अब घर बैठे पाएं परिवार रजिस्टर की कॉपी, जानिए क्या है यह नई सुविधा

0
अब घर बैठे पाएं परिवार रजिस्टर की कॉपी, जानिए क्या है यह नई सुविधा


Last Updated:

अमेठी में डिजिटल इंडिया के तहत अब परिवार रजिस्टर की नकल ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी. लोग घर बैठे पंचायत सचिव को फोन कर या पंचायती राज विभाग की वेबसाइट के जरिए कुछ ही मिनटों में परिवार रजिस्टर की PDF अपने व्हाट्सएप पर प्राप्त कर सकेंगे. इस नई व्यवस्था से राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आवास योजना और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, जिससे समय और पैसों दोनों की बचत होगी.

अमेठी: डिजिटल इंडिया के तहत चीजों को लगातार डिजिटल किया जा रहा है. इसी कड़ी में अब एक और प्रक्रिया और एक महत्वपूर्ण दस्तावेज सीधे लाभार्थी के मोबाइल पर उपलब्ध कराया जाएगा. जी हां, कई जरूरी कार्यों में काम आने वाली परिवार रजिस्टर की नकल अब सीधे आपको ऑनलाइन मिलेगी. घर बैठे आप कहीं से भी अपने सचिव को फोन कर परिवार रजिस्टर की नकल ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं. इससे लोगों के समय और पैसों की बचत होगी.

दरअसल, पंचायती राज विभाग की तरफ से परिवार रजिस्टर की नकल के लिए पहले संबंधित पंचायत सचिव से संपर्क करना पड़ता था. जिस व्यक्ति को नकल चाहिए होती थी, उसे पंचायत सचिव को फोन करना पड़ता था. अक्सर पंचायत सचिव या तो बहाना बताते थे या फिर अपने कार्यक्षेत्र से नदारद रहते थे. ऐसे में लोगों को एक छोटे से कागज के लिए महीनों, यहां तक कि छह-छह महीने तक इंतजार करना पड़ता था. लेकिन अब परिवार रजिस्टर की नकल ऑनलाइन मोबाइल पर उपलब्ध होगी. व्यक्ति अमेठी में रहे या अमेठी से बाहर कहीं भी हो, कुछ ही मिनटों में फोन पर ओटीपी बताने के बाद उसके व्हाट्सएप पर परिवार रजिस्टर की नकल पीडीएफ के रूप में ऑनलाइन भेज दी जाएगी.

एक नहीं, दर्जनों कार्यों में काम आती है परिवार रजिस्टर की नकल

यूपी परिवार रजिस्टर की नकल की जरूरत क्यों पड़ती है, यह सवाल हर व्यक्ति के मन में होता है. लेकिन परिवार रजिस्टर की नकल कई कार्यों में जरूरी होती है. कई सरकारी योजनाओं के लिए परिवार रजिस्टर की नकल की आवश्यकता होती है, जैसे राशन कार्ड, आवास योजना और शिक्षा छात्रवृत्ति. इसके साथ-साथ जमीन या संपत्ति खरीदने या बेचने के लिए भी इसकी जरूरत पड़ती है. शादी-विवाह, जाति प्रमाण पत्र बनवाने और जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए भी परिवार रजिस्टर की नकल बेहद जरूरी होती है. अब यह सुविधा आसानी से ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेगी.

समय और पैसों की होगी बचत, नहीं लगाने पड़ेंगे कार्यालय के चक्कर

इस बेहतर सुविधा को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी अमेठी मनोज त्यागी ने कहा कि इस नई पहल और व्यवस्था से लोगों और लाभार्थियों को काफी फायदा होगा. जिन लोगों को परिवार रजिस्टर की नकल की आवश्यकता होती है, उन्हें अब कहीं भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी. इससे उनके समय और पैसों दोनों की बचत होगी.

उन्होंने कहा कि पहले पंचायत सचिव को ऑफलाइन नकल के लिए फोन करना पड़ता था, लेकिन अब व्यक्ति यहां बैठा हो या किसी बड़े शहर में, सिर्फ एक फोन करने पर पंचायत सचिव ऑनलाइन परिवार रजिस्टर की नकल भेज देंगे. इसके साथ ही पंचायती राज विभाग की वेबसाइट पर जाकर भी लोग स्वयं इसे डाउनलोड कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि इससे लोगों को कई तरह के फायदे होंगे.

About the Author

Vivek Kumar

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *