UPPSC APS भर्ती: 331 पद खाली रह गए, कोई नहीं कर पाया 80 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग
Last Updated:
UPPSC APS Result, UPPSC APS Recruitment 2023: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की अपर निजी सचिव (APS) भर्ती-2023 का परिणाम उम्मीदवारों के लिए बड़ा झटका लेकर आया है. 331 पदों पर भर्ती के लिए हजारों अभ्यर्थी परीक्षा प्रक्रिया में शामिल हुए, लेकिन हिन्दी शार्टहैंड की अनिवार्य परीक्षा में कोई भी उम्मीदवार निर्धारित मानक पूरा नहीं कर सका. नतीजतन एक भी अभ्यर्थी अंतिम चरण तक नहीं पहुंच पाया और आयोग को सभी रिक्त पद अगली भर्ती के लिए कैरी फॉरवर्ड करने पड़े.
Sarkari Naukri, UPPSC APS Result 2023: यूपीपीएससी एपीएस भर्ती परीक्षा कोई नहीं कर पाया पास.
UPPSC APS Result 2023, UPPSC APS Recruitment 2023: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की अपर निजी सचिव (APS) परीक्षा-2023 से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. आयोग द्वारा आयोजित भर्ती प्रक्रिया में 331 पदों पर नियुक्ति होनी थी, लेकिन हैरानी की बात यह है कि एक भी अभ्यर्थी अंतिम चरण तक नहीं पहुंच सका. नतीजा यह रहा कि सभी 331 पद फिलहाल खाली रह गए हैं और आयोग ने इन्हें अगली भर्ती के लिए कैरी फॉरवर्ड कर दिया है.इस भर्ती में सबसे बड़ी बाधा हिन्दी शॉर्टहैंड की अनिवार्य योग्यता साबित हुई. आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार अभ्यर्थियों को बिना किसी त्रुटि के प्रति मिनट कम से कम 80 शब्द की गति से हिन्दी आशुलेखन करना था, लेकिन दूसरे चरण की परीक्षा में कोई भी उम्मीदवार इस मानक को पूरा नहीं कर सका.
क्या था पूरा मामला?
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने विज्ञापन संख्या ए-5/ई-1/2023 के तहत अपर निजी सचिव (APS) के 331 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे. यह भर्ती प्रदेश की प्रतिष्ठित भर्तियों में शामिल मानी जाती है जिसके लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने आवेदन किया था.भर्ती प्रक्रिया का पहला चरण 7 जनवरी 2024 को आयोजित किया गया था. लिखित परीक्षा का परिणाम 4 मार्च 2024 को घोषित किया गया जिसमें कुल 5,889 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया गया था.
दूसरे चरण में पहुंचने के बाद भी नहीं मिली सफलता
लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों के लिए दूसरे चरण की परीक्षा 28 जून 2024 से 18 जुलाई 2024 तक लखनऊ में आयोजित की गई थी. यह परीक्षा दो सत्रों में हुई थी और इसमें कुल 4,240 उम्मीदवार शामिल हुए थे.दूसरे चरण की परीक्षा में हिन्दी शॉर्टहैंड और हिन्दी टाइपिंग का परीक्षण लिया गया. इसमें हिन्दी शॉर्टहैंड के लिए 75 अंक और हिन्दी टाइपिंग के लिए 25 अंक निर्धारित थे हालांकि हजारों उम्मीदवार इस चरण में शामिल हुए लेकिन कोई भी अभ्यर्थी आयोग द्वारा निर्धारित सबसे महत्वपूर्ण शर्त पूरी नहीं कर पाया.
80 शब्द प्रति मिनट बनी सबसे बड़ी चुनौती
आयोग की नियमावली और भर्ती विज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया था कि अभ्यर्थी के लिए हिन्दी आशुलेखन में त्रुटिरहित न्यूनतम 80 शब्द प्रति मिनट की गति हासिल करना अनिवार्य है यानी केवल तेज गति ही नहीं, बल्कि बिना गलती के शॉर्टहैंड लिखना भी जरूरी था लेकिन दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल किसी भी उम्मीदवार ने यह मानक हासिल नहीं किया. इसी वजह से किसी को भी तीसरे चरण की परीक्षा के लिए योग्य नहीं माना गया.
तीसरे चरण तक नहीं पहुंच सका कोई उम्मीदवार
दूसरे चरण के परिणामों की समीक्षा के बाद आयोग ने फैसला किया कि चूंकि कोई भी अभ्यर्थी निर्धारित योग्यता पूरी नहीं कर पाया है, इसलिए किसी को भी तृतीय चरण की परीक्षा के लिए सफल घोषित नहीं किया जाएगा.इस तरह भर्ती प्रक्रिया यहीं पर रुक गई और 331 पदों पर चयन की पूरी संभावना समाप्त हो गई.
सभी 331 पद किए गए कैरी फॉरवर्ड
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अपर निजी सचिव परीक्षा-2023 की कुल 331 रिक्तियों के सापेक्ष कोई भी उम्मीदवार तीसरे चरण तक नहीं पहुंच सका. ऐसे में इन सभी पदों को अगली भर्ती प्रक्रिया के लिए अग्रेनीत यानी कैरी फॉरवर्ड कर दिया गया है.इसका मतलब है कि भविष्य में जब नई भर्ती निकलेगी तो इन रिक्तियों को उसमें शामिल किया जाएगा.
नियमों के कारण नहीं दी जा सकती थी कोई छूट
आयोग के अनुसार यह भर्ती उत्तर प्रदेश सचिवालय वैयक्तिक सहायक सेवा नियमावली-2001, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग अधीनस्थ सेवा विनियमावली-2006, उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद समूह ‘ख’ और समूह ‘ग’ सेवा नियमावली-2014 तथा शासन द्वारा जारी विभिन्न आदेशों के तहत संचालित की जा रही थी.इन नियमों में हिन्दी आशुलेखन में त्रुटिरहित 80 शब्द प्रति मिनट की गति को अनिवार्य योग्यता के रूप में निर्धारित किया गया है इसलिए आयोग के पास इस शर्त में किसी प्रकार की छूट देने का विकल्प नहीं था.
जल्द वेबसाइट पर अपलोड होंगे अंक
UPPSC ने बताया है कि भर्ती परीक्षा से संबंधित अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और अन्य विवरण जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे. उम्मीदवार वहां जाकर अपने अंक और परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारी देख सकेंगे.
आयोग के सचिव ने दी जानकारी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि दूसरे चरण की परीक्षा में कोई भी अभ्यर्थी हिन्दी आशुलेखन में निर्धारित न्यूनतम 80 शब्द प्रति मिनट की त्रुटिरहित गति हासिल नहीं कर पाया. इसी कारण किसी भी उम्मीदवार को तृतीय चरण के लिए सफल घोषित नहीं किया गया और सभी 331 रिक्तियों को अगली भर्ती के लिए कैरी फॉरवर्ड कर दिया गया है.यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि हजारों अभ्यर्थी परीक्षा के विभिन्न चरणों में शामिल हुए, लेकिन अंतिम रूप से एक भी उम्मीदवार निर्धारित मानक को पूरा नहीं कर सका. ऐसे में यह भर्ती हाल के वर्षों की सबसे अनोखी भर्ती प्रक्रियाओं में से एक बन गई है.
About the Author

न्यूज़18 हिंदी (Network 18) डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर के तौर पर कार्यरत. न्यूज 18 में एजुकेशन, करियर, सक्सेस स्टोरी की खबरों पर. करीब 15 साल से अधिक मीडिया में सक्रिय. हिन्दुस्तान, दैनिक भास्कर के प्रिंट व …और पढ़ें