कोविड को लेकर अस्पतालों को अलर्ट का आदेश, CM योगी ने कहा- चिंता वाली बात नहीं
Last Updated:
UP Coronavirus Update: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश में बढ़ते कोरोना के मामलों को ध्यान में रखते हुए समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने सूबे के अस्पतालों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया.
कोरोना वायरस को लेकर सीएम योगी ने समीक्षा बैठक की.
हाइलाइट्स
- यूपी के अस्पतालों को कोविड अलर्ट पर रहने का निर्देश.
- सीएम योगी ने कहा, यूपी में कोविड को लेकर चिंता की बात नहीं.
- सभी मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सतर्क रहें.
लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कोविड-19 के ताजा उपवेरिएंट जेएन.1 से संबंधित वैश्विक और राष्ट्रीय स्थिति को देखते हुए प्रदेश में कोविड-19 की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के संक्रमण को लेकर चिंता जैसी कोई बात नहीं है, लेकिन वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सावधानी और सतर्कता अत्यंत आवश्यक हैय
मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पतालों को अलर्ट रहने का आदेश
एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत सरकार द्वारा कोविड-19 को लेकर कोई नए दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं, फिर भी थाईलैंड, सिंगापुर और हांगकांग जैसे देशों में जेएन.1 उपवेरिएंट के चलते संक्रमितों की संख्या में हुई वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश में भी सतत निगरानी आवश्यक है. उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और स्वास्थ्य इकाइयां सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें.
ICU और वेंटिलेटर को एक्टिव रखने का आदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 की पिछली लहरों के दौरान जिला अस्पतालों में बनाए गए 10-10 बिस्तरों वाले आईसीयू, वेंटिलेटर और ऑक्सीजन संयंत्र जैसी सुविधाओं को स्थायी रूप से सक्रिय रखा जाए. इन सुविधाओं का नियमित परीक्षण और आवश्यकतानुसार रखरखाव सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य सेवा प्रणाली से जुड़े अन्य कार्यों में भी प्रशिक्षित कर प्रभावी रूप से उपयोग में लाया जाए, क्योंकि कोविड-19 के दौरान इनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है.
कुछ राज्यों में बढ़े कोरोना के मामले
मुख्यमंत्री ने संचारी रोगों की रोकथाम के संबंध में भी संबंधित विभागों को सतर्क करते हुए कहा कि डेंगू, मलेरिया और कालाजार जैसे मौसमी रोगों से निपटने के लिए अभी से तैयारियां प्रारंभ कर दी जाएं. बता दें कि देश के कुछ राज्यों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. दुनिया में एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं. इस कारण हर तरफ चिंता दिख रही है. सिंगापुर और हांगकांग में हाहाकार जैसी स्थिति बन गई है. इस बीच भारत सरकार ने भी समय रहते अपनी तैयारियों की समीक्षा की है. बीती रात दिल्ली में इसको लेकर एक हाईलेवल मीटिंग भी हुई.
Prashant Rai is a seasoned journalist with over seven years of extensive experience in the media industry. Having honed his skills at some of the most respected news outlets, including ETV Bharat, Amar Ujala, a…और पढ़ें
Prashant Rai is a seasoned journalist with over seven years of extensive experience in the media industry. Having honed his skills at some of the most respected news outlets, including ETV Bharat, Amar Ujala, a… और पढ़ें