UP News Live: लखनऊ KGMU में मजारों पर ‘हथौड़ा’ चलने की तैयारी, सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा, 3 की मौके पर मौत

0
UP News Live: लखनऊ KGMU में मजारों पर ‘हथौड़ा’ चलने की तैयारी, सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा, 3 की मौके पर मौत


UP Breaking News Today Live: उत्तर प्रदेश में आज हलचलों भरा दिन है. एक तरफ जहां गाजियाबाद में तीन बहनों की आत्महत्या के बाद प्रशासन ने ‘खूनी’ ऑनलाइन गेम्स पर प्रतिबंध लगाने के लिए कमर कस ली है, वहीं राजधानी लखनऊ में विधानमंडल का बजट सत्र हंगामे के साथ शुरू होने जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के बच्चों के नाम भावुक पत्र लिखकर उन्हें मोबाइल और चाइनीज मांझे से दूर रहने की सलाह दी है. आइए जानते हैं प्रदेश की हर छोटी-बड़ी अपडेट…

गोंडा: भूमाफिया खलील और बेटे पर गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई
गोंडा में जिला प्रशासन ने भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए खलील और उसके बेटे तौफीक की 52 लाख 42 हजार रुपये की संपत्ति सीज कर दी है. डीएम के आदेश पर धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की गई. खलील पर अवैध कब्जे के कई मामले दर्ज हैं और पुलिस पहले ही उसे जेल भेज चुकी है.

लखनऊ: बजट सत्र के पहले दिन सीएम योगी का बड़ा बयान
विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत पर सीएम योगी ने कहा कि यूपी अब ‘बीमारू’ राज्य की श्रेणी से बाहर निकलकर देश के विकास का इंजन बन चुका है. उन्होंने कहा कि आज राज्यपाल का अभिभाषण और आर्थिक सर्वेक्षण पेश होगा. वर्ष 2026-27 का सामान्य बजट पेश किया जाएगा. सीएम ने विपक्ष से अपील की कि लोकतंत्र संवाद से चलता है, सदन की कार्यवाही को बाधित न करें.

सोनभद्र: शॉपिंग मॉल बना ‘रणक्षेत्र’, पत्नी ने बॉयफ्रेंड को रंगे हाथ पकड़ा
रॉबर्ट्सगंज के सिटीकार्ट शॉपिंग मॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला ने अपने पति को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ शॉपिंग करते हुए पकड़ लिया. इसके बाद पत्नी और गर्लफ्रेंड के बीच जमकर हाथापाई हुई. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हंगामे के बीच पति (बॉयफ्रेंड) मौके से फरार हो गया.

मेरठ: हिस्ट्रीशीटर के साथ भागी महिला सिपाही! 20 घंटे में बरामद
मेरठ में एक अनोखा मामला सामने आया है. अलीगढ़ में तैनात महिला सिपाही संध्या, अपनी शादी से ठीक पहले 11 मुकदमों के आरोपी हिस्ट्रीशीटर अंकित चौहान के साथ लापता हो गई. परिजनों ने अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद बहसुमा पुलिस ने 20 घंटे की मशक्कत के बाद सिपाही को बरामद कर लिया है. दोनों के बीच प्रेम संबंधों की चर्चा तेज है.

बरेली: शादी के मंडप से 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
शाहजहांपुर के भाजपा जिला उपाध्यक्ष पंकज सिंह पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी अक्षय कदम मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया है. दिलचस्प बात यह है कि पुलिस को उसकी लोकेशन ‘शादी के कार्ड’ से मिली. वह मुंबई में शादी करने जा रहा था, तभी पुलिस ने दबिश दी. उसे ट्रांजिट रिमांड पर शाहजहांपुर लाया जा रहा है.

अमरोहा: शादी में जा रही महिलाओं से छेड़छाड़, दो पक्षों में खूनी संघर्ष
गजरौला के तिगरिया भूड़ गांव में शादी समारोह में जा रही महिलाओं से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो गुट आपस में भिड़ गए. जमकर हुई मारपीट में 4 युवक घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, पुलिस जांच में जुटी है.

लखनऊ: KGMU परिसर से हटेंगी मजारें, प्रशासन आज जारी करेगा दूसरा नोटिस
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) परिसर में अवैध मजारों को लेकर विवाद बढ़ गया है. प्रशासन ने क्वीन मेरी गेट, ट्रॉमा सेंटर और टीजी हॉस्टल समेत 5 जगहों पर मजारें चिह्नित की हैं. 23 जनवरी को दिए गए पहले नोटिस का असर न होने पर आज दूसरा नोटिस चस्पा किया जाएगा. इसके बाद प्रशासन बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने का विकल्प चुन सकता है. हालांकि, इस कार्रवाई का भारी विरोध भी शुरू हो गया है.

कानपुर: HDFC बैंक में महिला कर्मी की दबंगई, ‘ठाकुर हूं’ कहकर दी गालियां
कानपुर के पनकी स्थित HDFC बैंक की शाखा का एक शर्मनाक वीडियो वायरल हो रहा है. यहां तैनात कर्मचारी आस्था सिंह ने एक ग्राहक के साथ न केवल बदतमीजी की, बल्कि “ठाकुर हूं मैं” कहकर जातिगत रौब भी झाड़ा. वीडियो में महिला कर्मचारी लैपटॉप तानकर हमला करने की कोशिश करती और भद्दी गालियां देती दिख रही है. इस घटना से बैंक की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

सीतापुर: सीएम योगी का दौरा, ‘गोरख अमृत धारा’ का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर 2:05 बजे सीतापुर पहुंचेंगे. वे तपोधाम आश्रम में मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में शामिल होंगे और नव-निर्मित गोरख अमृत धारा फव्वारे व भवन का लोकार्पण करेंगे. इस कार्यक्रम में राजस्थान के तिजारा विधायक योगी बालकनाथ भी मौजूद रहेंगे.

गाजियाबाद: पूर्व सैनिक के घर पुलिस की छापेमारी, मिले प्रतिबंधित कारतूस
मोदीनगर में पत्नी के साथ मारपीट करने वाले पूर्व सैनिक आदेश कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पत्नी की शिकायत पर जब पुलिस ने राधाकुंज कॉलोनी स्थित घर पर छापा मारा, तो वहां से 42 प्रतिबंधित कारतूस (7.62 MM और 9 MM) बरामद हुए. आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें गठित की गई हैं.

सोनभद्र: तेज रफ्तार ट्रक का कहर, 3 की मौत
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. तिलक समारोह से लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया. मृतकों में चन्द्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य दयाशंकर सिंह मौर्य, उनके भाई और एक रिश्तेदार शामिल हैं. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

लखनऊ: विधानसभा सत्र को लेकर अभेद्य सुरक्षा
विधानसभा के बजट सत्र को देखते हुए लखनऊ पुलिस अलर्ट पर है. पूरे इलाके को 10 सेक्टरों में बांटा गया है. सुरक्षा की कमान 1000 पुलिसकर्मियों, 6 कंपनी पीएसी और आरएएफ (RRF) के हाथों में है. ट्रैफिक डायवर्जन के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि जनता को असुविधा न हो.

गाजियाबाद: 3 बहनों की मौत के बाद 4 ऑनलाइन गेम्स पर बैन की सिफारिश
गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन में तीन बहनों के सुसाइड केस में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. डीसीपी ने शासन को भेजी रिपोर्ट में पॉपी प्लेटाइम, द बेबी इन यलो, ईविल नन और आई-स्क्रीम जैसे गेम्स पर देशभर में प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है. सुसाइड नोट में किशोरियों ने इन गेम्स को अपना पसंदीदा बताया था. पुलिस का मानना है कि इन गेम्स की लत ने ही उन्हें आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर किया.

लखनऊ: विधानमंडल का बजट सत्र आज से, विपक्ष के तेवर कड़े
यूपी विधानमंडल का बजट सत्र आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से शुरू होगा. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगे. इस सत्र में 11 विधेयकों को मंजूरी मिलनी है. हालांकि, विपक्ष ने कानून व्यवस्था और अमेरिका के साथ ट्रेड डील जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है, जिससे सदन के हंगामेदार रहने के आसार हैं.

सीएम योगी की ‘पाती’: बच्चों को मोबाइल और रील से बचने की सलाह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के बच्चों के नाम एक पत्र लिखा है. उन्होंने चाइनीज मांझे को जानलेवा बताते हुए उससे दूरी बनाने और अवैध बिक्री की सूचना पुलिस को देने की अपील की है. सीएम ने मोबाइल की लत पर चिंता जताते हुए कहा कि ‘गेम और रील’ बच्चों का कीमती समय बर्बाद कर रहे हैं. उन्होंने बोर्ड परीक्षार्थियों को ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन’ का मंत्र देते हुए बिना डरे परीक्षा देने का आशीर्वाद दिया.

बरेली: मौलाना शहाबुद्दीन का बड़ा बयान- ‘असुरक्षित महसूस करने वाले छोड़ दें देश’
बरेली के मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना शहाबुद्दीन ने मौलाना जर्जिस अंसारी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने जर्जिस को ‘खूंखार अपराधी’ बताते हुए उन पर भड़काऊ बयानबाजी का आरोप लगाया. शहाबुद्दीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुसलमान सबसे सुरक्षित हैं और जिन्हें यहां डर लगता है, वे देश छोड़ सकते हैं.

प्रयागराज: भावुक विदाई के साथ माघ मेले का समापन
माघी पूर्णिमा के साथ ही संगम की रेती पर बसा ‘तंबुओं का शहर’ अब खाली होने लगा है. श्रद्धालु और कल्पवासी अगले साल आने का वादा कर अपने घरों को लौट रहे हैं. प्रशासन के मुताबिक, मेले के स्वास्थ्य शिविरों में अब तक 2.25 लाख से ज्यादा लोगों का इलाज किया गया. खास बात यह रही कि मेले के अस्पतालों में दो बच्चियों (गंगा और मोनिका) का जन्म भी हुआ. औपचारिक समापन 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर होगा.

लखनऊ एयरपोर्ट: लावारिस हालत में मिला 2 करोड़ का सोना
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग को बड़ी कामयाबी मिली है. जेद्दा से आई फ्लाइट की एक सीट के नीचे लावारिस हालत में 3.300 किलोग्राम सोना पेस्ट के रूप में मिला. इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है. सफाई कर्मचारियों की सूचना पर कस्टम ने सोना जब्त कर जांच शुरू कर दी है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *