UP News Live: अमरोहा में फैक्ट्री से गैस रिसाव, NH-9 पर फैली जहरीली चादर, बुलंदशहर में बॉक्सिंग चैंपियन रेखा चौधरी के घर चोरी
बदायूं: सड़क हादसे में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत, पिता की सदमे में मौत
प्रयागराज: प्रतियोगी छात्रों ने यूपी लोक सेवा आयोग पर किया जोरदार विरोध प्रदर्शन
प्रयागराज में प्रतियोगी छात्रों ने यूपी लोक सेवा आयोग (UPPSC) के गेट नंबर दो पर विरोध प्रदर्शन किया. RO/ARO और PCS भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों ने नारेबाजी की. वे फाइनल आंसर की, सभी कैटेगरी में कट-ऑफ, सभी अभ्यर्थियों की मार्क लिस्ट, ओएमआर कार्बन कॉपी और मेंस परीक्षा के ऑब्जेक्टिव क्वेश्चन के फाइनल रिवाइज्ड आंसर की जारी करने की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शन संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच की ओर से किया गया. छात्रों ने आयोग के अध्यक्ष को भी ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को मान्यता देने की अपील की.
सीतापुर जेल के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब माफिया अतीक अहमद का हमशक्ल वहां पहुंचा. जेल के बाहर मौजूद लोग उसे देखते ही दंग रह गए और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई. अतीक अहमद के हमशक्ल को देखने वालों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. लोग उसकी शक्ल देखकर हैरान थे कि मानो असली अतीक उनके सामने खड़ा हो. यह नजारा कुछ देर तक चर्चा का विषय बना रहा. हालांकि पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखी. देखते ही देखते पूरा मामला शहर में चर्चा का केंद्र बन गया.
लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र में अली अब्बास नामक युवक की हत्या कर दी गई. जानकारी के अनुसार, अब्बास का चार साल से दूसरे धर्म की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. शादी की बात करने के बहाने देर रात करीब एक बजे उसे युवती के घर बुलाया गया, जहां युवती के सगे व चचेरे भाई और उनके दोस्त ने ईंट, पत्थर, लाठी-डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है.
यूपी में मिशन शक्ति 5.0 की शुरुआत, बेटियां संभालेंगी एक दिन की जिम्मेदारी
लखनऊ से बड़ी खबर है कि प्रदेशभर में आज से 30 सितंबर तक मिशन शक्ति 5.0 अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम होंगे. पहले दिन बेटियां जिलाधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और प्रधानाध्यापक बनकर जिम्मेदारी संभालेंगी. 24 सितंबर को मीना दिवस पर निडर फिल्म दिखाई जाएगी. 25 को बैंक भ्रमण, 26 को आत्मरक्षा प्रशिक्षण व महिला संवाद, 27 को थाना भ्रमण और साइबर जागरूकता होगी. 28 को नुक्कड़ नाटक, 29 को बालिका अधिकार पर जानकारी और 30 सितंबर को अस्पताल भ्रमण व स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम आयोजित होंगे.

उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा हुआ. माइल स्टोन 232 के पास देवखरी गांव के समीप खड़े ट्रक में अनियंत्रित ट्राला जा टकराया. हादसे में टायर बदल रहे चालक और परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्राले के चालक की भी जान चली गई. सूचना पर यूपीडा और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला. तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है.
बुलंदशहर में एशियन बॉक्सिंग चैंपियन रेखा चौधरी के घर चोरी की वारदात सामने आई है. अज्ञात बदमाश घर से 50 हजार रुपये नकद और आभूषण लेकर फरार हो गए. घटना थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के किला मवई बड़ी माता मंदिर के पास देर रात हुई. जानकारी के मुताबिक, खिलाड़ी का परिवार घर में ताला लगाकर बाहर गया था और सुबह पड़ोसियों से फोन पर चोरी की सूचना मिली. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है.
यूपी में मिड-डे मील की दरें बढ़ीं
लखनऊ से बड़ी खबर है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मिड-डे मील की दरों में बढ़ोतरी की है. प्राथमिक स्कूलों में अब 59 पैसे की वृद्धि के साथ प्रति छात्र प्रतिदिन 6.78 रुपये खर्च किए जाएंगे. वहीं उच्च प्राथमिक स्कूलों में 88 पैसे की बढ़ोतरी की गई है, जिससे अब प्रति छात्र प्रतिदिन 10.17 रुपये की लागत तय होगी. निदेशक मध्याह्न भोजन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को नई दरों को प्रभावी करने के निर्देश जारी किए हैं.
अयोध्या में मुस्लिम समाज को दी गई 5 एकड़ जमीन पर मस्जिद निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. आरटीआई के जरिए जानकारी मिली है कि धन्नीपुर स्थित भूमि का लेआउट प्लान खारिज कर दिया गया है. साथ ही सरकारी विभागों की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी जारी नहीं किया गया था. गौरतलब है कि 9 नवंबर 2019 को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राम मंदिर निर्माण के साथ ही मुस्लिम समाज को जमीन दी गई थी, लेकिन अब तक मस्जिद का निर्माण शुरू नहीं हो सका है. वहीं राम मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है.
सुल्तानपुर में निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरा, तीन की मौत
सुल्तानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के धरियामऊ गांव में निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरने से बड़ा हादसा हो गया. हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा मजदूर मलबे में दब गए. जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ की मदद से सभी को बाहर निकालकर मेडिकल अस्पताल भेजा. पुलिस ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि चार गंभीर रूप से घायल मजदूरों का इलाज जारी है. घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई.
अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र स्थित केमचुरा बेस्ट क्रॉप साइंस फैक्ट्री से गैस रिसाव का मामला सामने आया. अचानक हुए रिसाव से आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और नेशनल हाईवे-9 पर जहरीली गैस की चादर छा गई. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद गैस रिसाव को बंद कराया. हालात काबू में हैं, लेकिन घटना से इलाके में हड़कंप मच गया.
आगरा में चांदी व्यापार के नाम पर 30 लाख की ठगी
आगरा में मुनाफे का लालच देकर 30 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है. अमन ज्वेलर्स के मालिक मनोज कुमार वर्मा ने आरोप लगाया कि एनजे ट्रेडर्स के प्रोपराइटर्स अमन गुप्ता, रवींद्र कुमार गुप्ता और नीरज गुप्ता ने चांदी के व्यापार में मोटे मुनाफे का झांसा देकर फर्जी बिल व दस्तावेजों के आधार पर पैसे लिए, लेकिन चांदी नहीं दी. पीड़ित की तहरीर पर थाना हरिपर्वत में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

शारदीय नवरात्रि का आज दूसरा दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा को समर्पित है. भक्त मान्यता अनुसार मां ब्रह्मचारिणी तप, त्याग और यश की देवी हैं तथा श्वेत वस्त्र धारण करती हैं. गाजियाबाद के प्राचीन देवी मंदिर सहित देशभर के मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है. श्रद्धालु विधि-विधान से पूजन अर्चन कर मां का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं. पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है और मां की आराधना से वातावरण गूंज रहा है. नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्त अपनी श्रद्धा और आस्था अर्पित कर रहे हैं.