Live: बिल्डिंग में पहुंची फायर विभाग की टीम, मालिकों से 15 दिनों में मांगा जवाब

0
Live: बिल्डिंग में पहुंची फायर विभाग की टीम, मालिकों से 15 दिनों में मांगा जवाब


लखनऊ अग्निकांड लाइवः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में भीषण अग्निकांड के बाद एक्शन का दौर लगातार जारी है. इसी कड़ी में जिस बिल्डिंग में आग लगी थी, उसपर बुलडोजर चलाने की तैयारी की जा रही है और इसके लिए एलडीए ने निर्माणकर्ता के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया है. अलीगंज में अवैध रूप से निर्मित जिस बिल्डिंग में अग्निकांड हुआ, उसे ध्वस्त किया जाएगा. लखनऊ विकास प्राधिकरण ने इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रवर्तन जोन-4 द्वारा अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित भूखंड संख्या एम.एस.-102 के स्वामियों वीरेन्द्र शुक्ला, सुरेन्द्र शुक्ला एवं अन्य के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है.

Lucknow Coaching Fire News Live: लखनऊ अग्निकांड में 7 में से एक की हालत गंभीर

घायलों की हालत के बारे में KGMU के प्रवक्ता KK सिंह ने कहा, “हमारे पास 7 घायल लोग आए थे. जिनमें से 5 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. 2 लोग, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है. उसको पैर की चोट के इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. एक लड़का, जिसका बिल्डिंग से कूदते हुए वीडियो वायरल हुआ था. किस्मत से बच तो गया. लेकिन दुर्भाग्य से वह एक रॉड पर गिरा, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट आई और पैरों के निचले हिस्से में सुन्नपन आ गया. उसे ICU में भर्ती कराया गया है. उसके वाइटल्स (शरीर के ज़रूरी संकेत) स्थिर हैं और वह खतरे से बाहर है. CT स्कैन और MRI किया गया, और यह तय हुआ कि सर्जरी की ज़रूरत नहीं है. उसका इलाज दवाओं से किया जा रहा है.”

Lucknow Coaching Chori News: फायर विभाग बिल्डिंग का करेगी निरीक्षण

लखनऊ के अलीगंज इलाके में अग्निकांड के बाद फायर विभाग बिल्डिंग्स का करेगी निरीक्षण. हजरतगंज हलवासिया स्थित एलेन कोचिंग पहुंच रही है टीम.

Lucknow Coaching Fire News: लखनऊ अग्निकांड में खर्च हुआ 4 लाख लीटर पानी

अवैध कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लगी आग बुझाने का खर्च कॉम्प्लेक्स मालिक से वसूलेगी फायर ब्रिगेड. आग को काबू करने में करीब 4 लाख लीटर पानी खर्च हुआ. 20 फायर टेंडर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफार्म लगाए गए. हाइड्रोलिक प्लेटफार्म से ऊपरी मंजिलों पर पानी की बौछार की गई. फायर टेंडरों ने करीब 70-80 चक्कर लगाकर लगातार पानी पहुंचाया. सीएफओ अंकुश मित्तल के मुताबिक आग बुझाने में लगे पानी और संसाधनों का खर्च अवैध कॉम्प्लेक्स के मालिक और जिम्मेदारों से वसूला जाएगा. वैध परिसरों पर ये नियम लागू नहीं होता है.

Lucknow Coaching Centre Fire News: FSSO कमलेंद्र सिंह अपने वायरल बयान से पलटे

अलीगंज अग्निकांड में निलंबित FSSO कमलेंद्र सिंह अपने वायरल बयान से पलटे. एफएसेसो ने कहा कि वह अग्निकांड में 15 मौतों से व्यथित था. अन्य व्यक्ति ने भ्रमित कर बनवाया वायरल वीडियो. उच्च अधिकारियों पर पूरा भरोसा, निष्पक्ष जांच होगी. वायरल वीडियो का खंडन कर क्षमा चाहते है.

Lucknow Fire News Live: लखनऊ यूनिवर्सिटी में होगा फायर ऑडिट

लखनऊ विश्वविद्यालय में होगा पूरे परिसर का फायर ऑडिट. अलीगंज अग्निकांड के बाद बढ़ाई जाएगी सुरक्षा. विभागों, लैब, हॉस्टल और लाइब्रेरी की होगी सुरक्षा जांच. फायर ऑडिट रिपोर्ट उत्तर प्रदेश शासन को भेजी जाएगी. शासन के निर्देशों के अनुसार किए जाएंगे आवश्यक सुधार. अग्निशामक यंत्रों की स्थिति और संख्या का लिया जा रहा है ब्यौरा. संबद्ध महाविद्यालयों को भी फायर ऑडिट कराने के निर्देश. सभी कॉलेजों को दिशा-निर्देशों के साथ जारी किया जा रहा पत्र. सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त. सुरक्षित और भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करेगा विश्वविद्यालय.

Lucknow Coaching Centre Fire Live: लखनऊ अग्निकांड को सीएम योगी ने बताया सबक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए भीषण आग हादसे को प्रदेश के लिए एक ‘बड़ा सबक’ बताते हुए कहा कि इस पीड़ादायक घटना से सीख लेते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा ना हो. मुख्यमंत्री ने मंगलवार को वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कहा कि सोमवार को हुआ भीषण हादसा प्रदेश के लिये एक बड़ा सबक है और इससे सीख ली जानी चाहिये ताकि भविष्य में ऐसा फिर कभी ना हो. उन्होंने कहा कि इसके लिए शासन, प्रशासन और आमजन को मिलकर अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना होगा. उन्होंने प्रदेश में मिशन मोड में व्यापक अग्निशमन उपायों के ऑडिट का अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलों में अस्पतालों, नर्सिंग होम, मेडिकल कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, शॉपिंग मॉल, सरकारी भवनों तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच करके आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए.

Lucknow Coaching Mein Aag Live: 100 से अधिक कोचिंग संस्थान हुए सील

लखनऊ में एक इमारत में आग लगने से झुलसकर 15 लोगों की मौत की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे उत्तर प्रदेश में कोचिंग संस्थानों की जांच के लिए महाअभियान शुरू किया गया. इस दौरान पूरे राज्य में प्रशासन, विकास प्राधिकरणों और अग्निशमन सेवाओं की संयुक्त टीमों ने निरीक्षण अभियान चलाकर 100 से अधिक संस्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की. राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार अधिकारियों ने संयुक्त टीम बनाकर कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों और नियमों की अनदेखी का निरीक्षण किया. बयान के अनुसार लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, आगरा समेत विभिन्न शहरों के अलावा दूसरे शहरों में भी यह कार्रवाई की गई और इस दौरान अनियमितताएं मिलने पर 100 से अधिक कोचिंग संस्थाओं के खिलाफ कदम उठाए गए.

Lucknow Coaching Fire News Live: एलडीए ने बिल्डिंग मालिकों से 15 दिन के अंदर मांगा जवाब

एलडीए ने अग्निकांड वाली बिल्डिंग पर चस्पा किया नोटिस. नोटिस में खामियों का जवाब नहीं देने पर बुल्डोजर कार्रवाई के लिए लिखा गया. नोटिस में लिखा है, “अगर LDA को संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो बुलडोज़र का इस्तेमाल करके इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू की जाएगी.” 22 जून को अलीगंज में कोचिंग इंस्टीट्यूट में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी. इस नोटिस के ज़रिए, LDA ने बिल्डिंग मालिकों से 15 दिनों के अंदर जवाब मांगा.

Lucknow Coaching Centre Fire: एलडीए ने बिल्डिंग के बाहर चस्पाया नोटिस

LDA ने अपने नोटिस में जवाब तलब किया गया है कि संबंधित भवन का मानचित्र आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत था. जबकि मौके पर उसका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था. साथ ही स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण संबंधी विचलन भी पाए गए हैं. इस संबंध में उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27(1) के अंतर्गत कार्रवाई प्रारंभ की गई है. एलडीए ने भवन स्वामियों को निर्देशित किया है कि वे 15 दिन में सक्षम प्राधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करें. संतोषजनक उत्तर एवं साक्ष्य न मिलने की स्थिति में ध्वस्तीकरण सहित नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *