गड्ढा मुक्त सड़क या सिर्फ फोटोशूट? मऊ में PWD के काम पर उठे बड़े सवाल
मऊ: उत्तर प्रदेश सरकार दावा कर रही है कि पूरे प्रदेश को गड्ढा मुक्त कर दिया गया है, लेकिन मऊ में इन दावों की हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है. पीडब्ल्यूडी विभाग पर सड़क मरम्मत में अनियमितता और कमियां छिपाने के गंभीर आरोप लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग ने ऐसा कारनामा किया है, जिसे सुनकर और देखकर हर कोई हैरान है. आइए जानते हैं कि मऊ में आखिर ऐसा क्या हुआ, जिससे पीडब्ल्यूडी विभाग सवालों के घेरे में आ गया.
पीडब्ल्यूडी विभाग के कारनामे से हर कोई हैरान
लोकल 18 से बातचीत में शमशाबाद गांव निवासी सोचन यादव ने बताया कि यह सड़क करहा मिल से शमशाबाद होते हुए मऊ मुख्यालय तक जाती है. इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है. वर्षों से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए थे. बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था.
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद सड़क मरम्मत का काम शुरू किया गया. आरोप है कि विभाग ने गड्ढों में बड़े-बड़े गिट्टी के पत्थर (गिट्टी) डालकर उनकी फोटोग्राफी कराई. इसके बाद उन्हीं गिट्टियों को वहां से उठाकर दूसरे गड्ढों में डाल दिया गया और फिर वहां भी फोटो खींची गई. इसी तरह एक ही गिट्टी का इस्तेमाल अलग-अलग स्थानों पर फोटो खिंचवाने के लिए किया गया. ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग अपनी कमियां छिपाने के लिए ऐसा कर रहा है. उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत यदि की जा रही है, तो उसे स्थायी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि सड़क जल्द खराब न हो.
सिर्फ कागजों में ही सिमट जाएगा गड्ढा मुक्त सड़क का दावा
स्थानीय निवासी रामकुमार कन्नौजिया ने बताया कि यह सड़क वर्षों से जर्जर हालत में थी. काफी विरोध-प्रदर्शन के बाद सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन विभाग की कार्यशैली ने सभी को हैरान कर दिया.
उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े गड्ढों को भरने के लिए पहले उनमें गिट्टी डाली गई और उसकी फोटोग्राफी की गई. इसके बाद उसी गिट्टी को उठाकर दूसरे गड्ढों में डाल दिया गया और वहां भी फोटो खींच ली गई. उनका कहना है कि इससे केवल कागजों में सड़क को गड्ढा मुक्त दिखाया जाएगा, जबकि जमीनी हकीकत जस की तस बनी रहेगी. उन्होंने बताया कि सड़क पर जगह-जगह फैली गिट्टी के कारण लोग फिसलकर घायल भी हो रहे हैं.
ग्रामीण बोले- घटिया निर्माण नहीं होने देंगे
वसीम अहमद, अरविंद कुमार सरोज समेत कई ग्रामीणों ने कहा कि यदि पीडब्ल्यूडी विभाग सड़क का निर्माण करा रहा है, तो उसे पूरी गुणवत्ता के साथ कराया जाए. यदि घटिया तरीके से निर्माण किया गया तो ग्रामीण इसका विरोध करेंगे.
ग्रामीणों का कहना है कि फिलहाल उन्होंने सांकेतिक विरोध किया है, लेकिन यदि विभाग ने उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे. उनका कहना है कि यदि सड़क की मरम्मत सही तरीके से नहीं की गई, तो कुछ ही समय में यह फिर से जर्जर हो जाएगी और लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ेगी. वर्तमान में भी सड़क पर जगह-जगह गिट्टी बिखरी होने के कारण लोग गिरकर घायल हो रहे हैं. ग्रामीणों की मांग है कि सड़क का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ कराया जाए, अन्यथा अधूरा और दिखावटी काम न किया जाए.