आम का अचार डालते ही हो जाता है खराब? अपनाएं ये देसी तरीका, सालभर नहीं लगेगी फंगस
Last Updated:
Mango Pickle recipe: आम के शौकीनों के लिए सालभर इसके लाजवाब स्वाद का आनंद उठाने के लिए सहारनपुर की फूड एक्सपर्ट निशा सैनी ने एक ऐसी पारंपरिक विधि साझा की है, जिससे घर पर ही बेहद आसानी से चटपटा और तीखा आम का अचार तैयार किया जा सकता है. इस विधि में कुछ खास मसालों और तेल के सही इस्तेमाल से अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है, जिससे इसकी शेल्फ लाइफ बढ़ जाती है. जो लोग खाने के साथ कुछ मजेदार जायका पसंद करते हैं, उनके लिए यह रेसिपी बेस्ट है.
How to Make Mango Pickle: खाने की थाली में अगर एक टुकड़ा आम का चटपटा अचार मिल जाए, तो सादे खाने का स्वाद भी कई गुना बढ़ जाता है. आम के शौकीन लोग इसके खट्टे-मीठे स्वाद को बेहद पसंद करते हैं, लेकिन जब ताजे आमों का वक्त निकल जाता है, तब सालभर इस स्वाद का आनंद लेने का सबसे बेहतरीन तरीका है घरों में आम का अचार स्टोर करके रखना. अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि उनका बनाया अचार कुछ ही महीनों में खराब होने लगता है. इसलिए आज हम आपको आम के स्वादिष्ट अचार की एक ऐसी आसान और पारंपरिक रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिससे आपका अचार सालभर तक बिल्कुल खराब नहीं होगा और डालने के महज 10 दिन बाद ही खाने के लिए एकदम तैयार हो जाएगा.
सहारनपुर की फूड एक्सपर्ट निशा सैनी ने बताया कि घर पर परफेक्ट अचार बनाने के लिए आप बाजार से किसी भी अच्छी वैरायटी का कच्चा आम खरीदकर ले आएं. सबसे पहले इन कच्चे आमों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें और फिर इनके छोटे-छोटे टुकड़े काट लें. इसके बाद कटे हुए आम पर थोड़ा सा नमक लगाकर उसे थोड़ी देर के लिए धूप में सूखने के लिए रख दें. ऐसा करने से आम के अंदर का सारा एक्स्ट्रा पानी निकल जाता है, जो अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए सबसे जरूरी कदम है. जब पानी अच्छे से सूख जाए, तब आम अचार के मसालों के लिए पूरी तरह तैयार हो जाता है.
इन खास मसालों का करें इस्तेमाल, स्वाद के साथ बढ़ेगी सेहत
अचार का असली जायका उसके मसालों के सही तालमेल में छिपा होता है. आम के अचार को तैयार करने के लिए मुख्य रूप से हल्दी, लाल मिर्च, नमक, गरम मसाला, धनिया, कलौंजी, सौंफ, हींग और मेथी दानों की जरूरत होती है. इन सभी सूखे मसालों को पीसकर आम के टुकड़ों के साथ अच्छे से मिक्स कर लें और कुछ देर के लिए रख लें.
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अचार में हमेशा पीली सरसों के तेल का ही इस्तेमाल करना चाहिए. यह तेल न सिर्फ हमारी सेहत के लिए अच्छा होता है, बल्कि अचार की खुशबू और स्वाद को भी बढ़ा देता है. इसके लिए सबसे पहले सरसों के तेल को कढ़ाई में अच्छी तरह गर्म कर लें. तेल गर्म करते समय आप उसमें थोड़ी सी ‘रतनजोत’ भी डाल सकते हैं. रतनजोत हमारे डाइजेशन के लिए बहुत अच्छी मानी जाती है और यह अचार को सड़ने या खराब होने से भी रोकती है. जब तेल अच्छे से पक जाए, तो गैस बंद कर दें और उसे पूरी तरह से ठंडा होने के लिए छोड़ दें.
फंगस से बचाने के लिए अपनाएं ये जरूरी ट्रिक
तेल ठंडा होने के बाद उसे मसालेदार आम में डाल दें और अच्छी तरह मिला लें. अचार में थोड़ा सा नींबू का रस जरूर मिला दें. नींबू का रस नेचुरल प्रिजर्वेटिव का काम करता है, जिससे अचार में कभी भी सफेद फंगस नहीं लगती और अचार का खट्टापन भी बरकरार रहता है.
आखिर में इस तैयार अचार को किसी साफ और सूखे कांच के जार में भर लें. जार का ढक्कन कसकर बंद करें और इसे लगभग 10 दिनों के लिए रखकर छोड़ दें. 10 दिन के बाद जब आप इसे खोलेंगे, तो यह पूरी तरह खाने के योग्य हो चुका होगा. हालांकि, आम का अचार जितना ज्यादा पुराना होता जाता है, उसका स्वाद उतना ही लाजवाब होता जाता है. तो अगर आप भी खाने के साथ कुछ चटपटा और मजेदार खाना पसंद करते हैं, तो इस आसान रेसिपी से अपने घर पर ही बेहतरीन अचार तैयार कर सकते हैं और सुबह के नाश्ते या डिनर में खाने का स्वाद बढ़ा सकते हैं.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें