कानपुर को मिला अपना पहला वर्ल्ड क्लास कन्वेंशन सेंटर, अब नहीं जाना पड़ेगा दिल्ली-लखनऊ! जानिए खूबियां
Last Updated:
Kanpur News: कानपुर के चुन्नीगंज चौराहे पर 80 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर बना है. जिसका जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकार्पण करेंगे, जिसके बाद यह की नई पहचान बनेगा.
स्मार्ट सिटी योजना के तहत चुन्नीगंज चौराहे पर करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से बना अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर तैयार हो गया है. दूर से ही कमल की आकृति में नजर आने वाला यह भव्य भवन शहर की नई पहचान बनने जा रहा है. इसके बन जाने के बाद अब कानपुर के उद्यमियों को लखनऊ, नोएडा या दिल्ली के कन्वेंशन सेंटर तक नहीं जाना पड़ेगा बल्कि वे अपने उत्पादों की प्रदर्शनी यहीं शहर में कर सकेंगे.
व्यापार, उद्योग और चिकित्सा जगत को मिलेगा बड़ा हब
शहर के व्यापारी, उद्योगपति और चिकित्सक लंबे समय से यह मांग कर रहे थे कि कानपुर में एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर होना चाहिए. अब तक बड़े आयोजन करने के लिए दिल्ली, मुंबई या लखनऊ का रुख करना पड़ता था. लेकिन अब इस सेंटर में लेदर, टेक्सटाइल, सैडलरी और अन्य उद्योगों से जुड़ी प्रदर्शनियां, मेले और कार्यशालाएं आयोजित हो सकेंगी. इससे न सिर्फ कानपुर के कारोबारियों को सुविधा मिलेगी बल्कि बाहर से भी व्यापारी यहां आकर आयोजन करेंगे और शहर को नए कारोबारी अवसर मिलेंगे.
कमिश्नर विजयेंद्र पांडियन के मुताबिक इस कन्वेंशन सेंटर में एक साथ 500 से 600 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. यहां बड़े स्तर पर कार्यशालाएं और कॉन्फ्रेंस आयोजित हो सकेंगी. इसके अलावा 250 चौपहिया और 300 से अधिक दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी दी गई है. पूरे साल यहां कार्यक्रम होते रहें इसके लिए एक विशेष कैलेंडर भी बनाया जाएगा. उम्मीद है कि इस सेंटर के जरिए हर साल हजारों करोड़ रुपये का कारोबार कानपुर को मिलेगा.
यह कन्वेंशन सेंटर सुविधाओं के मामले में किसी बड़े शहर से कम नहीं है.
• 12 हजार वर्ग फुट का विशाल सभागार
• 16 हजार वर्ग फुट का प्रदर्शनी कक्ष
• 8000 वर्ग फुट में फूड कोर्ट, आठ व्यावसायिक दुकानें और रेस्टोरेंट
• छह अतिथि कमरे और दो सुइट कमरे
• 100 लोगों की क्षमता वाले तीन छोटे कक्ष
• 300 लोगों के बैठने वाला सम्मेलन कक्ष
• 68 वाहनों के लिए कवर्ड पार्किंग एरिया
यह भी पढ़ें: खाद नहीं मिली? अब भटकना बंद! बस इन नंबर्स में मिलाओ कॉल, तुरंत मिलेगा समाधान
कानपुर की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई उड़ान
यह कन्वेंशन सेंटर कानपुर की औद्योगिक पहचान को और मजबूत करेगा. शहर में व्यापार, प्रदर्शनी और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजन संभव हो पाएंगे. इससे न केवल कानपुर को नई पहचान मिलेगी बल्कि स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों और युवाओं को भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. स्मार्ट सिटी योजना के तहत बनी यह परियोजना कानपुर को आधुनिक शहर की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी.