चश्मे ने नाक पर छोड़ दिए काले निशान? ये कमाल के घरेलू नुस्खे अपनाते ही हो जाएंगे छूमंतर
Last Updated:
Spectacle Marks on Nose Removal Tips: आजकल मोबाइल और लैपटॉप के ज्यादा इस्तेमाल से चश्मा लगाने वालों की तादाद तेजी से बढ़ रही है. लेकिन लगातार चश्मा पहनने से नाक पर काले निशान पड़ जाते हैं, जो चेहरे का लुक बिगाड़ देते हैं. रामपुर के आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद इकबाल के अनुसार, चश्मे के फ्रेम की रगड़ और दबाव इसका मुख्य कारण है. उन्होंने इससे निपटने के लिए कुछ आसान घरेलू उपाय बताए हैं, जिससे इन निशानों को हमेशा के लिए ठीक किया जा सकता है. आइए जानते हैं क्या है वो आसान उपाय.
रामपुर: आज के दौर में मोबाइल, लैपटॉप पर लगातार काम करने और पढ़ाई के चलते चश्मा लगाने वाले लोगों की संख्या बहुत बढ़ गई है. कई लोग तो दिनभर चश्मा पहनकर रखते हैं. लेकिन लंबे समय तक चश्मा लगाने की वजह से एक आम समस्या सामने आती है, वह है नाक पर पड़ने वाले काले निशान. बहुत से लोगों की शिकायत होती है कि चश्मा हटाने के बाद नाक के दोनों तरफ गहरे धब्बे दिखने लगते हैं, जो समय के साथ और ज्यादा गहरे हो जाते हैं.
जानिए क्यों पड़ते हैं नाक पर ये काले धब्बे
रामपुर के आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद इकबाल बताते हैं कि जब चश्मे का फ्रेम हर वक्त नाक की त्वचा से सटा रहता है, तो उसका लगातार दबाव बना रहता है. ऐसे में चलते-फिरते या पसीना आने पर फ्रेम और त्वचा के बीच हल्की-हल्की रगड़ होती है. इसी रगड़ की वजह से नाक पर काले निशान या दाग पड़ जाते हैं. हालांकि, कुछ आसान घरेलू उपायों और त्वचा की नियमित देखभाल से इन निशानों को बहुत आसानी से हल्का किया जा सकता है.
एलोवेरा, शहद और आलू का रस दिखाएगा कमाल
डॉ. इकबाल के मुताबिक, इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए घर में ही कई असरदार चीजें मौजूद हैं. एलोवेरा जेल त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद है क्योंकि इसमें नमी देने वाले प्राकृतिक गुण होते हैं जो त्वचा को स्वस्थ रखते हैं. इसी तरह आलू का रस भी चेहरे के दाग-धब्बों को कम करने के लिए जाना जाता है. इसके अलावा शहद भी त्वचा की हीलिंग में मदद करता है और इसके इस्तेमाल से काले निशान धीरे-धीरे साफ होने लगते हैं.
टमाटर और संतरे के छिलके भी हैं मददगार
नाक के काले निशानों को दूर करने में टमाटर का रस भी बहुत उपयोगी माना जाता है. यह त्वचा की मृत कोशिकाओं यानी डेड स्किन को हटाने का काम करता है, जिससे त्वचा साफ और ताजगी भरी दिखती है. वहीं, संतरे के छिलके भी इस मामले में काफी कारगर हैं. डॉक्टर का कहना है कि संतरे के छिलकों में मौजूद प्राकृतिक तत्व त्वचा की रंगत को बेहतर बनाने और कालेपन को दूर करने में पूरी तरह सहायक होते हैं.
चश्मे की फिटिंग बदलना भी है बेहद जरूरी
डॉक्टर मोहम्मद इकबाल ने एक बहुत जरूरी सलाह देते हुए कहा कि केवल घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय चश्मे की फिटिंग पर भी ध्यान देना चाहिए. अगर चश्मा बहुत ज्यादा टाइट है या उसका वजन ज्यादा है, तो नाक पर दबाव और रगड़ बढ़ जाती है जिससे निशान गहरे होते जाते हैं. इसलिए हमेशा हल्के फ्रेम और सही फिटिंग का चश्मा ही चुनें. अगर ये निशान लंबे समय तक ठीक न हों या वहां जलन-खुजली हो, तो स्किन डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें