Noida Dussehra Traffic Update: दशहरे पर नोएडा का ट्रैफिक प्लान, फिर मत कहना बताया नहीं, फंस जाओगे जाम में
Last Updated:
Noida Route Diversion on dussehra: नोएडा में दशहरा पर्व के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं. 1 और 2 अक्टूबर को खास इलाकों में कई रास्ते बंद रहेंगे. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले रूट का ध्यान रखें ताकि यात्रा में परेशानी न हो.
नोएडा. दशहरा को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर खास एडवाइजरी जारी की है. 1 अक्टूबर दोपहर 2 बजे से लेकर 2 अक्टूबर तक नोएडा में कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. खासतौर पर सेक्टर-21ए के नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-62 के रामलीला मैदान और महर्षि आश्रम के आसपास यातायात प्रभावित होगा.
इस दौरान इन इलाकों में वाहनों की आवाजाही को सीमित कर दिया जाएगा ताकि रामलीला और रावण दहन के कार्यक्रम आराम से संपन्न हो सकें. ट्रैफिक पुलिस ने साफ कहा है कि कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी. हालांकि, एम्बुलेंस और अग्निशमन सेवा की गाड़ियों को किसी भी तरह की पाबंदी से छूट रहेगी. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बाहर निकलने से पहले अपनी यात्रा का रूट पहले से प्लान कर लें. अगर कोई वाहन ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए खड़ा पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, इस दौरान प्रभावित इलाकों में लगने वाले साप्ताहिक बाजार भी पूरी तरह बंद रहेंगे.
नोएडा स्टेडियम क्षेत्र की यातायात व्यवस्था
नोएडा स्टेडियम के आसपास कई मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी. जैसे कि सेक्टर-12, 22, 56 से स्टेडियम चौक तक, सेक्टर-8, 10, 11, 12 चौक से मोदी मॉल चौक तक, मैट्रो अस्पताल चौक से रिलायंस चौक तक, और कई अन्य महत्वपूर्ण चौराहों से स्टेडियम की ओर जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे. लेकिन ट्रैफिक को बनाए रखने के लिए कुछ वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि लोग अपने गंतव्य तक पहुंच सकें.
पार्किंग व्यवस्था
स्टेडियम क्षेत्र में विशेष और आम लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग के इंतजाम किए गए हैं. विशेष अथवा अतिविशिष्ट लोगों के वाहन गेट नंबर 7 से एंट्री और एग्जिट कर सकेंगे, वहीं पासधारक वाहन गेट नंबर 3 से प्रवेश और गेट नंबर 4 से बाहर निकलेंगे. आम लोगों के लिए एडोब कंपनी के पास खाली मैदान में फ्री पार्किंग की व्यवस्था होगी.
सेक्टर-62 और महर्षि आश्रम के आस-पास भी यातायात रहेगा प्रभावित
सेक्टर-62 रामलीला मैदान के पास कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाएगी. जरूरत पड़ने पर वैल्यू बाजार, फोर्टिस अस्पताल और पीएमओ की ओर जाने वाले कुछ रास्तों को बंद किया जाएगा. इसके लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने को कहा गया है. महर्षि आश्रम के आसपास भी यातायात को नियंत्रित करने के लिए कई मार्गों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा. कुछ इलाकों में वाहनों को अलग रूट से गुज़रना होगा ताकि दशहरा के कार्यक्रम बिना किसी रुकावट के हो सकें.
सुरक्षा और सहायता
ट्रैफिक पुलिस ने यह भी कहा है कि ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए आवश्यकतानुसार क्रेन उपलब्ध कराई जाएगी, जो अवांछित वाहन हटाने का काम करेगी. कोई भी यात्री या चालक अगर किसी तरह की परेशानी महसूस करता है तो वह हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकता है.

न्यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की पॉलिटिक्स और क्राइम खबरों में रुचि. वेब स्टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने मे…और पढ़ें
न्यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की पॉलिटिक्स और क्राइम खबरों में रुचि. वेब स्टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने मे… और पढ़ें