UP News Live: मेरठ से नोएडा तक 8 जिलों में नहीं मिलेंगे पटाखे, नियम तोड़ा तो होगी 5 साल की जेल, पढ़ें यूपी की अहम खबरें
दिल्ली-एनसीआर में पटाखों पर कड़ा प्रतिबंध, उल्लंघन पर 5 साल जेल और जुर्माना
लखनऊ. दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पटाखों के निर्माण, संग्रहण, विक्रय (ऑनलाइन विक्रय समेत) और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया गया है. यह आदेश मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, हापुड़, बागपत, शामली और मुजफ्फरनगर जिलों में भी लागू रहेगा. यदि कोई व्यक्ति या संस्था इस प्रतिबंध का उल्लंघन करती हुई पाई गई तो उसे पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा-15 के तहत कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा. दोषी को 5 साल तक की कैद, एक लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों सज़ा दी जा सकती है. प्रशासन ने सख्ती से नियमों का पालन करने की अपील की है.
अमरोहा में झोलाछाप डॉक्टरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा. रहरा थाना क्षेत्र के ओम बच्चा क्लिनिक में इलाज के दौरान एक नवजात शिशु की मौत हो गई. परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और क्लिनिक पर जमकर हंगामा काटा. शिशु के पिता ने बताया कि इलाज के नाम पर गलत दवा दी गई, जिससे मासूम ने दम तोड़ दिया. सवाल यह उठता है कि आखिर स्वास्थ्य विभाग इन झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा? क्या विभाग किसी और बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है? लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है.
उन्नाव: काम पूरा न होने पर शिक्षक ने छात्र को पीटा, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
उन्नाव के अजगैन कोतवाली क्षेत्र में रेम्स इंटर कॉलेज के कक्षा 6 के छात्र अमन को टीचर ने बेरहमी से पीट दिया. अमन बीमार होने के कारण कई दिनों तक स्कूल नहीं जा सका था. 26 अगस्त को जब वह स्कूल पहुंचा तो शिक्षक ने काम पूरा न होने पर उसकी पिटाई कर दी. छात्र की मां ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने बच्चे को बुरी तरह मारा, जिससे वह डरा-सहमा है. पीड़ित परिवार ने अजगैन कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. इस घटना से क्षेत्र के अभिभावकों में आक्रोश देखा जा रहा है.
गाजियाबाद में नगर निगम और प्रशासन मिलकर ग्रेटर गाजियाबाद बनाने की तैयारी लगभग पूरी कर चुके हैं. इसके लिए खोड़ा, कनावनी, लोनी और डासना नगर पंचायतों के साथ मुरादनगर के करीब 20 गांवों को जोड़े जाने की योजना है. सभी क्षेत्रों के नक्शों का मिलान कराया जा चुका है और रिपोर्ट लगभग तैयार हो गई है. अब यह रिपोर्ट शासन को भेजने की तैयारी चल रही है. स्वीकृति मिलते ही आगे की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी. इस कदम से गाजियाबाद को नया स्वरूप मिलेगा और विकास की दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
गाजियाबाद में मुठभेड़, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
गाजियाबाद थाना विजयनगर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट, छीना-झपटी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया. मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह पुलिस से रहम की भीख मांगते हुए बोला – “मुझे माफ कर दो बाबूजी, मुझसे गलती हो गई.” पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया. इनके कब्जे से अवैध असलहा और लूट का सामान बरामद हुआ. दोनों आरोपियों पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले गिरोह पर बड़ा प्रहार हुआ है.