाधिकारी. राम मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी समेत अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनात पर होगी विस्तार से चर्चा. हर 3 महीने पर होती है स्थाई सुरक्षा समिति की राम मंदिर में बैठक. आगामी त्यौहार और बढ़ते श्रद्धालुओं की संख्या के मद्देनजर आज बैठक में चलेगा मंथन.
उन्नाव में पुलिस बदमाश के बीच एनकाउंटर
उन्नाव जिले के गगनी खेड़ा गोली कांड मे मासूम बच्चे की मौत का मामला. दहशतगर्दों और पुलिस के बीच हुई दूसरी मुठभेड़. थाना गंगाघाट क्षेत्र के ट्रांसगंगा सिटी के पास पुलिस और फरार चल रहे आरोपी के बीच मुठभेड़. चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्कूटी सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में लगी गोली. पुलिस टीम ने मौके से 315 बोर का तमंचा, कारतूस किए बरामद.
कासगंज जिले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई. युवक की हत्या के दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार. दोनों हत्यारोपी असलम और शमशुल पैर में गोली लगने से हुए घायल. पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में कराया भर्ती. कल देर शाम पकड़े गए दोनों आरोपियों ने राजकुमार की धारदार हथियार से सरेराह की थी निर्मम हत्या. पुलिस ने 12 घंटे में ही दोनों हत्यारोपियों को दबोचा. जानलेवा हमले में एक युवक हुआ था गंभीर घायल. थाना सिकंदरपुर वैश्य, पटियाली ओर एसओजी , सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्यवाही में पुलिस को मिली सफलता. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे , 04 जिंदा कारतूस 315 बोर किए बरामद.
बांदा में पुलिस ने बदमाश को किया गिरफ्तार
बांदा जिले में थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा अवैध तमंचे के साथ अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार. अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद. इसके अलावा बांदा पुलिस ने 24 घंटों के अंदर थाना जसपुरा पुलिस द्वारा अपह्रत युवक को किया गया सकुशल बरामद. घटना में शामिल 3 अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद.
पुलिस में कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती की परीक्षा अगले महीने हो सकती है. कंप्यूटर ऑपरेटर के 930 पदों पर भर्ती के आवेदन मांगे गए थे. इसके अलावा सब इंस्पेक्टर(गोपनीय), एएसआई (लिपिक), एएसआई (लेखा) के 921 पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया अभी चल रही है. इसके अलावा यूपी पुलिस भर्ती के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन में संशोधन का एक और मौका मिला है. भर्ती बोर्ड की ओर से जारी लिंक पर अपने ब्यौरे को अभ्यर्थी संशोधित कर सकेंगे. पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से जारी लिंक पर जाकर संशोधन करना होगा. कई अभ्यर्थी इसकी मांग कर रहे थे. संशोधित ओटीआर फॉर्म अपडेट करने के बाद दोबारा संशोधन नहीं हो पाएगा.
जौनपुर में ढाई लाख रुपये की लूट
जौनपुर जिले में बदमाशों ने बैंक मित्र से ढाई लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया है. लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने युवक की पिटाई कर दी है. गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे अंडरपास के पास वारदात हुई है. घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में जुटी गई है.
जौनपुर जिले में आसमान में एक साथ तीन ड्रोन दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आसमान में ड्रोन देखें जाने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है. पूरा मामला खुटहन थाना क्षेत्र के इमामपुर गांव का है.
बिजनौर में सिपाही ने खाया जहर
बिजनौर जिले में पुलिस लाइन में तैनात सिपाही ने खुदकुशी की कोशिश करते हुए जहर खा लिया. जहर खाने के बाद सिपाही की हालत गंभीर हो गई. इसके बाद उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. सिपाही की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया. पुलिस के अनुसार सिपाही ने पारिवारिक कलह के चलते जहर खाया है. मौके पर जिला अस्पताल में एसपी सिटी पहुंचे.
बाराबंकी जिले में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेड़ में बदमाश सुनील लोनिया घायल हो गया. बदमाश पर एक दर्जन से ज़्यादा मुक़दमे हैं दर्ज. इनामी बदमाश सुनील लोनिया के दो अन्य साथी पूर्व में हुई मुठभेड़ में हुए गिरफ्तार. फतेहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिहाली मार्ग पर हुई मुठभेड़.
आगरा में पुलिस-बदमाश के बीच एनकाउंटर
आगरा में पुलिस और इनामिया बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के दौरान बदमाश सत्यभान के पैर में लगी गोली. कई मामलों में पिछले 15 साल से फरार चल रहा था बदमाश सत्यभान. पुलिस ने सत्यभान पर रखा था 25 हजार का इनाम. घायल बदमाश को इलाज के लिए SN मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती. कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, खोखा कारतूस, मोबाइल बरामद. थाना डोकी क्षेत्र में हुई मुठभेड़.