UP TGT परीक्षा के बाद गायब हुई कॉपी, मचा हड़कंप, आंसरशीट साथ ले गई लड़की
UP TGT recruitment exam, UP TGT Exam: उत्तर प्रदेश में टीजीटी भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन एक ऐसी घटना सामने आई जिसने परीक्षा केंद्र प्रशासन और पुलिस दोनों को परेशान कर दिया. मेरठ के एक परीक्षा केंद्र से एक छात्रा कथित तौर पर अपनी मूल उत्तर पुस्तिका साथ लेकर चली गई. परीक्षा खत्म होने के बाद जब कॉपियों का मिलान हुआ तो एक उत्तर पुस्तिका कम निकली जिसके बाद केंद्र पर हड़कंप मच गया. मामला इतना गंभीर था कि पुलिस को बुलाना पड़ा और अब पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है.
परीक्षा के दूसरे दिन सामने आया मामला
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से टीजीटी भर्ती परीक्षा का आयोजन 36 जिलों में किया गया. परीक्षा के दूसरे दिन गुरुवार को लाखों अभ्यर्थी विभिन्न विषयों की परीक्षा देने पहुंचे थे.इसी दौरान मेरठ के परतापुर क्षेत्र स्थित किसान इंटर कॉलेज में आयोजित परीक्षा की दूसरी पाली में उत्तर पुस्तिका गायब होने का मामला सामने आया. परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्र प्रशासन ने जब सभी उत्तर पुस्तिकाओं की गिनती शुरू की तो एक कॉपी कम मिली.
आंसरशीट साथ ले गई छात्रा
प्रारंभिक जांच में पता चला कि एक छात्रा परीक्षा खत्म होने के बाद उत्तर पुस्तिका जमा करने के बजाय उसे अपने साथ लेकर चली गई. जैसे ही यह जानकारी सामने आई कॉलेज प्रशासन में खलबली मच गई.परीक्षा जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में उत्तर पुस्तिका का गायब होना गंभीर मामला माना जाता है. इसलिए केंद्र प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. साथ ही रोल नंबर और परीक्षा रिकॉर्ड के आधार पर भी जांच की गई.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में छात्रा उत्तर पुस्तिका अपने साथ ले जाती हुई दिखाई दे रही है हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है.
कॉलेज प्रशासन ने दर्ज कराई शिकायत
किसान इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक और प्रधानाचार्य अरुण कुमार ने इस मामले में परतापुर थाने में लिखित शिकायत दी है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे.उनके आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
परीक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
टीजीटी जैसी महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षा में उत्तर पुस्तिका गायब होने की घटना ने परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. अभ्यर्थियों का कहना है कि इतनी बड़ी भर्ती परीक्षा में यदि कोई उम्मीदवार उत्तर पुस्तिका लेकर बाहर निकल सकता है तो सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जरूरत है.
मंगलसूत्र और कुंडल उतरवाने पर विवाद
मेरठ में परीक्षा के दौरान एक और विवाद सामने आया. दिल्ली रोड स्थित एक इंटर कॉलेज में परीक्षा से पहले महिलाओं को कुंडल,मंगलसूत्र और कलावा उतारने के लिए कहा गया.इसका कई महिला अभ्यर्थियों ने विरोध किया.परीक्षा समाप्त होने के बाद कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और परीक्षा प्रभारी का घेराव कर हंगामा किया.
अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र पर भी उठाए सवाल
टीजीटी 2022 अंग्रेजी विषय की परीक्षा को लेकर भी अभ्यर्थियों में नाराजगी देखने को मिली. कई उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र में पाठ्यक्रम से बाहर के सवाल पूछे गए. सिलेबस में चार प्रमुख लेखकों और व्याकरण से प्रश्न पूछे जाने थे लेकिन परीक्षा में कई प्रश्न नेट और पीएचडी स्तर के नजर आए.एक स्टूडेंट ने बताया कि सिलेबस में शामिल लेखकों से बहुत कम प्रश्न पूछे गए जबकि कई सवाल पाठ्यक्रम से बाहर के थे.अभ्यर्थियों का दावा है कि पहले की टीजीटी परीक्षाओं में व्याकरण और साहित्य से संतुलित प्रश्न पूछे जाते थे लेकिन इस बार पैटर्न अलग रहा जिससे तैयारी करने वाले उम्मीदवारों को परेशानी हुई.
दो दिनों में 4.34 लाख अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अनुसार टीजीटी भर्ती परीक्षा में पहले दिन 3 जून को 2,21,489 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. वहीं दूसरे दिन 4 जून को 2,12,975 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी. इस तरह दोनों दिनों में कुल 4,34,464 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए जो कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों का लगभग 50.02 प्रतिशत है यानी करीब आधे अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा में उपस्थिति दर्ज कराई.
अब अभ्यर्थियों को आंसर-की का इंतजार
टीजीटी परीक्षा संपन्न होने के बाद अब लाखों उम्मीदवारों की नजर आयोग द्वारा जारी की जाने वाली आंसर-की पर है. उम्मीदवारों को उम्मीद है कि आयोग जल्द ही उत्तर कुंजी जारी करेगा जिससे वे अपने संभावित अंकों का आकलन कर सकेंगे हालांकि परीक्षा खत्म होते ही मेरठ में उत्तर पुस्तिका गायब होने की घटना, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल और प्रश्नपत्र को लेकर उठे विवाद इस भर्ती परीक्षा को चर्चा में ले आए हैं. अब सभी की नजर पुलिस जांच और आयोग की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है.