अब ‘नेता’ बनेंगे आलोक मौर्य! PCS पत्नी से विवाद को लेकर आए थे चर्चा में
Last Updated:
Prayagraj News: पीसीएस पत्नी ज्योति मौर्य के पति अब राजनीति में किस्मत आजमाएंगे. पत्नी ज्योति मौर्य के साथ विवादों को लेकर सुर्ख़ियों में आए अलोक मौर्य ने कहा कि मैं राजनीति में जाकर जनता की सेवा करना चाहता हूं. उन्होंने कहा कि इसके लिए वे अपनी सरकारी नौकरी छोड़कर चुनाव लड़ने को तैयार हैं.
पीसीएस पत्नी ज्योति मौर्या के पति अलोक मौर्य राजनीति में आजमाएंगे किस्मत
प्रयागराज. पीसीएस पत्नी ज्योति मौर्या से वैवाहिक संबंधों को लेकर उठे विवाद के बाद सुर्खियों में आए पंचायती राज विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी आलोक मौर्या अब अपनी सरकारी नौकरी छोड़कर राजनीति में किस्मत आजमाने का मन बना रहे हैं. मंगलवार को प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से पुलिस लाइन हेलीपैड पर आलोक मौर्या ने मुलाकात की. इस मौके पर आलोक मौर्य ने किसी मंझे राजनेता की तरह न्यूज़ 18 के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया. उन्होंने कहा कि जनता यह चाहती है कि मैं राजनीति में जाकर लोगों की सेवा करूं. उन्होंने यहां तक कहा है कि अगर जनता की सेवा के लिए मुझे सरकारी नौकरी छोड़नी पड़ेगी तो मैं सरकारी नौकरी छोड़कर चुनाव लड़ने के लिए भी तैयार हूं. उन्होंने कहा कि मैं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से इस नाते मुलाकात की है कि मेरा उनसे पारिवारिक संबंध है. आलोक मौर्य ने कहा है कि मैंने उनका आशीर्वाद भी लिया है.
वहीं अपनी पत्नी पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्या से चल रहे विवादों को लेकर उन्होंने कहा है कि कोर्ट के आदेश पर मामला मीडिएशन में है. आलोक मौर्य ने कहा है कि वह तो चाहते हैं कि उनके बीच सुलह हो, लेकिन अब यह देखना है कि मीडिएशन में क्या नतीजा निकलता है. उन्होंने कहा कि अगर परिवार नहीं बचता है तो एक अच्छा मोड़ देखकर आगे बढ़ने की कोशिश करूंगा. हालांकि उन्होंने कहा कि अदालत यह चाहती है कि परिवार न टूटे, परिवार बसे इसीलिए मामला मीडिएशन में भेजा जाता है.
पीएम मोदी से प्रभावित
वहीं सिविल परीक्षाओं की तैयारी को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर सफाई देते हुए कहा है कि मैंने पीसीएस 2025 और समीक्षा अधिकारी की परीक्षाएं दी थी. आलोक मौर्या ने कहा है कि 6 दिसंबर को फिर से पीसीएस परीक्षा में बैठने जा रहा हूं. आलोक मौर्या ने कहा कि अभी भी मैंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं छोड़ी है. लेकिन जिस तरह की मानसिक परेशानियां है, उसको देखते हुए अब मैं राजनीति में आकर लोगों की सेवा करना चाहता हूं. आलोक मौर्या ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यही चाहते हैं कि युवा राजनीति में आगे आएं. उन्होंने कहा कि वह पीएम मोदी के विचारों से खासे प्रभावित हैं.
पुरुष आयोग की मांग
आलोक मौर्या ने महिलाओं द्वारा पुरुषों के उत्पीड़न के बढ़ रहे मामलों को लेकर भी चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि मैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से महिला आयोग के तर्ज पर ही पुरुष आयोग के गठन की मांग की है. ताकि पुरुषों के अधिकारों का भी संरक्षण किया जा सके. उन्होंने कहा है पुरुषों को अपनी बात रखने का एक मंच मिलना चाहिए. इसलिए पुरुष आयोग का गठन होना ही चाहिए. फिलहाल आलोक मौर्या ने कहा है कि वह नौकरी छोड़ने के बाद ही राजनीतिक दल तय करेंगे. जहां तक चुनाव लड़ने का सवाल है जनता और पार्टी जैसा आदेश करेगी उसी के आधार पर आगे कोई फैसला लेंगे. वहीं उन्होंने कहा की विचारधारा के आधार पर मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फॉलो करता हूं और उनके स्वच्छ भारत मिशन को ही सरकारी सेवा में रहते हुए मैं आगे बढाने का काम कर रहा हूं.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें