UP News Live: संभल में बिजली चोरी का बड़ा खुलासा, 5000 से ज्यादा उपभोक्ता नहीं दे रहे बिल, गांव पर 2 करोड़ बकाया
देश में शरिया कानून लागू करने की साजिश: डॉक्टर ओसामा माज़ एटीएस की कस्टडी में
यूपी एटीएस ने डॉक्टर ओसामा माज़ को देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में ठाणे, महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है. वह 15 अगस्त सुबह 11 बजे से 23 अगस्त शाम 6 बजे तक एटीएस की कस्टडी रिमांड पर रहेगा. ओसामा Reviving Islam नामक सिग्नल ऐप ग्रुप से जुड़ा था और इंस्टाग्राम पर भी कट्टरपंथियों से संपर्क में था. वह हिंसक जिहाद के जरिए देश में शरिया कानून लागू करना चाहता था. एटीएस उससे पूछताछ कर रही है.
बुलंदशहर के चर्चित ‘वाहिद हत्याकांड’ में 13 साल बाद ज़िला अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है. ज़िला जज की कोर्ट ने 24 अगस्त 2012 को हुए हत्या कांड में 12 नामजद आरोपियों को दोषी ठहराया है. मामूली विवाद में हुई हत्या के बाद दो जातियों में तनाव फैल गया था. 15 आरोपी थे, जिनमें 3 की ट्रायल के दौरान मौत हो गई. अब 19 अगस्त को कोर्ट दोषियों को सजा और जुर्माने की घोषणा करेगी.
प्रयागराज: नैनी में चेन स्नैचिंग की दो घटनाओं का खुलासा, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
प्रयागराज के यमुनानगर जोन स्थित नैनी क्षेत्र में हाल ही में चेन स्नैचिंग की दो अलग-अलग घटनाओं ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है. पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक अभियुक्त की पहचान कर ली है. यह आरोपी 23 जुलाई को जेल रोड और 24 जुलाई को शंकरढाल इलाके के पास हुई चेन छिनैती की घटनाओं में शामिल रहा है. इन वारदातों के बाद पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है. पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के बारे में जानकारी देने वाले व्यक्ति को ₹25,000 का नकद इनाम देने की घोषणा की है. साथ ही, यह भी आश्वासन दिया गया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
अयोध्या: सीएचसी रुदौली की स्टाफ नर्सों ने लेबर रूम को बनाया रील स्टूडियो
अयोध्या के रुदौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्टाफ नर्सों का एक वीडियो वायरल हो गया है जिसमें वे सिविल ड्रेस में लेबर रूम के अंदर फिल्मी गानों पर डांस करती नजर आ रही हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो 10 दिन पुराना है और इसे एक नर्स ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया था. वीडियो वायरल होते ही उसे इंस्टाग्राम से हटा दिया गया. स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुटा है.
मुजफ्फरनगर की पॉक्सो कोर्ट ने एक सनसनीखेज मामले में अहम फैसला सुनाया है. तीन माह पहले मंसूरपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है. कोर्ट ने इस जघन्य अपराध को समाज के लिए घातक बताते हुए आरोपी को दोषी करार दिया और उसे कठोरतम सजा दी. यह फैसला पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में एक बड़ी राहत मानी जा रही है. प्रशासन ने इसे त्वरित न्याय की मिसाल बताया है.
संभल: बिजली चोरी का बड़ा खुलासा, 5000 से ज्यादा उपभोक्ता नहीं दे रहे बिल, गांव पर 2 करोड़ बकाया
अमरोहा में गंगा का कहर: 5 मीटर अप्रोच सड़क बहने से टूटा आवागमन
अमरोहा: गंगा नदी में जलस्तर बढ़ने से हसनपुर तहसील के रेहरा थाना क्षेत्र के गंगानगर गांव में अफरा-तफरी मच गई. पानी के तेज बहाव में पुल की 5 मीटर अप्रोच सड़क बह गई, जिससे अमरोहा और बुलंदशहर के बीच आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. बाढ़ खंड विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर मरम्मत में जुटे हैं.
सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र में एक रोडवेज बस में ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, बड़ी राहत की बात रही कि सभी यात्री सुरक्षित बच गए. टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को दूसरी बस की मदद से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया. हादसे के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
सीतापुर: शातिर चोरों का तांडव, चार दुकानों के शटर काटकर लाखों की चोरी
चंदौली: स्वतंत्रता दिवस से पहले डीडीयू स्टेशन पर RPF-GRP का सघन चेकिंग अभियान
लखनऊ एयरपोर्ट पर 15 अगस्त से 24 घंटे उड़ानें, पांच माह बाद दिन में फिर शुरू होगा संचालन
लखनऊ एयरपोर्ट से 15 अगस्त से फिर से 24 घंटे उड़ानें शुरू होंगी. साढ़े पांच महीने बाद दिन में उड़ान सेवाएं बहाल की जा रही हैं. एक मार्च से 15 जुलाई तक रनवे अपग्रेड और टैक्सी-वे निर्माण कार्य के चलते दिन में उड़ानें बंद थीं. अब नया टैक्सी-वे और रनवे की रिकॉर्पेटिंग का कार्य पूरा हो गया है, जिससे विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ में सुविधा बढ़ेगी. उड़ानों की संख्या 120 से अधिक बढ़ने की संभावना है. टर्मिनल 1, 2 और 3 के एकीकरण से एयरपोर्ट की क्षमता दोगुनी से भी अधिक हो जाएगी.
लखनऊ में मंत्री रवींद्र जायसवाल ने घोषणा की कि अब हर संपत्ति की रजिस्ट्री पर बारकोड अनिवार्य होगा. इस बारकोड से पता चलेगा कि संपत्ति कब, किसने और किसको बेची थी. यह कदम संपत्ति लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ाएगा और धोखाधड़ी की आशंका को कम करेगा. मंत्री ने कहा कि धर्म, जाति और पार्टी से ऊपर देश है. इस तकनीकी पहल से सरकार आम नागरिकों को अधिकार सुरक्षित करने और भ्रस्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
लखनऊ: मूसलाधार बारिश से अलीगंज में 15 फीट सड़क धंसी, हड़कंप
लखनऊ में देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद अलीगंज इलाके में राधेलाल स्वीट्स के सामने सड़क करीब 15 फीट तक धंस गई. भारी बारिश के चलते सड़क के नीचे की मिट्टी बह जाने से यह हादसा हुआ. मौके पर नगर निगम जोन-3 के अफसर पहुंचे और रास्ते को तुरंत बंद कराया गया. बीती रात महज 6 घंटे में 94.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. स्थानीय लोग हादसे के डर से सहमे हुए हैं.
प्रदेश में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता है. पहली अप्रैल से 12 अगस्त 2025 तक 29.52 लाख मीट्रिक टन खाद बिक चुकी है, जो पिछले साल की तुलना में 4.71 लाख मीट्रिक टन अधिक है. योगी सरकार ने सभी 18 मंडलों में खाद की स्थिति पर रिपोर्ट जारी की है. कृषि मंत्री ने अधिकारियों को जिलों में नियमित मॉनीटरिंग के निर्देश दिए हैं. साथ ही, किसानों से अपील की गई है कि वे खाद का भंडारण न करें, जब जरूरत हो तभी खरीदें. सरकार ने कालाबाजारी करने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.
बलिया में तालिबानी सजा का वीडियो वायरल, दबंगों की दरिंदगी पर पुलिस चुप
बलिया के फरसाटार गांव (उभाव थाना) में दबंगों ने युवक को तालिबानी सजा दी. युवक को तमंचे के बल पर अगवा कर पहले ज़हर पिलाया, फिर हाथ-पैर बांधकर गड्ढे में फेंक दिया. इस पूरी घटना का वीडियो युवक के ही मोबाइल से बनाकर उसके भाई को भेजा गया. पीड़ित परिवार का आरोप है कि इन दबंगों ने पहले युवक के पिता की हत्या की थी और अब पैरवी न करने की धमकी दे रहे हैं. परिजनों ने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. घटना से इलाके में दहशत फैली है.
मऊ: करणी सेना के पूर्व अध्यक्ष की अवैध वसूली में पिटाई, वीडियो वायरल
मऊ-गाजीपुर बॉर्डर पर करणी सेना के पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह परिहार की अवैध वसूली के आरोप में सरेराह लाठी-डंडों से जमकर पिटाई हुई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि परिहार को सड़क पर दौड़ाकर पीटा गया. कुछ दिन पहले ही वह मंत्री दारा सिंह चौहान के पोस्टर पर जूते मारने और उनके करीबी सपा नेता की पिटाई को लेकर सुर्खियों में आए थे. अब खुद पिटने के वीडियो से फिर चर्चा में हैं. मामला स्थानीय प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है.
सीतापुर जिले के सिधौली थाना क्षेत्र के जसवंतपुर गांव में दरोगा द्वारा बेरहमी से पिटाई के बाद 26 वर्षीय युवक सत्यपाल की मौत हो गई. युवक मंगलवार रात अपनी दुकान के बाहर सो रहा था, तभी गश्त पर निकले दरोगा मणिकांत श्रीवास्तव ने उसे चोर समझकर पीटना शुरू कर दिया. परिजनों का आरोप है कि उसे 10 फीट ऊंचाई से फेंका गया और बेहोशी की हालत में छोड़कर पुलिस टीम चली गई. घायल सत्यपाल का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कह रहा है कि उसका कोई कसूर नहीं था, फिर भी दरोगा ने पीटा. बुधवार सुबह अस्पताल में उसकी मौत हो गई. अधिवक्ता डॉ. गजेंद्र सिंह यादव ने देर रात राज्य मानवाधिकार आयोग में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद गांव में आक्रोश है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं.
गाजियाबाद: ट्रैफिक सिग्नल होंगे ITMS से लैस, 41 चौराहों पर लगेंगे हाईटेक कैमरे
गाजियाबाद में ट्रैफिक व्यवस्था को स्मार्ट और सख्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. नगर निगम और पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के ट्रैफिक सिग्नल अब इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) से जोड़े जाएंगे. इसके तहत शहर के 17 प्रवेश और निकास द्वारों सहित 41 प्रमुख चौराहों पर अत्याधुनिक कैमरे लगाए जा रहे हैं. ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर अब सीधे ITMS कंट्रोल से निगरानी होगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी. यह प्रणाली ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा दोनों के लिए अहम मानी जा रही है.
ललितपुर : सरकारी राशन के चावल की कालाबाजारी उजागर, मिनी ट्रक से 14 बोरी चावल बरामद
ललितपुर के सदर तहसील अंतर्गत कैलागुआं चौराहे के पास सरकारी राशन के चावल की कालाबाजारी का मामला एक बार फिर सामने आया है. एक मिनी ट्रक में 14 बोरियों में भरा हुआ सरकारी चावल बरामद किया गया. मौके पर पहुंचे जिला पूर्ति अधिकारी ने ट्रक को सीज कर पुलिस के हवाले कर दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वहीं, कार्रवाई के दौरान ड्राइवर मौका पाकर फरार हो गया. मामले से खाद्यान्न वितरण प्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.