UP Live News Today: रामजीलाल सुमन के आवास पर भारी पुलिस फोर्स, रील बनाने वाली 4 युवतियों पर 5 हजार जुर्माना, पढ़ें अपडेट…
आगरा में रामजीलाल सुमन के घर का रास्ता पुलिस ने पूरी तरह से बंद कर दिया है. घर के बाहर बैरिकेटिंग करते हुए पुलिस ने क्रेन लगा दी है, जिससे कि अगर करणी सेना के कार्यकर्ता रामजीलाल सुमन के घर की तरफ कूच करते भी हैं, तो वह उनके घर के अंदर एंट्री नहीं कर सके. हालांकि पुलिस को सूचना मिली थी की रैली में आए लोग धीरे-धीरे निकलकर सुमन के घर की तरफ जा रहे हैं, जिसके बाद हाईवे पर भीषण जाम लगा हुआ है. पुलिस ने सूचना के बाद अलर्ट घोषित किया और अब रामजीलाल सुमन के घर के अंदर जाने के रास्ते को पूरी तरह से बंद कर दिया है.
Prayagraj News: प्रयागराज में लेटे हनुमान मंदिर में जमकर उमड़ी भीड़
प्रयागराज में हनुमान जी का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस मौके पर संगम तट पर स्थित लेटे हनुमान मंदिर में भी हनुमान जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई जा रही है. बड़े हनुमान मंदिर परिसर को खूबसूरती से सजाया गया है. साथ ही बजरंग बली की लेटी हुई प्रतिमा का भव्य श्रृंगार किया गया है. हनुमान जयंती पर यहां बजरंग बली की विशेष आरती व पूजा -अर्चना की गई वहीं उन्हें छप्पन तरह के व्यंजनों का भोग भी लगाया गया. इस मौके पर पवन पुत्र के दर्शन और उनकी पूजा – अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा है.
Rana Sanga Controversy: करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष क्या बोले
करणी सेना महाराणा सांगा की जयंती मना रहा है. इस पर करणी सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने कहा कि हम अपने पूर्वजों के सम्मान के लिए विरोध कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार को 5 बजे तक अल्टीमेटम दिया है. सरकार का प्रतिनिधि मंडल कर हमारी मांगे सुने उसके बाद कुछ किया जाएगा. साथ ही उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को भी खामियाजा भुगतना पड़ सकता है. हमारी समाज का बड़ा वोट बैंक है, ऐसे में यदि अखिलेश यादव और उनकी पार्टी इस तरह के बयानों का समर्थन करेगी. तो गांव-गांव जाकर उनकी पार्टी का विरोध किया जाएगा.
Pilibhit News: महिला का कंकाल मिलने से हड़कंप
पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में चिड़ियादाह के प्राथमिक विद्यालय के पास तालाब से एक महिला का कंकाल बरामद हुआ है. स्थानीय ग्रामीणों ने तालाब में शव देखकर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जांच में पाया गया कि अज्ञात महिला का शव कंकाल में तब्दील हो चुका है. शव पर गर्म कपड़े पड़े मिले हैं. हाथों में चूड़ियां भी हैं, शव की स्थिति से अनुमान लगाया जा रहा है कि यह काफी पुराना है पुलिस महिला की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है. प्राथमिक विद्यालय में तैनात कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही फिलहाल शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है और पुलिस अपनी जांच में जुट गई है.
Mahoba News: पानी के लिए तरस रहा गांव
महोबा मुख्यालय से 20 किमी दूर कबरई कस्बा के आधा दर्जन से अधिक मोहल्ले की 40 हजार की आबादी आज भी पानी के लिए तरस रहा है. यहां के लोगों की प्यास बुझाने के लिए नगर पंचायत में टैंकरों से जल आपूर्ति की जा रही है, लेकिन यह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है. जैसे ही मोहल्लों में टैंकर पहुंचते हैं, लोग पानी भरने के लिए टूट पड़ते हैं और महज ढाई मिनट में पूरा टैंकर खाली हो जाता है. आज़ाद नगर, इंद्रा नगर, राजेंद्र नगर, सुभाष नगर, भगत सिंह नगर, जवाहर नगर, और विशाल नगर जैसे मोहल्लों में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं. इन इलाकों में पानी के लिए हर दिन जंग जैसे हालात पैदा हो जाते हैं. महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और पुरुष घंटों पहले से टैंकर के इंतजार में लाइन लगाए खड़े रहते हैं. कई बार पानी को लेकर विवाद और मारपीट की नौबत भी आ जाती है.
Etawah News: दलित महिला का अपहरण
इटावा जिले में सिविल लाइन इलाके में सूतमिल के पास एक शादीशुदा दलित महिला का अपरहण करके उसकी स्कूटी को जला दिया गया. जिस महिला के अपरहण की बात कही जा रही है उसके दो बच्चे भी हैं. महिला का नाम अंजलि है. महिला के परिजनों का आरोप है कि दलित महिला किरण का अपरहण करने वाला आपराधिक चरित्र है, उसकी बहन के साथ हत्या जैसी संगीन वारदात को अंजाम दे सकता है.
पुलिस ने महिला की जली हुई स्कूटी एक नाले से बरामद कर ली है इसके साथ ही अपहरणकर्ता और उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अपहृत महिला और अपहरणकर्ताओं की तलाश में सरगर्मी से जुड़ी हुई है लेकिन अभी तक ना तो महिला ओर ना ही अपहरणकर्ताओं का कोई सुराग लग सका है.
Agra News: क्या बोले रामजीलाल सुमन?
सपा सांसद रामजीलाल सुमन का बड़ा बयान सामने आया. उन्होंने कहा कि मुझे और मेरे परिवार को जान माल का खतरा है. इसके लिए राज्यसभा के उपसभापति को सुरक्षा के लिए पत्र लिख कर दिया. हाइकोर्ट सुरक्षा के लिए सुमन गए थे. प्रशासन ने यह सुरक्षा व्यवस्था की है, हमने नहीं की. पुलिस प्रशासन को लगता है सुमन की हत्या हो सकती है, इसलिए सुरक्षा रखी है. हर किसी को विरोध की आजादी है, देश में विरोध करने का भी तरीका है, लेकिन करणी सेना ने जो तरीका अपनाया, वह अराजकता का तरीका है. मेरा विचार है, यह मेरे पर नहीं बल्कि PDA पर हमला हुआ है.
Agra News: सपा सांसद रामजीलाल सुमन के घर पुलिस फोर्स तैनात
उत्तर प्रदेश के आगरा में राणा सांगा पर टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. आज करणी सेना एतमादपुर क्षेत्र स्थित गढ़ी रामी गांव में ‘स्वाभिमान रैली’ निकालने वाली है, ऐसे में सपा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात है. जिससे कि किसी भी प्रकार से माहौल खराब न हो. साथ ही MG रोड पर किसी भी वाहन के आवागमन पर पुलिस ने रोक लगाई. सुमन के घर पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा है. सुमन के घर से रैली स्थल तक बैरिकेटिंग की गई है. ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है. पुलिस का दावा, अगर आगरा का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, तो कोई नहीं बक्शा जाएगा.
Hamirpur News: रील बनाने वाली युवतियों का 5 हजार का चालान कटा
हमीरपुर में ट्रैफिक नियमों को ताक में रखकर एक बाइक पर चार युवतियों का रील बनाते वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया में वायरल हुआ वीडियो सदर कोतवाली क्षेत्र के चौरा देवी मार्ग का है. इस मार्ग पर बाइक चला रही युवती के साथ पीछे तीन अन्य युवतियां बैठी हुई हैं, जो चलती बाइक में रील बना रही है. किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना हुआ है. चारों युवतियां मेरापुर की बताई जा रही हैं. वीडियो बनाते-बनाते युवतियां नेशनल हाईवे पर पहुंचती हैं, जहां से उन्होंने बीच सड़क पर बाइक को रोककर भी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया है. हालांकि वायरल वीडियो का एसपी ने संज्ञान लेते हुए ट्रैफिक पुलिस को निदेश दिया था जिसके बाद गाड़ी की पहचान करते हुए 5 हजार का जुर्माना लगाया है साथ ट्रैफिक नियमों के बारे जानकारी देते हुए चेतावनी दी है.