जमकर बरसेंगे मेघ,नोएडा से झांसी तक काले बादल जानें IMD का लेटेस्ट अपडेट
आईएमडी की ओर से मिले ताजा अपडेट के मुताबिक,31 अगस्त को पश्चिमी यूपी में बारिश की अच्छी संभावना है.जबकि पूर्वी यूपी के कई जिलों में बादलों की आवाजाही थोड़ी देखने को मिलेगी.वहीं कई जिलों में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वानुमान है कि सहारनपुर,शामली,मुजफ्फरनगर,बागपत,मेरठ,अलीगढ़,मथुरा,हाथरस,कासगंज,एटा,आगरा,फिरोजाबाद,मैनपुरी,इटावा,औरैया,बिजनौर,अमरोहा,मुरादाबाद,रामपुर,बरेली,पीलीभीत,जालौन,महोबा,झांसी,ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी हुआ है.
रविवार को राजधानी लखनऊ में भी बारिश वाले बादल छाएं रहेंगे.अनुमान है आज बारिश लखनऊ वालों को तरबतर कर सकती है.इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 26 डिग्री के करीब रहने का अनुमान है. वहीं नोएडा में भी आज मौसम सुहावना होगा. आसमान में काले बादल दिखेंगे लेकिन भारी बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं है.
वाराणसी-अयोध्या में ऐसा रहेगा मौसम
धर्म नगरी काशी में आज मौसम सामान्य रहने वाला है.यहां हल्की बारिश की भी संभावना है.वहीं रामनगरी अयोध्या में भी आज बादलों की परेड दिखाई देगी.इस दौरान वहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.
दो दिन बरसेंगे बदरा,गिरेगा तापमान
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दो दिनों तक यूपी के अलग अलग जिलो में अच्छी बारिश की उम्मीद दिख रही है. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आएगी.