UP News Live: लखीमपुर में भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत, वाराणसी में ‘कफ सिरप’ माफिया के कोर ग्रुप पर गिरी गाज, पढ़ें प्रदेश की बड़ी खबरें

0
UP News Live: लखीमपुर में भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत, वाराणसी में ‘कफ सिरप’ माफिया के कोर ग्रुप पर गिरी गाज, पढ़ें प्रदेश की बड़ी खबरें


UP Breaking News Today Live: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र से ठीक पहले आज सूबे की राजधानी लखनऊ सियासी गतिविधियों का केंद्र बनी हुई है. सूबे में आज हादसों और पुलिसिया कार्रवाई की बड़ी खबरें छाई हुई हैं. लखीमपुर खीरी में एक ऑटो के पलटने से चार लोगों की जान चली गई, वहीं वाराणसी पुलिस ने नशे के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है. वहीं, लखनऊ में जहां ठगों ने एक बुजुर्ग को बैंक के अंदर ही डिजिटल अरेस्ट कर लिया, आगरा में एक शख्स जो 13 साल पहले कागजों में ‘मर’ चुका था, वह सड़क पर स्कूटी दौड़ाते मिला. आइए जानते हैं यूपी की पल-पल की अपडेट…

लखीमपुर खीरी: रात 1 बजे चीख-पुकार, ऑटो पलटने से 4 की मौत
धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के बसंतापुर के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. धौरहरा से ऊंचागांव खमरिया जा रहा एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर पलट गया. हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हैं. 2 की हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

वाराणसी: कफ सिरप सिंडिकेट का सबसे बड़ा भंडाफोड़, किंगपिन गिरफ्तार
वाराणसी पुलिस ने कोडिन कफ सिरप की तस्करी करने वाले सिंडिकेट के ‘कोर ग्रुप’ को दबोच लिया है. मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल और दिवेश जायसवाल (जिसके घर ED छापा मार चुकी है) समेत 5 लोग वाराणसी-मिर्जापुर बॉर्डर से गिरफ्तार. ये सभी नेपाल भागने की फिराक में थे. फर्जी फर्मों के जरिए लाखों कफ सिरप की खेप बांग्लादेश भेजी जाती थी. इन्होंने इस गोरखधंधे से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है.

आगरा: कार के अंदर सनसनीखेज सुसाइड, शव देख कांप गए लोग
आगरा थाना सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम में एक शख्स ने कार के अंदर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान निखिल स्टेट कॉलोनी निवासी विश्वजीत सिंह के रूप में हुई है. गाड़ी से पिस्टल, शराब की खाली बोतल और ₹9700 बरामद हुए हैं. आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है.

मेरठ: नशे के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, 55 लाख की दवाएं जब्त
टीपीनगर और ब्रह्मपुरी पुलिस ने एक संयुक्त छापेमारी में नशीली दवाओं के एक बड़े गोदाम का पर्दाफाश किया है. करीब 55 लाख की प्रतिबंधित नशीली दवाएं, कफ सिरप और साइकोट्रॉपिक ड्रग्स जब्त. बिना लाइसेंस कारोबार कर रहे तुषार गर्ग को गिरफ्तार किया गया है.

संतकबीरनगर: चंद्रशेखर आजाद की ‘संविधान बचाओ’ महारैली आज
सांसद चंद्रशेखर आजाद आज संतकबीरनगर में शक्ति प्रदर्शन करेंगे. आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बैनर तले ‘संविधान अधिकार बचाओ, भाईचारा बनाओ’ महारैली का आयोजन शहर कोतवाली के जूनियर हाईस्कूल परिसर में किया जा रहा है. बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की उम्मीद है.

लखनऊ: बैंक में ढाई घंटे ‘डिजिटल अरेस्ट’, अफसर की सूझबूझ से बचे 80 लाख
आशियाना निवासी और नगर निगम के रिटायर इंस्पेक्टर छेदीलाल को ठगों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर लिया. ठगों ने खुद को ATS पुणे का अधिकारी बताकर डराया कि उनके खाते से ‘टेरर फंडिंग’ हुई है. जब वह 80 लाख रुपये ट्रांसफर करने ही वाले थे, तभी गोमती नगर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के अधिकारी मनीष सिंह को शक हुआ. उन्होंने ठगों को फटकार लगाई और बुजुर्ग की जीवन भर की जमा पूंजी बचा ली.

आगरा: ‘मौत’ का फर्जीवाड़ा बेनकाब! 13 साल बाद स्कूटी चलाते मिला ताराचंद
आगरा में एक ऐसा मामला सामने आया है जो फिल्मी पटकथा जैसा है. 13 साल पहले संपत्ति विवाद में फंसे ताराचंद ने खुद को मृत घोषित करवा दिया था. बेटे के शपथपत्र और फर्जी डेथ सर्टिफिकेट पर पुलिस ने भी उसे मृत मान लिया था. वादी के बेटे ने उसे सड़क पर स्कूटी चलाते देखा और फोटो खींच ली. कोर्ट के आदेश पर हुई जांच में अब पुलिस ने ताराचंद के जीवित होने की पुष्टि की है. कोर्ट ने अब आरोपी और तत्कालीन विवेचक को नोटिस जारी किया है.

चित्रकूट: मंदिर में युवती को बंधक बनाकर रेप, बाइक फूंकी, भारी तनाव
राजापुर थाना क्षेत्र में दीपक जलाने गई एक युवती के साथ मंदिर में ही दरिंदगी की गई. घात लगाकर बैठे आरोपी ने युवती का मुंह बांधकर रेप किया. परिजनों के पहुंचने पर आरोपी फरार हो गया. गुस्साए परिजनों ने आरोपी की बाइक को आग के हवाले कर दिया. गांव में भारी तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस और PAC तैनात की गई है. आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.

लखनऊ: जानलेवा शर्त! ‘नीट’ शराब पीने से पेंटर की मौत
दुबग्गा निवासी 30 वर्षीय पेंटर जितेंद्र राजपूत की शराब पीने की शर्त ने जान ले ली. दोस्तों के साथ शर्त लगाकर जितेंद्र बिना पानी मिलाए (नीट) तीन क्वार्टर शराब पी गया. हालत बिगड़ने पर दोस्त उसे सड़क पर छोड़कर भाग गए. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

बिजनौर: सांसद चंद्रशेखर आजाद का कटा चालान
नियमों की धज्जियां उड़ाने पर सांसद चंद्रशेखर आजाद की स्कूटी का चालान काटा गया है. संत रविदास जयंती पर सांसद एक स्कूटी पर तीन लोगों के साथ सवार होकर निकले थे, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने ₹1000 का चालान काटा.

लखनऊ: विधानसभा के सामने प्रदर्शन पर FIR
शनिवार को विधानसभा के गेट नंबर 1, 2 और 3 के सामने बिना अनुमति नारेबाजी करने वाले सुहेलदेव आर्मी और मार्शल समाज संगठन के कार्यकर्ताओं पर हजरतगंज कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है. यूजीसी प्रावधानों को लेकर योगेश पासी की अगुवाई में यह प्रदर्शन हुआ था.

संभल: AIMIM जिलाध्यक्ष का विवादित बयान
संभल में AIMIM जिलाध्यक्ष असद उल्लाह ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि ‘जहां बीजेपी सरकार है, वहां मुसलमानों पर जुल्म हो रहा है और जुल्म जब हद से बढ़ता है तो मिट जाता है.’ उन्होंने बीजेपी की तानाशाही जल्द खत्म होने का दावा किया.

लखनऊ: केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह को बड़ी राहत, FIR के आदेश रद्द
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह को बड़ी राहत दी है. हाईकोर्ट ने निचली अदालत के उस आदेश को रद्द कर दिया है जिसमें मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज करने को कहा गया था. अजय सिंह नामक व्यक्ति ने उन पर जमीन हड़पने और धोखाधड़ी का आरोप लगाया था. हाईकोर्ट ने सेशन कोर्ट को मामले का दोबारा गुण-दोष के आधार पर निपटारा करने को कहा है और मंत्री को मिली अंतरिम राहत अंतिम फैसले तक जारी रहेगी.

बहराइच: 10 फरवरी से बंद हो सकता है संजय सेतु, बढ़ेगी राजधानी की दूरी
घाघरा नदी पर बना ऐतिहासिक संजय सेतु (1984 में निर्मित) मरम्मत के चलते 10 फरवरी से बंद हो सकता है. पुल के जॉइन्टर में दरार और बेयरिंग खराब होने के कारण NHAI ने 2 महीने का समय मांगा है. बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा और बलरामपुर के लोगों को लखनऊ जाने के लिए अब लंबा रास्ता तय करना होगा. स्थानीय लोग और विधायक सरकार से पेंटून पुल बनाने की मांग कर रहे हैं.

प्रयागराज: शादी की खरीदारी को लेकर विवाद, बहनोई ने साले की गला दबाकर की हत्या
सोरांव के सेवइत गांव में खुशियां मातम में बदल गईं. छोटी बहन काजल की शादी से पहले भाई अनिल की हत्या कर दी गई. बैंक से पैसे निकालने और खरीदारी को लेकर अनिल का अपने पिता गुड्डू लाल से झगड़ा हुआ था. बीच-बचाव करने आए बहनोई राजू (बिहार निवासी) ने साले अनिल को बांधकर पीटा और गला दबा दिया. बताया जा रहा है कि तीनों शराब के नशे में थे. पुलिस ने आरोपी बहनोई को हिरासत में ले लिया है.

गाजियाबाद सुसाइड केस: 7 साल पुरानी मौत का जिन्न फिर बाहर आया
तीन नाबालिग बच्चियों की आत्महत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. जांच में सामने आया है कि 7 साल पहले मृतक बच्चियों की मौसी (पिता की साली) की भी संदिग्ध परिस्थितियों में बालकनी से गिरकर मौत हुई थी. तब भी वह बच्चियों के पिता चेतन के घर पर ही थी. पुलिस अब इस पुराने कनेक्शन की भी जांच कर रही है.

बागपत में फायरिंग, सुल्तानपुर में तीन तलाक
बागपत: दोघट क्षेत्र में फिल्मी स्टाइल में अवैध असलहे से फायरिंग करने वाले दो युवकों का वीडियो वायरल हुआ है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
सुल्तानपुर: दहेज में कार और 3 लाख रुपये न मिलने पर एक शख्स ने अपनी पत्नी और 5 बच्चों को घर से निकाल दिया और तीन तलाक दे दिया. पति ने दूसरी शादी भी कर ली है. पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है.
आगरा: शाहगंज क्षेत्र में एयरफोर्स स्टेशन के बाहर चलती कार से स्टंटबाजी का वीडियो वायरल हुआ है. पुलिस वीडियो के आधार पर लड़कों की पहचान कर रही है.

यूपी विधानसभा बजट सत्र: आज लखनऊ में बैठकों का ‘सुपर संडे’
कल यानी 9 फरवरी से शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र (20 फरवरी तक) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने कमर कस ली है. शाम 5:30 बजे लोकभवन में सीएम योगी की अध्यक्षता में एनडीए विधायक दल की बैठक होगी. इसमें बीजेपी और सहयोगी दलों के विधायक शामिल होंगे. वहीं, सुबह 11:30 बजे अखिलेश यादव की अध्यक्षता में सपा कार्यालय में बैठक होगी. सपा विधायक सदन में SIR के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में हैं.

प्रयागराज: महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार का अस्थि विसर्जन आज
विमान हादसे में जान गंवाने वाले महाराष्ट्र के दिग्गज नेता अजित पवार का अस्थि कलश आज प्रयागराज लाया जाएगा. सुबह 10 बजे वीवीआईपी घाट से अस्थि कलश संगम ले जाया जाएगा, जहां पूरे विधि-विधान के साथ अस्थि विसर्जन होगा. जिला प्रशासन और मेला प्राधिकरण ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.

सोनभद्र: क्रेशर व्यवसायी की बेरहमी से हत्या, इलाके में सनसनी
सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने क्रेशर व्यवसायी विष्णु हरि उपाध्याय की सिर कूचकर हत्या कर दी. वारदात उस समय हुई जब वह प्लांट पर सो रहे थे. वह गिरधर स्टोन के मालिक माधव हरि उपाध्याय के भाई थे. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस घटना से खनन कारोबारियों में भारी आक्रोश है.

लखनऊ: पुराने शहर में आज दो बड़े प्रदर्शन, सुरक्षा सख्त
राजधानी के पुराने लखनऊ में शिया समुदाय आज पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चा खोलेगा. इस्लामाबाद की मस्जिद में हुए बम विस्फोट के खिलाफ हैदरी टास्क फोर्स और हुसैनी टाइगर प्रदर्शन करेंगे और पाकिस्तान का पुतला जलाएंगे. छोटे इमामबाड़े पर शिया वक्फ बोर्ड के खिलाफ भी प्रदर्शन का ऐलान किया गया है.

मेरठ: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 55 लाख की नशीली दवाएं की जब्त
थाना टीपी नगर क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक गोदाम में छापा मारकर प्रतिबंधित नशीली दवाओं का बड़ा जखीरा बरामद किया है. बरामद दवाओं की कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है. गोदाम मालिक को हिरासत में लेकर पुलिस ड्रग्स नेक्सस खंगालने में जुटी है.

प्रयागराज: गालीबाज चौकी इंचार्ज पर गिरी गाज, हुए लाइन हाजिर
यमुनानगर जोन के औद्योगिक थाने की रामपुर चौकी के इंचार्ज राहुल सिंह को डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है. दरोगा ने पीड़ित के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की थी, जिसे पीड़ित ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था. अब उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.

लखनऊ: KGMU मजार विवाद और पोस्टर वॉर
लखनऊ के KGMU में अतिक्रमण हटाने का मामला गरमाया हुआ है, सोमवार को मजारों के खिलाफ दूसरा नोटिस जारी होगा. वहीं, शहर के प्रमुख चौराहों पर मुर्शिदाबाद बाबरी मस्जिद निर्माण के विरोध में “बटोंगे तो कटोगे” के पोस्टर लगाए गए हैं.

लखनऊ: KGMU में मजारों पर चलेगा बुलडोजर? दूसरा नोटिस जारी होने की तैयारी
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) परिसर में अवैध रूप से बनी मजारों को हटाने का विवाद बढ़ गया है. प्रशासन अब सोमवार को **दूसरा नोटिस** जारी करने जा रहा है. 23 जनवरी को पहला नोटिस दिया गया था, लेकिन 15 दिन बाद भी अतिक्रमण नहीं हटा. क्वीन मेरी गेट, ट्रॉमा सेंटर, और माइक्रोबायोलॉजी विभाग समेत 5 जगहों पर मजारें चिन्हित हैं. नोटिस चस्पा होने के बाद से ही भारी विरोध शुरू हो गया है, प्रशासन अब अगले कड़े कदम उठाने की तैयारी में है.

मौलाना जर्जिस का भड़काऊ बयान, ‘राम मंदिर आज भी बाबरी है और रहेगी’
विवादित बयानों के लिए चर्चित मौलाना जर्जिस अंसारी ने एक बार फिर जहर उगला है. अयोध्या को लेकर दिए गए भड़काऊ भाषण में मौलाना ने कहा, ‘मस्जिद छीन लेने से वो तुम्हारी (हिंदुओं की) नहीं हो जाएगी, वो कयामत तक हमारे लिए मस्जिद ही रहेगी.’ जर्जिश ने मुसलमानों के बीच तकरीर करते हुए इसे ‘कब्जा’ करार दिया. बता दें कि जर्जिश पहले भी यूपी को मुस्लिमों के लिए असुरक्षित बता चुका है.

लखनऊ में पोस्टर वॉर, ‘हुमायूं हम आएंगे, बाबरी फिर गिराएंगे’
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बन रही बाबरी मस्जिद के खिलाफ लखनऊ की सड़कों पर विवादित पोस्टर लगे हैं. विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने हजरतगंज और 1090 चौराहे पर ये पोस्टर लगाए हैं. “बटोंगे तो कटोगे” और “हिंदुओं की विरोधी सरकार में मुर्शिदाबाद में होगा आर-पार”. परिषद ने 10 फरवरी को मुर्शिदाबाद कूच करने की चेतावनी दी है.

गाजियाबाद: रेलवे स्टेशन पर शॉर्ट सर्किट से मचा हड़कंप
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 पर स्थित SSE पावर वुडन रूम में अचानक भीषण आग लग गई. RPF और GRP की टीम ने तुरंत अग्निशमन यंत्रों का इस्तेमाल किया. समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे स्टेशन पर कोई हताहत नहीं हुआ. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

कानपुर: ‘007 लॉन्ज’ पर पुलिस का रेड, अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़
कानपुर की कोतवाली पुलिस ने नवीन मार्केट स्थित 007 लॉन्ज में देर रात छापेमारी की. पुलिस कमिश्नर को मिली गुप्त सूचना पर भारी फोर्स ने कार्रवाई की. 13 हुक्का सेट, 21 चिलम, 55 कोल पैकेट और 40 फ्लेवर जब्त. मौके से 5 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने BNS और कोटपा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है.

प्रयागराज: नहर के पास मिली युवती की लाश की हुई शिनाख्त
मऊआइमा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी सुलझ गई है. मृतका की पहचान मुस्कान मिश्रा (प्रतापगढ़) के रूप में हुई है. मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और शव का पंचायतनामा भर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

बिजनौर: तेज रफ्तार कार ने ली चाचा-भतीजे की जान
झालू मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा और भतीजे की मौत हो गई. एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों कई मीटर दूर जाकर गिरे. घटना का दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज सामने आया है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *