UP News Live: कानपुर में ट्रेन में लूटपाट करने वाला गिरोह धराया, लखनऊ में ऑटो चालक ने ट्रैफिक सिपाही को पीटा
मेरठ: भक्त बनकर मंदिर में घुसा चोर, देवी मां के चढ़ावे की रकम लेकर हुआ गिरफ्तार
मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र के मुल्ताननगर स्थित विश्वनाथ मंदिर में चोरी की अनोखी वारदात सामने आई. एक युवक भक्त बनकर मंदिर में आया, पहले देवी मां की प्रतिमा के सामने प्रणाम किया और फिर रेलिंग कूदकर चढ़ावे की सारी रकम जेब में भर ली. पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. लोगों ने आरोपी की पहचान योगेश के रूप में की. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
आगरा में नकली दवाइयों के खिलाफ ड्रग विभाग और STF की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है. शुक्रवार से शुरू हुई छापेमारी आज पांचवें दिन भी चल रही है. फव्वारा स्थित दवा बाजार में हेमा मेडिकल और बंसल मेडिकल के ठिकानों पर दुकान और गोदाम की सील खोलकर करोड़ों की दवाइयों की जांच की जा रही है. अब तक लगभग 3.50 करोड़ की नकली दवाइयों का पर्दाफाश हो चुका है. बताया जा रहा है कि यह दवाइयां तमिलनाडु से आगरा भेजी जाती थीं. हेमा मेडिकल के मालिक हिमांशु ने एक करोड़ की रिश्वत देने की कोशिश की थी, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
अयोध्या: राम की पैड़ी के चौधरी चरण सिंह घाट पर 10 फीट का घड़ियाल
लखनऊ: ऑटो रोकने पर ट्रैफिक सिपाही से मारपीट, चालक ने फाड़ी वर्दी और हुआ फरार
लखनऊ के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के इंद्रानगर में ट्रैफिक नियम तोड़ने पर एक ऑटो चालक ने सिपाही पर हमला कर दिया. जानकारी के मुताबिक, ट्रैफिक सिपाही ने उलटी दिशा में आ रहे ऑटो को रोका तो चालक ने मारपीट शुरू कर दी और सिपाही की वर्दी तक फाड़ दी. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पीड़ित सिपाही ने कल्याणपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है.
सोनभद्र: NCL में विस्थापितों को नौकरी से वंचित करने का आरोप
सोनभद्र में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) पर विस्थापितों के साथ धोखाधड़ी का गंभीर आरोप सामने आया है. जिला पंचायत सदस्य अनिल कुमार यादव ने अधिवक्ता शक्ति सेन के माध्यम से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय में मुकदमा दायर किया है. आरोप है कि संविदा नियमावली का उल्लंघन करते हुए NCL ने 80% आरक्षण नियम की अनदेखी कर बाहरी लोगों को नौकरी दे दी. बीना और खड़िया परियोजना पर दर्ज हुए इस मुकदमे की अगली सुनवाई 8 सितंबर 2025 को होगी. विस्थापितों ने न्याय की मांग तेज कर दी है.
अम्बेडकरनगर जिले के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर नगर में एक गर्भवती महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है. निजी हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर की निगरानी में हुई नार्मल डिलीवरी के दौरान एक पुत्र और दो पुत्रियां पैदा हुईं. माँ और तीनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं. परिवार में इस अनोखी खुशखबरी से उत्साह का माहौल है और परिजन मिठाई बांटकर जश्न मना रहे हैं. इलाके में भी यह खबर चर्चा का विषय बनी हुई है.
लखीमपुर खीरी: मुस्लिम युवतियों ने हिंदू प्रेमियों से रचाई शादी, पंचायत की मौजूदगी में अपनाया हिंदू धर्म
लखीमपुर खीरी के पड़वा थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में अनोखा मामला सामने आया. यहां दो मुस्लिम लड़कियां अपने हिंदू प्रेमियों के घर पहुंचीं और शादी की जिद पर अड़ गईं. मामले पर पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों जोड़ों का विवाह कराने का फैसला लिया गया. पंचायत की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई. शादी के बाद मुस्लिम युवतियों ने हिंदू धर्म अपनाया. रुखसाना ने अपना नाम बदलकर रूबी और जैस्मिन ने चांदनी रखा. इस घटना से गांवभर में चर्चा का माहौल है.

जीआरपी और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में कानपुर में ट्रेन यात्रियों से लूट करने वाले तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में असलम खान समेत तीन लोग शामिल हैं, जिनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मुकदमे दर्ज हैं. ये आरोपी ट्रेन आउटर पर यात्रियों के सामान को झपट्टा मारकर चलती ट्रेन से कूद जाया करते थे. अब तक की जांच में सामने आया है कि उन्होंने 15 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य मामलों की भी पड़ताल जारी है.
अम्बेडकरनगर: पारिवारिक कलह में युवक ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी
अम्बेडकरनगर जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के जाफरगंज में एक व्यक्ति का शव घर के भीतर फंदे से लटकता मिला. मृतक की पहचान तेज प्रताप यादव के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी के साथ वहीं रहता था. प्राथमिक जांच में पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों और आस-पड़ोस में घटना से शोक की लहर है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.