घर पर ही बनाएं तुलसी के लिए जादुई स्प्रे, पौधा रहेगा हमेशा हरा-भरा और स्वस्थ
Last Updated:
तुलसी का पौधा न केवल धार्मिक दृष्टि से पवित्र माना जाता है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद है. खाली पेट तुलसी की पत्तियों का सेवन कई बीमारियों से छुटकारा दिला सकता है. लेकिन, बरसात के मौसम में कीटों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे तुलसी के पौधे झड़ने या खराब होने का खतरा रहता है. ऐसे में इसे हरा-भरा रखने के लिए आप घर पर ही कपूर का मिश्रण तैयार करके तुलसी की पत्तियों पर स्प्रे कर सकते हैं.
हिंदू धर्म में तुलसी का पौधा अत्यंत पवित्र माना जाता है. तुलसी की पत्तियां स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लोग सुबह खाली पेट तुलसी की पत्तियां खाकर कई बीमारियों से राहत पाते हैं.

बरसात के मौसम में कीटों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे तुलसी की पत्तियां झड़ने लगती हैं. यदि इस दौरान सही देखभाल न की जाए तो तुलसी का पौधा पूरी तरह सूख सकता है. हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे का सूखना अशुभ माना जाता है.

बरसात के मौसम में तुलसी के पौधे को कीड़ों से बचाने के लिए कपूर बेहद कारगर उपाय माना जाता है. कपूर की छोटी गोली को तुलसी के गमले की मिट्टी में दबा दें, कुछ ही दिनों में पौधा फिर से हरा-भरा नजर आने लगेगा.

कपूर में पाए जाने वाले एंटीसेप्टिक और एंटीफंगल गुण तुलसी के पौधे को कीटों और रोगों से बचाते हैं. इसके अलावा, कपूर तुलसी की सुगंध को बढ़ाता है, जिससे इसके औषधीय गुण और भी प्रभावी हो जाते हैं.

सबसे पहले 1 लीटर पानी में कपूर की गोली डालें और उसे उबालें. लगभग 1 घंटे तक मिश्रण को ठंडा होने दें. इसके बाद इसे स्प्रे बोतल में भरकर सुबह और शाम तुलसी के पौधे की पत्तियों पर छिड़कें.

ध्यान रखें कि इस मिश्रण को सिर्फ पत्तियों पर ही नहीं, बल्कि तुलसी की जड़ों के पास भी स्प्रे करना जरूरी है. इसे 20 से 30 दिनों तक लगातार सुबह और शाम तुलसी पर छिड़कते रहें, इससे मानसून के मौसम में लगने वाले कीट और कीड़ों से तुलसी का पौधा सुरक्षित रहेगा.