NEET Result 2026: नीट रिजल्ट में वाराणसी के आर्यन दुबे को मिले 99.99965 पर्सेंटाइल
Last Updated:
NEET UG Result 2026: नीट यूजी 2026 में वाराणसी के आर्यन दुबे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में 710 अंक हासिल किए हैं. 99.99965 पर्सेंटाइल के साथ उन्होंने ऑल इंडिया में सातवीं रैंक और उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है. दो साल की लगातार मेहनत, रोजाना 9 से 10 घंटे की पढ़ाई और मुश्किल दौर से उबरकर हासिल की गई उनकी यह सफलता अब लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है.
वाराणसी: मेहनत, लगन और खुद पर भरोसे के दम पर वाराणसी के आर्यन दुबे ने नीट यूजी 2026 की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है. रिजल्ट जारी होते ही उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई. आर्यन ने 720 में से 710 अंक हासिल कर 99.99965 पर्सेंटाइल प्राप्त की है. उन्होंने ऑल इंडिया स्तर पर सातवीं रैंक हासिल की है, वहीं वह उत्तर प्रदेश के टॉपर भी बने हैं.
आर्यन दुबे की इस उपलब्धि से वाराणसी का नाम भी रोशन हुआ है. आर्यन आकाश इंस्टीट्यूट के छात्र हैं और पिछले दो साल से नीट यूजी की तैयारी कर रहे थे. बचपन से ही उनका सपना मेडिकल क्षेत्र में जाने का था. उन्होंने बताया कि अपने दादा से उन्हें डॉक्टर बनने की प्रेरणा मिली. उनके दादा सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) रह चुके हैं.
रोज 9 से 10 घंटे करते थे पढ़ाई
आर्यन ने बताया कि नीट की तैयारी के दौरान वह हर दिन करीब 9 से 10 घंटे पढ़ाई करते थे. उनका सबसे ज्यादा फोकस फिजिक्स विषय पर रहता था. इसके अलावा बाकी विषयों के लिए भी वह रोजाना 2 से 3 घंटे समय देते थे. उन्होंने बताया कि लगातार पढ़ाई के दबाव के बीच भी उन्होंने अपने शौक को नहीं छोड़ा. पढ़ाई के बीच समय निकालकर वह म्यूजिक सुनकर अपना माइंड फ्रेश करते थे. आर्यन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और अपने शिक्षकों को दिया है.
पेपर लीक के बाद टूट गए थे, फिर संभाला खुद को
आर्यन ने बताया कि नीट परीक्षा पेपर लीक के बाद जब परीक्षा रद्द हुई थी, तब वह काफी परेशान हो गए थे और डिप्रेशन में भी चले गए थे. हालांकि उन्होंने खुद को संभाला और दोबारा पूरी मेहनत के साथ तैयारी में जुट गए. इसी मेहनत का नतीजा है कि आज उन्होंने देशभर में शानदार रैंक हासिल की है.
आर्यन के माता-पिता ने भी उनकी सफलता में अहम भूमिका निभाई है. उनकी मां ने बताया कि जब आर्यन पढ़ाई से थक जाते थे तो वह उनसे बातचीत कर उनका तनाव कम करने की कोशिश करती थीं. उन्होंने हमेशा आर्यन का हौसला बढ़ाया. आर्यन के माता-पिता दोनों ही शिक्षित हैं और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े हुए हैं. परिवार के सहयोग, सही मार्गदर्शन और आर्यन की मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें