केजरीवाल के अयोध्या दौरे पर क्यों भड़का संत समाज? प्रशासन तक पहुंचा मामला
Last Updated:
Arvind Kejriwal Ayodhya Visit: आम आदमी पारी के संयोजक 26 जून को अयोध्या पहुंच रहे हैं. राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के विवाद के बीच उनके अयोध्या दौरे पर विवाद खड़ा हो गया है. अयोध्या के संत समाज ने अरविंद केजरीवाल के अयोध्या दौरे का विरोध शुरू कर दिया है. विरोध करने वाले संगठनों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर उनके दौरे पर आपत्ति जताई है.
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के अयोध्या दौरे से खफा संत समाज
अयोध्या. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के 26 जून को अयोध्या दौरे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. एक ओर जहां केजरीवाल रामलला के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए अयोध्या पहुंचने वाले हैं, वहीं दूसरी ओर संत समाज और पुरोहित समाज का एक वर्ग उनके दौरे का विरोध कर रहा है. विरोध करने वाले संगठनों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर उनके दौरे पर आपत्ति जताई है.
अयोध्या में पांडा पुरोहित समाज और सनातन रक्षा दल समेत कुछ संगठनों ने अरविंद केजरीवाल के प्रस्तावित दौरे का विरोध किया है. इन संगठनों का आरोप है कि केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेताओं ने पहले भगवान राम और राम मंदिर को लेकर विवादित बयान दिए थे, इसलिए उनका अयोध्या आगमन राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है. पांडा पुरोहित समाज के अध्यक्ष राजेश महाराज ने कहा कि अगर रामलला हैं ही नहीं, जैसा पहले कहा गया था, तो फिर अयोध्या आने की क्या आवश्यकता है? अगर राम हृदय में हैं तो वहीं से दर्शन कर लें. अभी राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले की जांच चल रही है, ऐसे समय में किसी भी तरह की राजनीतिक बयानबाजी माहौल को प्रभावित कर सकती है.
अयोध्या आस्था का केंद्र
पांडा पुरोहित समाज के अध्यक्ष राजेश महाराज ने कहा कि अयोध्या सनातन आस्था का केंद्र है और यहां किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को अपना काम करने देना चाहिए और किसी भी नेता को इस मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. सनातन रक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल राजनीतिक महत्वाकांक्षा के कारण राम मंदिर आ रहे हैं. उनके नेताओं द्वारा लगातार आरोप लगाए जाते हैं, लेकिन कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया जाता. हमने प्रशासन को ज्ञापन देकर मांग की है कि उनके दौरे पर रोक लगाई जाए, क्योंकि इससे धार्मिक उन्माद और अशांति फैलने की आशंका है.
केजरीवाल का होगा विरोध
सनातन रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि केजरीवाल के दौरे से कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केजरीवाल अयोध्या आते हैं तो उनका विरोध किया जाएगा.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें