कौशांबी सड़क दुर्घटना: बाइक और ट्रैक्टर की सीधी भिड़ंत, 4 युवकों की मौत

0
कौशांबी सड़क दुर्घटना: बाइक और ट्रैक्टर की सीधी भिड़ंत, 4 युवकों की मौत


Last Updated:

Kaushambi Road Accident: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों के चिराग बुझा दिए. करारी थाना क्षेत्र के महराजगंज में गुरुवार रात एक अनियंत्रित बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई. हादसे के वक्त बाइक पर 5 दोस्त सवार थे, जिनमें से दो सगे भाइयों समेत 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. एक युवक गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच और चालक की तलाश कर रही है.

Zoom

Kaushambi Road Accident: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है. यहां करारी थाना क्षेत्र के महराजगंज के पास गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों के चिराग बुझा दिए. तेज रफ्तार बाइक और बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच हुई इस सीधी भिड़ंत में दो सगे भाइयों समेत चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है.

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, करारी कोतवाली क्षेत्र के घनपरा गांव के रहने वाले राहुल, आकाश और अमन अपने दोस्त छोटू (निवासी थाभा) और मध्य प्रदेश से आए रिश्तेदार विकास के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर मीरपुर की ओर जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी. जैसे ही वे महराजगंज गांव के पास पहुंचे, सड़क पर मौजूद एक गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे जा घुसी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों युवक ट्रैक्टर के भारी पहियों के नीचे दब गए. मौके पर ही राहुल, आकाश, अमन और छोटू की सांसें थम गईं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

एक ही घर से उठी दो अर्थियां, गांव में पसरा सन्नाटा
इस हादसे में घनपरा गांव के महेश कुमार के दो जवान बेटों, साहिल और अमन की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. एक ही घर से दो बेटों के शव उठने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पिता महेश और अन्य रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव का हर शख्स इस अनहोनी से स्तब्ध है.

पुलिस की कार्रवाई और फरार ड्राइवर
हादसे के तुरंत बाद मौका पाकर ट्रैक्टर चालक ट्रॉली को वहीं छोड़कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) सत्य नारायण प्रजापत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने गंभीर रूप से घायल विकास कैथवाल को तुरंत जिला अस्पताल (मेडिकल कॉलेज) में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच क्षेत्राधिकारी मंझनपुर को सौंप दी है. पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

नियमों की अनदेखी पर पुलिस पर भी गिर सकती है गाज
एसपी सत्य नारायण प्रजापत ने इस घटना पर दुख जताते हुए ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर भी सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि एक ही बाइक पर पांच लोगों का सवार होना नियमों का बड़ा उल्लंघन है. एसपी ने निर्देश दिए हैं कि इस बात की जांच की जाए कि रास्ते में तैनात पीआरबी या पुलिसकर्मियों ने इन युवकों को क्यों नहीं रोका. यदि पुलिस की ओर से कोई लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित पुलिसकर्मियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

About the Author

authorimg

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *