SSC CGL 2026 Notification:12000 से ज्यादा पदों पर सरकारी नौकरियां, 1.5 लाख तक मिलेगी सैलरी
SSC CGL 2026 Notification, SSC CGL Vacancy 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है. कर्मचारी चयन आयोग यानी एसएससी ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के जरिए केंद्र सरकार के कई बड़े मंत्रालयों और विभागों में 12 हजार 256 से ज्यादा पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.यह भर्ती देश की सबसे चर्चित सरकारी भर्ती परीक्षाओं में मानी जाती है, क्योंकि इसके जरिए उम्मीदवारों को आयकर विभाग, सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय और कई प्रतिष्ठित सरकारी विभागों में नौकरी पाने का मौका मिलता है. खास बात यह है कि चयनित उम्मीदवारों को शानदार वेतन के साथ कई सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी.आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
किन विभागों में मिलेगी नौकरी?
इस भर्ती के जरिए केंद्र सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों और मंत्रालयों में नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें आयकर विभाग, केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय उत्पाद शुल्क विभाग, डाक विभाग, ऑडिट विभाग और नारकोटिक्स विभाग जैसे बड़े संस्थान शामिल हैं.इन विभागों में नौकरी मिलने के बाद उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के अधिकारी के रूप में काम करने का मौका मिलेगा.
किन पदों पर होगी भर्ती?
एसएससी सीजीएल 2026 भर्ती के तहत कई अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें सहायक अनुभाग अधिकारी, आयकर निरीक्षक, सीबीआई उपनिरीक्षक, लेखा परीक्षक, अकाउंटेंट, कर सहायक और केंद्रीय उत्पाद शुल्क निरीक्षक जैसे पद शामिल हैं.इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को अलग-अलग मंत्रालयों और सरकारी कार्यालयों में तैनाती दी जाएगी.
कितने पदों पर निकली भर्ती?
इस बार एसएससी ने 12 हजार 256 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती निकाली है. आयोग ने बताया है कि जरूरत के अनुसार पदों की संख्या में बदलाव भी किया जा सकता है.हर साल लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होते हैं, इसलिए इसे देश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में गिना जाता है.
कितनी मिलेगी सैलरी?
एसएससी सीजीएल के जरिए मिलने वाली नौकरियों में उम्मीदवारों को शानदार वेतन दिया जाता है.अलग-अलग पदों के अनुसार वेतन तय किया गया है. शुरुआती वेतन करीब 25 हजार रुपये प्रति माह से शुरू होकर कुछ पदों पर लगभग डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच सकता है.इसके अलावा कर्मचारियों को महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, यात्रा भत्ता, मेडिकल सुविधा और अन्य सरकारी लाभ भी दिए जाएंगे.यही वजह है कि एसएससी सीजीएल परीक्षा युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय मानी जाती है.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं हालांकि कुछ विशेष पदों के लिए संबंधित विषय में अतिरिक्त योग्यता भी मांगी गई है इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले पूरा आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है.
क्या है आयु सीमा?
इस भर्ती में अलग-अलग पदों के अनुसार आयु सीमा तय की गई है. कुछ पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष रखी गई है. वहीं कई पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 से 32 वर्ष तक निर्धारित की गई है.आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को पांच साल की छूट मिलेगी, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को तीन साल की छूट दी जाएगी.
कैसे होगी चयन प्रक्रिया?
एसएससी सीजीएल भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी. सबसे पहले कंप्यूटर आधारित प्रथम चरण की परीक्षा आयोजित होगी. इसमें सफल उम्मीदवारों को दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल होना होगा.कुछ विशेष पदों के लिए शारीरिक परीक्षा और मेडिकल परीक्षण भी लिया जा सकता है. अंतिम चयन मेरिट सूची और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा.आयोग ने बताया है कि पहले चरण की परीक्षा अगस्त और सितंबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है, जबकि दूसरे चरण की परीक्षा दिसंबर 2026 में कराई जा सकती है. दोनों परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित मोड में होंगी.
आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें
एसएससी सीजीएल 2026 भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. उम्मीदवार 22 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 23 जून 2026 तय की गई है वहीं आवेदन पत्र में सुधार करने की सुविधा 29 जून 2026 तक उपलब्ध रहेगी.उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसएससी सीजीएल 2026 भर्ती लिंक पर क्लिक करें.इसके बाद आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जानकारी सही तरीके से भरें. जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क जमा करें. फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लें. आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंट आउट भविष्य के लिए सुरक्षित रख लेना चाहिए.