Live: कौन है लवकुश मिश्रा, जिसे उठा ले गई SIT, राम मंदिर चढ़ावा चोरी में एक्शन
Last Updated:
अयोध्या राम मंदिर दान चोरी लाइवः उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित राम मंदिर के दान पेटी से कथित चोरी के मामले में गठित एसआईटी की टीम की जांच जारी है. इस बीच एसआईटी की टीम ने लवकुश मिश्रा को हिरासत में लिया है,…और पढ़ें
Ayodhya Ram Mandir Dan Chori Live: अयोध्या के राम मंदिर की दान पेटी से कथित चोरी के मामले की जांच कर रही एसआईटी की टीम ने एक शख्स को हिरासत में लिया है, जिसकी पहचान लवकुश मिश्रा के रूप में हुई है. लवकुश दानपेटी के पैसों को गिनने का काम करता था. लवकुश के घर से 10-12 लाख रुपये बरामद किया गया है. उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित भगवान श्री रामलला मंदिर में चढ़ावे की कथित अनियमितताओं की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की तीन सदस्यीय टीम सोमवार को जांच के सिलसिले में मंदिर परिसर पहुंची थी. सूत्रों के अनुसार, एसआईटी के सदस्य गेट नंबर 11 के माध्यम से मंदिर परिसर में दाखिल हुए थे. अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को राम मंदिर में दान राशि के कथित गबन की जांच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था. यह मंदिर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा प्रबंधित है.
Ram Mandir News Live: राम मंदिर में SIT ने बार-बार गोपाल राव को बुलाया
राम मंदिर की व्यवस्थाओं में गोपाल राव की अहम भूमिका मानी जाती है. मंदिर के रखरखाव, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और चढ़ावे के प्रबंधन समेत कई अहम जिम्मेदारियां उनके पास हैं. ऐसे में जांच के दौरान उनका बार-बार मंदिर बुलाया जाना कई सवाल खड़े कर रहे हैं.
Ayodhya Ram Mandir News Live: IIT बनाने की जगह SIT बना रहे हैं- अखिलेश यादव
अयोध्या में राम मंदिर के लिए मिले दान के गलत इस्तेमाल के आरोपों की जांच के लिए SIT बनाने पर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि यह दुखद है कि BJP सरकार IIT (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) बनाने के बजाय SIT बनाने में लगी हुई है. SP ने एक हफ़्ते से भी ज़्यादा समय पहले राम मंदिर के लिए मिले दान के गलत इस्तेमाल के आरोपों को उठाया था. पार्टी ने इस मामले को सनातन धर्म का अपमान बताया, जिससे दुनिया भर के करोड़ों सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं. तब से अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री पवन पांडे (जो अयोध्या से हैं) लगातार और ज़ोर-शोर से यह मुद्दा उठाते रहे हैं. जहां UP और केंद्र में BJP सरकार ने इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रखी. वहीं राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने सफाई देते हुए कहा कि दान के हिसाब-किताब की जांच की जा रही है और तब तक ऐसी कोई बात सामने नहीं आई थी जो “ज़िक्र करने लायक” हो.
राम मंदिर दान चोरी लाइवः सरकार को जल्द रिपोर्ट सौंपेगी SIT की टीम
राज्य सरकार के अनुसार, एसआईटी मामले की व्यापक जांच कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी. इस बीच, राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने सोमवार को कहा कि एसआईटी जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी. मिश्र ने कहा, ‘‘जांच के दो पहलू हैं-आपराधिक और भविष्य में सुधार से संबंधित. जब दोनों पहलुओं पर काम होगा तभी हम श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत कर पाएंगे.’’ उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्ट जांच में पूरा सहयोग करेगा और एसआईटी को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. मिश्र ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने रविवार को जिला प्रशासन से भी बातचीत की थी और प्रशासन ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है.
Ram Mandir Dan Chori Live: राम मंदिर दान चोरी विवाद पर क्या बोले मंत्री दयाशंकर सिंह
उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोमवार को मऊ जनपद के जिला कलेक्ट्रेट में प्रेस वार्ता की. इस दौरान जब उनसे पत्रकारों ने राम मंदिर दान चोरी के मामले में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि इसपर हम कुछ भी नहीं बोलेंगे.
Ram Mandir Chanda Chori News: राम मंदिर में आज भी जाएगी SIT की टीम
राम मंदिर दानपात्र गबन मामले में एसआईटी आज भी जांच जारी रखेगी. राम जन्मभूमि परिसर में कल देर रात 11 बजे तक मौजूद रही एसआईटी टीम. जांच समिति ने देर रात अयोध्या में ही प्रवास किया. सरयू अतिथि गृह में एसआईटी सदस्यों ने रात्रि विश्राम किया. करीब 8 घंटे तक चला राम जन्मभूमि परिसर में जांच अभियान.
Ram Mandir News Live: एसआईटी टीम में कौन-कौन शामिल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तथा ट्रस्ट के अनुरोध पर यह एसआईटी गठित की गई है. ट्रस्ट ने इसे “भ्रामक सूचनाओं को रोकने और सच्चाई सामने लाने” के लिए आवश्यक बताया था और कहा था कि राम मंदिर की छवि को धूमिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं. एसआईटी में लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं.
Ram Mandir Chadawa Chori: लवकुश मिश्रा को एसआईटी ने हिरासत में लिया
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले की जांच कर रही एसआईटी की टीम ने लवकुश मिश्रा नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है. जिसके घर से 10-12 लाख रुपये बरामद किए गए थे. बता दें कि एसआईटी की जांच आज भी राम मंदिर परिसर में जारी रहेगी.