एक बार खाया तो बार-बार आएंगे! मिर्जापुर में बबलू के हींग वाले कचालू का छाया जलवा

0
एक बार खाया तो बार-बार आएंगे! मिर्जापुर में बबलू के हींग वाले कचालू का छाया जलवा


Last Updated:

Famous Kachalu in Mirzapur: अगर आप चटपटे और तीखे स्वाद के शौकीन हैं, तो मिर्जापुर के इमरती रोड पर मिलने वाले बबलू के ‘हींग वाले कचालू’ आपको जरूर ट्राई करने चाहिए. पिछले 10 सालों से अपनी दुकान लगा रहे बबलू के कचालू का स्वाद इतना बेमिसाल है कि दुकान खुलते ही यहां कद्रदानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ती है. ताजी धनिया-पुदीने की तीखी चटनी और घर के पिसे सीक्रेट मसालों से तैयार होने वाला यह कचालू स्वाद में तो नंबर वन है ही, इसकी कीमत भी महज 20 रुपये है.

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में अगर चटपटे स्वाद की बात हो और बबलू के कचालू का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. यहां के इमरती रोड पर पिछले 10 सालों से लगने वाली बबलू की दुकान का स्वाद आज हर जुबान पर चढ़कर बोल रहा है. वह खास तौर पर ‘हींग के कचालू’ तैयार करते हैं, जिसमें पुदीने और हरी धनिया की चटनी स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है. यही वजह है कि जैसे ही शाम को इनकी दुकान सजती है, कचालू के दीवानों की भारी भीड़ लग जाती है और दुकान बंद होने तक यहां ग्राहकों की लंबी लाइन लगी रहती है.

घर का पिसा सीक्रेट मसाला बढ़ाता है जायका
कचालू बेचने वाले दुकानदार बबलू ने अपने इस अनोखे स्वाद का राज साझा करते हुए बताया कि वह इसमें किसी बाहरी या मिलावटी चीज का इस्तेमाल नहीं करते. वह बाजार से खड़े मसाले खरीदकर लाते हैं और फिर घर पर ही देसी तरीके से अपना एक खास ‘सीक्रेट मसाला’ तैयार करते हैं. इसी मसाले और ताजी धनिया-पुदीने की चटनी का अनोखा कॉम्बिनेशन कचालू के स्वाद को लाजवाब बना देता है. लंबे समय से एक ही जगह दुकान लगाने के कारण अब दूर-दूर से लोग इस देसी जायके का आनंद लेने के लिए खिंचे चले आते हैं.

दाम सिर्फ 20 रुपये, खाने वाले बोले- मन नहीं भरता
दुकान पर कचालू का स्वाद ले रहे स्थानीय ग्राहक अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि इस महंगाई के जमाने में भी यहां कचालू का दाम बेहद कम है. मात्र 20 रुपये में एक पत्ता यानी दोना कचालू मिलता है. उन्होंने कहा, “हम लोग इसे खाने के लिए काफी दूर से आते हैं. इसे चाहे जितना भी खा लो, पेट जरूर भर जाता है लेकिन मन कभी नहीं भरता. इसके स्वाद में एक अलग ही जादू है, जो भी इसे एक बार खाएगा, वह यहां बार-बार आने को मजबूर हो जाएगा.”

धनिया और पुदीने की चटनी का कमाल
वहीं, अन्य ग्राहक रमेश ने बताया कि यहां मिलने वाली पुदीने और धनिया की स्पेशल चटनी ही कचालू की असली जान है. कचालू के साथ इस तीखी चटनी का मेल ऐसा बैठता है कि खाने के बाद हर कोई तारीफ किए बिना नहीं रह पाता. पिछले कई सालों से इस दुकान पर आ रहे लोगों का मानना है कि अगर आप मिर्जापुर में हैं या यहां घूमने आ रहे हैं, तो इमरती रोड पर आकर बबलू के इन चटपटे कचालू का स्वाद एक बार जरूर चखना चाहिए.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *