Potato Storage Tip: आलू स्टोर करने का सही तरीका, भूलकर भी न करें ये 3 गलतियां
Last Updated:
Potato Storage Tip: किचन की सबसे जरूरी सब्जी आलू अगर समय से पहले अंकुरित हो जाए या सड़ने लगे, तो न केवल स्वाद बिगड़ता है बल्कि सेहत पर भी बुरा असर पड़ता है. अक्सर हम अनजाने में आलू को प्याज के साथ रख देते हैं या उन्हें फ्रिज में डाल देते हैं, जो उनकी शेल्फ लाइफ को तेजी से कम कर देता है. गृह विज्ञान एक्सपर्ट्स के अनुसार, आलू को रखने का एक खास विज्ञान है. अगर आप भी आलू के जल्दी खराब होने से परेशान हैं, तो कुछ आसान घरेलू नुस्खे और सही स्टोरेज तकनीक अपनाकर इन्हें हफ्तों तक ताजा और जड़-मुक्त रख सकते हैं.
आलू को कभी भी ऐसी जगह न रखें जहां सीधी धूप आती हो. तेज रोशनी और गर्मी आलू में क्लोरोफिल के उत्पादन को बढ़ा देती है, जिससे आलू हरे होने लगते हैं और उनमें जड़ें निकलने लगती हैं. एक अंधेरी और ठंडी जगह आलू के भंडारण के लिए सबसे उपयुक्त मानी जाती है ताकि उनकी नमी बरकरार रहे.

गृह विज्ञान एक्सपर्ट डॉ विद्या गुप्ता ने बताया कि स्टोरेज के लिए प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग करने से बचें, क्योंकि इनमें हवा का संचार नहीं हो पाता है. आलू को हमेशा जूट के बोरे या खुली टोकरी में रखें, जिससे हवा आर-पार जा सके. हवा की कमी के कारण आलू में नमी जमा होती है, जिससे जल्दी सड़ने और अंकुरित होने लगते हैं.

एक सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आलू और प्याज को कभी भी एक साथ न रखें. प्याज से एक खास प्रकार की गैस निकलती है, जो आलू में अंकुरण की प्रक्रिया को तेज कर देती है. इन दोनों सब्जियों को अलग-अलग टोकरियों में रखने से इनकी शेल्फ लाइफ काफी हद तक बढ़ जाती है और आलू सुरक्षित रहते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अगर आप आलू को लंबे समय तक जड़ मुक्त रखना चाहते हैं तो टोकरी में एक या दो सेब रख दें. सेब से निकलने वाली एथिलीन गैस आलू को अंकुरित होने से रोकने में मदद करती है. यह एक परीक्षित घरेलू नुस्खा है जो आलू को हफ्तों तक ताजा बनाए रखने में बहुत कारगर साबित होता है.

नमी आलू का सबसे बड़ा दुश्मन है इसलिए इन्हें धोने के बाद कभी स्टोर न करें. यदि आलू गंदे हैं तो उन्हें सूखे कपड़े से साफ कर लें और इस्तेमाल के समय ही धोएं. गीले आलू बहुत जल्दी फफूंद पकड़ लेते हैं और उनमें जड़ें निकलने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है जो उन्हें खराब कर देती है.

आलू को स्टोर करने से पहले उनकी अच्छी तरह जांच कर लें. अगर किसी आलू में पहले से ही दाग हैं या वह थोड़ा सड़ा हुआ है तो उसे बाकी आलुओं से तुरंत अलग कर दें. एक भी खराब आलू पूरी टोकरी के साफ आलू को खराब कर सकता है और उनमें संक्रमण फैला सकता है.

बहुत से लोग आलू को फ्रिज में रख देते हैं जो कि एक बड़ी गलती है. फ्रिज का अत्यधिक तापमान आलू के स्टार्च को शुगर में बदल देता है, जिससे वे मीठे और काले पड़ जाते हैं. फ्रिज के बजाय किसी सूखी दराज या रैक का चुनाव करें, जहां तापमान सामान्य और स्थिर रहता हो.

अगर आलू में छोटी जड़ें निकल आई हैं तो घबराएं नहीं. आप उन जड़ों वाले हिस्से को गहराई से काटकर हटा सकते हैं और बाकी आलू का उपयोग कर सकते हैं. हालांकि अगर आलू बहुत ज्यादा नरम हो गया है या पूरा हरा पड़ चुका है तो उसे फेंक देना ही बेहतर है क्योंकि वह जहरीला हो सकता है.